शक्ति जिले में निजी उर्वरक व्यापारियों पर कृषि विभाग की बड़ी कार्यवाही।कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्ती, बिना नवीनीकरण उर्वरक व्यापार करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही। 1 जून को बंदोरा में हुआ समाधान शिविर. 3 जून को अचानकपुर में होगा शिविर. जिला कलेक्टर तोपनो के निर्देशन में जिले में हो रहा सुशासन तिहार के समाधान शिविरों का आयोजन





शक्ति जिले में निजी उर्वरक व्यापारियों पर कृषि विभाग की बड़ी कार्यवाही।कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर सख्ती, बिना नवीनीकरण उर्वरक व्यापार करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही। 1 जून को बंदोरा में हुआ समाधान शिविर. 3 जून को अचानकपुर में होगा शिविर. जिला कलेक्टर तोपनो के निर्देशन में जिले में हो रहा सुशासन तिहार के समाधान शिविरों का आयोजन
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर सक्ती-कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं उप संचालक कृषि श्री तरुण कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा नकली खाद निर्माण, खाद की कालाबाजारी एवं अधिक कीमत पर बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से विगत दिवस जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय टीम द्वारा निजी उर्वरक व्यापारियों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेसर्स कमल खाद भंडार, प्रोपराइटर श्री फुलसाय राठौर, ग्राम नंदौरकला तथा मेसर्स अजय कृषि केन्द्र, प्रोपराइटर श्री अजय बहादुर सिंह राठौर, ग्राम नंदौरकला, विकासखंड सक्ती में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। जांच में पाया गया कि दोनों प्रतिष्ठानों द्वारा प्राधिकार प्रमाण पत्र की अवधि समाप्त होने के बाद बिना नवीनीकरण के उर्वरकों का व्यापार किया जा रहा था। इस पर उपलब्ध उर्वरकों को जब्त कर संबंधित फर्म संचालकों की सुपुर्दगी में रखा गया। मेसर्स कमल खाद भंडार के गोदाम से 20:20:0:13 उर्वरक की 120 बोरी, पोटाश की 10 बोरी, यूरिया की 3 बोरी तथा जिंकेटेड एसएसपी की 3 बोरी सहित कुल 136 बोरी बरामद की गई। वहीं मेसर्स अजय कृषि केन्द्र के गोदाम से एसएसपी पाउडर की 50 बोरी, एसएसपी दानेदार की 39 बोरी, 20:20:0:13 की 40 बोरी, पोटाश की 4 बोरी तथा यूरिया की 70 बोरी सहित कुल 203 बोरी खाद बरामद हुई। जब्त सामग्री को कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। निरीक्षण दल द्वारा यह भी पाया गया कि फर्म संचालकों द्वारा स्टॉक पंजी का समुचित संधारण नहीं किया जा रहा था तथा किसानों को दिए जाने वाले बिलों में आवश्यक हस्ताक्षर नहीं कराए जा रहे थे। इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कृषि विभाग के अनुसार खरीफ सीजन में किसानों को उचित मूल्य पर उच्च गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए विकासखंडों में कार्यरत उर्वरक एवं कीटनाशी निरीक्षकों को निजी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 03 जून अचानकपुर में समाधान शिविर का होगा आयोजन।शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को किया जाएगा लाभान्वित।कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त
शक्ति -मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत जिले में 1 मई से 10 जून 2026 तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत माध्यमिक शाला अचानकपुर में 03 जून 2026 को समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। जारी आदेशानुसार जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत आयोजित अचानकपुर समाधान शिविर में ग्राम अचानकपुर, सोनगुढा, धनुपर, सकरेलीखुर्द, बोकरामुडा, मोहगांव, पतेरापालीकलों, देवरी, देवरमाल, जामपाली, गहरीनमुडा, ऋषभतीर्थ, घुईचुवा, बरपालीकला, सेंदरी, बासीन, पुटेकेला, चमराबरपाली, एवं असौदा ग्राम पंचायत क्लस्टर शामिल रहेंगे। शिविर के सफल संचालन हेतु नोडल उप पंजीयक, सहकारी संस्थाए जिला सक्ती को अचानकपुर शिविर स्थल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है
किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज कराया जा रहा उपलब्ध, गुणवत्ता सुनिश्चित करने सतत निगरानी जारी।सहकारी समितियों में खाद-बीज का पर्याप्त भंडारण, शासकीय अवकाश दिवसो मे भी किया जा रहा वितरण*
सक्ती-कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं उप संचालक कृषि श्री तरुण कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय निरीक्षण दल द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। जिले में पदस्थ निरीक्षकों द्वारा सहकारी एवं निजी क्षेत्रों से लगातार नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं, ताकि किसानों को गुणवत्ताहीन खाद एवं बीज प्राप्त न हो सके। कार्यालय उपसंचालक कृषि से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में वर्तमान में डबल लॉक केंद्र एवं सहकारी समितियों में यूरिया 10,165 मीट्रिक टन, डीएपी 1,892 मीट्रिक टन, पोटाश 652 मीट्रिक टन, एनपीके 4,455 मीट्रिक टन तथा एसएसपी 955 मीट्रिक टन सहित कुल 18,119 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है। वहीं जिले की 96 समितियों में 18,404.70 क्विंटल धान बीज का भंडारण किया जा चुका है।कृषि विभाग ने किसानों से आवश्यकतानुसार खाद एवं बीज का उठाव करने की अपील की गई है। कृषि विभाग द्वारा सभी सहकारी समितियों को अवकाश के दिनों में भी किसानों के लिए खाद उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। उप संचालक कृषि श्री तरुण कुमार प्रधान ने बताया कि खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए विकासखंडों में कार्यरत उर्वरक एवं कीटनाशी निरीक्षकों को निजी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान सामग्री उपलब्ध हो सकेगी तथा कृषि कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी
समाधान शिविर में दिव्यांग सुभाष कुमार को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
