सोने से सरकार को हुई सबसे बड़ी कमाई, खजाने में आए ₹10,463 करोड़




सोने से सरकार को हुई सबसे बड़ी कमाई, खजाने में आए ₹10,463 करोड़
धरती छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति- सोना, चांदी और प्लैटिनम के आयात पर बढ़ाई गई कस्टम ड्यूटी से सरकार को महज कुछ महीनों में बड़ी कमाई हुई है. 13 मई से 2 अगस्त के बीच इन कीमती धातुओं के आयात पर सरकार ने कुल 10,463 करोड़ रुपये की कस्टम ड्यूटी वसूली है. वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को लोकसभा में ये जानकारी दी है. सरकार को बढ़ी हुई कस्टम ड्यूटी से सबसे ज्यादा राजस्व सोने के आयात से मिला है. आंकड़ों के मुताबिक:-सोना: ₹10,040 करोड़।चांदी: ₹328 करोड़।प्लैटिनम: ₹95 करोड़कुल: ₹10,463 करोड़।यानी कुल राजस्व में अकेले सोने की हिस्सेदारी करीब 96 फीसदी रही है.सरकार ने 13 मई से सोने और चांदी पर कस्टम ड्यूटी को 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया था. वहीं, प्लैटिनम पर ड्यूटी 6.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 15.4 प्रतिशत की गई थी. इसके अलावा गोल्ड और सिल्वर, सिक्कों और फाइंडिंग्स जैसे संबंधित उत्पादों पर भी शुल्क में बदलाव किया गया. सरकार का मुख्य उद्देश्य गैर-जरूरी आयात को नियंत्रित करना और विदेशी मुद्रा की बचत करना था. कच्चे तेल, उर्वरक, औद्योगिक कच्चे माल और कैपिटल गुड्स जैसी जरूरी वस्तुओं के आयात के लिए विदेशी मुद्रा उपलब्ध रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. वेस्ट एशिया में तनाव और होर्मुज से जुड़े रणनीतिक संकट के बीच कच्चे तेल और खाद्य पदार्थों के आयात की लागत बढ़ने से भी सरकार पर दबाव बढ़ा था. सरकार ने सोने की तस्करी के खिलाफ भी कार्रवाई तेज की है. वित्त राज्य मंत्री के मुताबिक, 13 मई से 30 जून के बीच 161 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त किया गया और 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया. भारत दुनिया में चीन के बाद सोने का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है. देश में आभूषणों की मजबूत मांग के कारण बड़ी वॉल्यूम में सोने का आयात होता है. ऐसे में कस्टम ड्यूटी बढ़ाने का एक अहम मकसद सोने के आयात को नियंत्रित करना और विदेशी मुद्रा के ऑउटफ्लो को कम करना भी है.







