नैनों से अब नैन मिल गए किसानों के-नैनो उर्वरक के प्रति शक्ति जिले के किसानों का बड़ा विश्वास-कम लागत में किसानों को मिल रहा अधिक उत्पादन.किसानों ने कहा- नैनों से बढ़िया नहीं है कोई उर्वरक


नैनों से अब नैन मिल गए किसानों के-नैनो उर्वरक के प्रति शक्ति जिले के किसानों का बड़ा विश्वास-कम लागत में किसानों को मिल रहा अधिक उत्पादन.किसानों ने कहा- नैनों से बढ़िया नहीं है कोई उर्वरक
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन किसानों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। किसानों को समय पर खाद-बीज, उन्नत कृषि आदान एवं नवीन तकनीकों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिसका सकारात्मक प्रभाव अब खेतों में दिखाई देने लगा है। सक्ती जिले के ग्राम खम्हारडीह निवासी किसान श्री भुवन चंद्रा आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। लगभग 1.5 एकड़ कृषि भूमि में धान की खेती करने वाले भुवन चंद्रा का मानना है कि अच्छी फसल के लिए केवल मेहनत ही नहीं, बल्कि सही समय पर सही तकनीक और उर्वरकों का उपयोग भी आवश्यक है। इसी सोच के साथ उन्होंने पिछले वर्ष अपनी फसल में नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया का प्रयोग किया। इसके सकारात्मक परिणामों को देखते हुए वे इस वर्ष भी नैनो उर्वरकों का उपयोग करने जा रहे हैं। उनका कहना है कि नैनो उर्वरकों के प्रयोग से पौधों का विकास बेहतर होता है, पोषक तत्वों का संतुलित उपयोग संभव होता है तथा फसल उत्पादन में वृद्धि की संभावना बढ़ती है। भुवन चंद्रा बताते हैं कि पहले पारंपरिक उर्वरकों पर अपेक्षाकृत अधिक खर्च करना पड़ता था, जबकि नैनो उर्वरकों के उपयोग से लागत कम करने में मदद मिल रही है। इससे खेती अधिक किफायती और लाभकारी बन रही है। साथ ही शासन द्वारा समय पर खाद-बीज एवं अन्य कृषि आदान उपलब्ध कराए जाने से खेती की तैयारियां भी सुचारू रूप से हो रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए शासन द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