शक्ति -मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में आमजनों की समस्याओं और मांगों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत गांव-गांव में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। मालखरौदा विकासखंड के ग्राम बंदोरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में दिव्यांग हितग्राही सुभाष कुमार चंद्रा की समस्या का तत्काल समाधान किया गया। अस्थि बाधित होने के कारण उन्हें आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन दिया था। आवेदन प्राप्त होते ही समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर स्थल पर ही उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने पर सुभाष कुमार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा और उन्हें दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया
बंदोरा में आयोजित सुशासन तिहार में हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, पीएम आवास, राशन कार्ड सहित अन्य विभिन्न विभागीय योजनाओं से किया गया लाभान्वित।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए बंदोरा में समाधान शिविर किया गया आयोजित।20 ग्राम पंचायत के पहुंचे ग्रामीणजन, प्राप्त 487 आवेदनों में से 209 आवेदनों का मौके पर हुआ त्वरित समाधान
शक्ति -मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज मालखरौदा विकासखंड के ग्राम पंचायत बंदोरा में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। क्लस्टर बंदोरा शिविर में 20 ग्राम पंचायत बंदोरा, मंद्रागोढ़ी, गोरखापाली, डिक्सी, मोहंदीकला, आड़िल, नौरंगपुर, औरदा, सुलौनी, सोनादुला, कटारी, आमनदुला, मोहतरा, नवागांव, पोता, सकर्रा, बुंदेली, ढिमानी, करिगांव एवं दर्राभांठा से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें कुल 487 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 209 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। शेष 278 आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया तथा ग्रामीणों को शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। बंदोरा में आयोजित सुशासन तिहार में विभिन्न पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, पीएम आवास, राशन कार्ड, टेबलेट, मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल, स्वाइल हेल्थ कार्ड, जाल वितरण सहित अन्य विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया और शासन की योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। साथ ही शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा उपस्थित नागरिकों को विभाग अन्तर्गत संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विषयवार विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन ने कहा कि सुशासन तिहार छत्तीसगढ़ शासन की बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है। जिससे शासन प्रशासन ग्रामीणजनों के नजदीक पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही है। इसी उद्देश्य से आज बंदोरा में समाधान शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने शिविर स्थल पर उपस्थित सभी नागरिकों से इस कार्यक्रम का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेने का आग्रह किया। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि आज बंदोरा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं से संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। जिसका लाभ इस क्षेत्र के नागरिक ले सकते हैं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी ग्रामीण जनों को कार मोटरसाइकिल आदि वाहन चलाते समय दुर्घटना से बचने के लिए उपाय बताते हुए जागरूक किए। इसके साथ ही उन्होंने सभी को मोबाइल फोन का सही तरीके से उपयोग करने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए लोगों को किसी भी प्रकार के लालच में आए बिना और अजनबी व्यक्तियों के काल, मैसेज आदि से बचने के लिए जागरूक किया, जिससे डिजिटल फ्रॉड से बचा जा सके।
बंदोरा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में शिक्षा विभाग द्वारा गणवेश वितरण, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड वितरण, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड वितरण, समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन प्रमाण पत्र, टैबलेट वितरण एवं दिव्यांग व्यक्तियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आवास योजना के हितग्राहियों को आवास स्वीकृती की चाबी सौंपी गई। इसके साथ ही शिविर स्थल पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत विभिन्न स्व सहायता समूह की दीदियों को बैंक लिंकेज की राशि का चेक वितरण किया गया, कृषि विभाग द्वारा स्वाइल हेल्थ कार्ड, बीज वितरण, श्रम विभाग द्वारा श्रम पंजीयन कार्ड वितरण, मत्स्य पालन विभाग द्वारा जाल वितरण साथ ही अन्य विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलाया गया।इसके अतिरिक्त इस अवसर पर आयुर्वेद विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके साथ ही जनसमस्या निवारण शिविर में छत्तीसगढ़ शासन जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पत्रिका जनमन, सुशासन के नवीन आयाम, विकसित भारत के बढ़ते कदम आदि प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया। समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुधन विकास विभाग, राजस्व विभाग, आबकारी विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खाद्य विभाग, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, श्रम विभाग, मत्स्य पालन विभाग, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। शिविर में विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण, सरपंच, सचिव, स्व. सहायता समूहो के सक्रिय महिला सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन आदि उपस्थित रहे।









