शक्ति जिला शिक्षा विभाग के सहयोग से महिला बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित होगी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता,7 फरवरी को होगा आयोजन, टेमर में CSR के तहत प्राथमिक शाला का हुआ लोकार्पण, कलेक्टर साहब एवं जिला शिक्षा अधिकारी रही मौजूद




शक्ति जिला शिक्षा विभाग के सहयोग से महिला बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित होगी बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजनांतर्गत जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता,7 फरवरी को होगा आयोजन, टेमर में CSR के तहत प्राथमिक शाला का हुआ लोकार्पण, कलेक्टर साहब एवं जिला शिक्षा अधिकारी रही मौजूद
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-भारत में प्रतिवर्ष विभिन्न विभागों में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा एक लाख से अधिक शासकीय पदों पर भर्ती की जाती है (एसएससी, बैंकिंग, रेलवे, पीएससी, व्यापम इत्यादि)। इन पदों हेतु आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं का मूल पाठ्यक्रम सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, गणित एवं अंग्रेजी भाषा पर आधारित होता है। यदि विद्यार्थी कक्षा 9वीं से 12वीं तक केवल अवेयरनेस स्तर पर तथा स्नातक स्तर पर नियमित तैयारी करें, तो शासकीय सेवा में चयन की संभावना अत्यधिक बढ़ जाती है। वर्तमान में अधिकांश विद्यार्थी केवल नीट एवं आईआईटी-जेईई को ही करियर विकल्प के रूप में देखते हैं। इस कारण शासकीय सेवाओं की तैयारी के प्रति प्रारंभिक स्तर पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं अभिमुखीकरण नहीं हो पाता। इस तथ्य के दृष्टिगत यह आवश्यक है कि विद्यार्थी शासकीय सेवा को भी एक व्यवहारिक एवं सम्मानजनक करियर विकल्प के रूप में देखा जा सकता है।उक्त उद्देश्य की पूर्ति हेतु जिला शिक्षा विभाग शक्ति के सहयोग से महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सक्ती द्वारा ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले के समस्त हायर सेकेंडरी विद्यालयों में वर्ष में तीन बार (प्रत्येक चार माह में एक बार) जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में दिनांक 07 फरवरी को जिले के समस्त हायर सेकेंडरी विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाते हुए कक्षा 9वीं एवं 11वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, इसलिए इस वर्ष यह प्रतियोगिता केवल कक्षा 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।परीक्षा में सामान्य अध्ययन, बौद्धिक योग्यता, गणित, अंग्रेजी भाषा तथा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर आधारित वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुधाकर बोदले द्वारा जानकारी दी गई कि सक्ती जिले के 135 शासकीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं में 8000 तथा कक्षा 11वीं में 5000 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस प्रकार कुल 13,000 विद्यार्थियों के लिए यह प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को जिला स्तर पर आयोजित समारोह में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
बैंक की सीएसआर पहल: कलेक्टर ने किया टेमर प्राथमिक शाला का लोकार्पण, शिक्षा को मिली नई दिशा, जिला शिक्षा अधिकारी मैडम भी रही उपस्थित
सक्ती;कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने बैंक की पैन इंडिया कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत ग्राम टेमर स्थित प्राथमिक शाला का आज विधिवत एवं गरिमामयी रूप से लोकार्पण किया। नव सुसज्जित विद्यालय के उद्घाटन अवसर पर पूरे परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला और बच्चों के चेहरों पर खुशी व उत्साह स्पष्ट झलक रहा था। इस अवसर पर कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की मजबूत नींव है। इस प्रकार की सीएसआर पहलें ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता को नई दिशा देती हैं और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होती हैं। उन्होंने बैंक की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा की। क्षेत्रीय प्रबंधक श्री आदर्श श्रीवास्तव ने कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल वित्तीय सेवाएं प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज के समग्र विकास में सक्रिय योगदान देना भी है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना बैंक द्वारा देशभर में संचालित सीएसआर गतिविधियों की श्रृंखला का हिस्सा है। नव निर्मित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय को देखकर बच्चों में पढ़ाई के प्रति विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया तथा बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। लोकार्पण कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदिनी बाघ द्विवेदी, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री आदर्श श्रीवास्तव तथा सक्ती शाखा के मुख्य प्रबंधक, बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षकगण आदि उपस्थित रहे।



