शक्ति जिले में 7 करोड़ की लागत से बनेगी 12 किलोमीटर लंबी सड़क- जिले के युवाओं को मिलेगा रोजगार. 30 अक्टूबर को होगा रोजगार मेला. जवाहर नवोदय विद्यालय में नवमी एवं 11वीं में एंट्री के लिए 25 अक्टूबर को होगी ऑनलाइन परीक्षा



शक्ति जिले में 7 करोड़ की लागत से बनेगी 12 किलोमीटर लंबी सड़क- जिले के युवाओं को मिलेगा रोजगार. 30 अक्टूबर को होगा रोजगार मेला. जवाहर नवोदय विद्यालय में नवमी एवं 11वीं में एंट्री के लिए 25 अक्टूबर को होगी ऑनलाइन परीक्षा
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -राज्य शासन द्वारा सक्ती जिले में सड़क अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग द्वारा पोता मुख्य मार्ग से मोहतरा बस्ती होते हुए नवागांव, सारसडोल, भठोरा, पिहरिद मेन रोड से सतगढ़ बोरई नदी तक सड़क निर्माण कार्य के लिए 667.47 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस कार्य के अंतर्गत लगभग 12.15 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। सड़क निर्माण होने से संबंधित ग्रामों एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम होगा। ग्रामीणों को आवागमन के लिए बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होने के साथ किसानों को कृषि उपज के परिवहन, विद्यार्थियों को शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंचने तथा आम नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।लोक निर्माण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों को प्रारंभ करने के लिए आवश्यक तकनीकी स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया एवं अन्य विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी। इसके पश्चात नियमानुसार निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस सड़क निर्माण से क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी तथा ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलने से दैनिक जीवन में सहूलियत होगी
मतदाता सूची में पात्र नागरिको, युवाओं व पहली बार मतदान करने वालों को जोड़ने चलाया जा रहा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम
शक्ति -भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम की घोषणा की गई है। इस पुनरीक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसी भी कारण से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए छुटे हुए पात्र नागरिको, विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों का शत प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करना है।निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण एवं पुनर्गठन 02 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे-आपत्तियां ली जाएंगी।इनका निराकरण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा। 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकेंगे। इसके अलावा 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे। मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, आपत्ति दर्ज करने के लिए फॉर्म-7 तथा विवरणों में संशोधन एवं स्थानांतरण व दिव्यांग चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 में आवेदन किया जा सकता है। प्रवासी मतदाता प्रारूप-6A के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। नागरिक https://voters.eci.gov.in पोर्टल, ECINET मोबाइल एप अथवा बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से आवेदन एवं जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण जांच लें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर 11 दिसंबर 2026 तक दावा आपत्ति प्रस्तुत करें। उप जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार प्रारूप (प्रारंभिक) मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को किया जाएगा। सभी पात्र नागरिकों से अपील किया गया है कि वे 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप (प्रारंभिक) मतदाता सूची में अपने विवरण की जांच अवश्य करेंगें यदि प्रारूप (प्रारंभिक) मतदाता सूची में नाम शामिल न हो पाया हो तो नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 (प्रवासी मतदाताओं के लिए 6A) में दावा प्रस्तुत किया जा सकता है अथवा प्रारूप (प्रारंभिक) मतदाता सूची में शामिल किसी अपात्र नाम को विलोपित/नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 में तथा संशोधन, स्थानांतरण व दिव्यांग चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 में दावा प्रस्तुत किया जा सकता है। दावा आपत्ति प्रस्तुत करने के लिए समय-सीमा 12 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 निर्धारित है।ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से अपने बूथ लेवल अधिकारी से बात करने के लिए बुक ए कॉल विद ए बीएलओ में कॉल रिक्वेस्ट भी भेज सकते है। ऐसे सभी पात्र नागरिक जिनका नाम किसी भी कारण से मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका हो और 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे सभी पात्र युवा, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाये जा रहे इस विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपना नाम पंजीकरण कराने हेतु अवश्य आवेदन करें।
समावेशी दृष्टिकोण:- उप जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों (PWD) महिलाओं, बेघर व कमजोर वर्गों के पंजीकरण के लिए विशेष शिविर व जिला एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर सहायता केंद्र (Help Desk) स्थापित किए जाएंगे।
अपील :- लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 के अंतर्गत : ERO (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकरी) के किसी भी निर्णय के विरूद्ध. लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 (a) के तहत जिला मजिस्ट्रेट के पास अपील की जा सकती है। इसके अलावा, प्रथम अपीलीय प्राधिकारी के निर्णय के विरूद्ध धारा 24 (b) के तहत CEO (मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी) के पास दूसरी अपील की जा सकती है।
ईपिक कार्ड :- पंजीकरण के बाद हर मतदाता ECINET ऐप के जरिए अपना e-EPIC डाउनलोड कर सकता है। इसके लिए मतदाता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए एक लिंक भेजा जाता है। जो लोग पहले से मतदाता है, वे भी ECINET मोबाइल एप्लिकेशन या पोर्टल के जरिए अपना e-EPIC डाउनलोड कर सकते है। EPIC की एक फिजिकल कॉपी मतदाताओं तक स्पीड पोस्ट या BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) के जारिए पहुंचाई जाएगी
जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 9वीं एवं 11वीं की लैटरल एंट्री परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन जानकारी सुधारने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर तकसक्ती-जवाहर नवोदय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के दौरान कक्षा 9वीं एवं 11वीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली लैटरल एंट्री परीक्षा-2027 हेतु पंजीकृत परीक्षार्थियों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी में सुधार करने का अवसर दिया गया है। परीक्षार्थी अपनी जानकारी में आवश्यक सुधार 25 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन कर सकते हैं। नवोदय विद्यालय समिति द्वारा जारी निर्देशानुसार, पंजीकृत परीक्षार्थी ग्रामीण, शहरी क्षेत्र, लड़का, लड़की, दिव्यांगता, वर्ग, समुदाय तथा परीक्षा के माध्यम (हिन्दी व अंग्रेजी) से संबंधित जानकारी में सुधार के लिए समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9 अथवा https://cbseitms.nic.in/2026/nvsxi_11 पर ऑनलाइन लॉगिन कर सुधार सकते हैं। निर्धारित तिथि 25 अक्टूबर 2026 के बाद व्यक्तिगत जानकारी में सुधार करना संभव नहीं होगा। अतः सभी पंजीकृत परीक्षार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपनी जानकारी की जांच कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करें।
30 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई सक्ती में होगा रोजगार मेला।निजी क्षेत्र के 5 नियोजकों द्वारा विभिन्न पदों पर की जाएगी भर्ती
शक्ति -जिला रोजगार कार्यालय जांजगीर द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), सक्ती में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस, भारतीय जीवन बीमा निगम, श्रीराम फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड जांजगीर, फाइंड दक्ष भिलाई तथा स्टार आदर्श होम हेल्थ केयर सर्विस सोसायटी रायपुर के नियोजकों द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में फील्ड ऑफिसर, बीमा सखी, टू व्हीलर फाइनेंसर, बैंक असिस्टेंट, सिक्योरिटी गार्ड, वेल्डर, हाउसकीपिंग स्टाफ एवं केयरटेकर के पदों पर भर्ती की जाएगी। पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता 8वीं, 10वीं, 12वीं, स्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण निर्धारित है। वेतनमान 7,000 से 18,000 रुपये प्रतिमाह तक रहेगा। रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय सक्ती से संपर्क किया जा सकता है।





