कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप का बड़ा बयान-जिला प्रशासन को अपनी शक्तियों का उपयोग जनहित में करना चाहिए ना कि किसी व्यक्ति को टारगेट कर अनावश्यक कार्रवाई करने के लिए. मामला व्यास जी के विधायक प्रतिनिधियों पर हुई कार्रवाई का




व्यास कश्यप का बयान-जिला प्रशासन को अपनी शक्तियों का उपयोग जनहित में करना चाहिए ना कि किसी व्यक्ति को टारगेट कर अनावश्यक कार्रवाई करने के लिए. मामला व्यास जी के विधायक प्रतिनिधियों पर हुई कार्रवाई का
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक व्यास कश्यप ने कहा है की जिला प्रशासन को अपनी शक्तियों का उपयोग जनहित में करना चाहिए ना कि किसी व्यक्ति को टारगेट कर अनावश्यक कार्रवाई करने के लिए. विधायक जी ने कहा कि सत्ता के अहंकार में शक्तियों का दुरुपयोग लोकतंत्र नहीं तानाशाही मानसिकता का परिचायक है. पद स्थाई नहीं होते. लेकिन अन्याय हमेशा याद रहता है। सरकारें तो बदलती रहती हैं, हर अधिकारी के कामकाज का होगा हिसाब होगा। पूरा मामला विधायक प्रतिनिधि भुवनेश्वर केशरवानी के विरुद्ध जिलाबदर की अनुशंसा किए जाने का है। जांजगीर-चांपा जिला पुलिस की कार्रवाई से नाराज जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखा सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि प्रशासन जानबूझकर उनके विधायक प्रतिनिधियों को निशाना बना रहा है। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी उनके प्रतिनिधियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की गई है। पहले भैरव मिश्रा, फिर जितेंद्र दिनकर और अब भुवनेश्वर केशरवानी को निशाने पर लिया जा रहा है।विधायक ब्यास कश्यप ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि आखिर उनके प्रतिनिधियों के साथ ही इस तरह का व्यवहार क्यों किया जा रहा है? भैरव मिश्रा ने ऐसा कौन सा गंभीर अपराध कर दिया था, जिसके कारण उन्हें निशाने पर लिया गया? वहीं जितेंद्र दिनकर के मामले में पुलिस ने जानबूझकर उन्हें आर्म्स एक्ट के प्रकरण में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उन्हें करीब तीन महीने तक जेल में रहना पड़ा। विधायक ने सवाल उठाया कि जब न्यायालय से उन्हें राहत मिल गई, तो फिर बिना वजह गिरफ्तार करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई? किसी की जिम्मेदारी तय क्यों नहीं की गई?विधायक ने भुवनेश्वर केशरवानी के मामले को लेकर भी पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस मामले में मारपीट की घटना थी, उसमें सात-आठ अन्य लोगों के नाम भी जोड़ दिए गए और सामान्य मारपीट के प्रकरण को डकैती जैसे गंभीर मामले का रूप दे दिया गया। विधायक के मुताबिक, इस तरह की कार्रवाई से ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस निष्पक्ष जांच के बजाय किसी खास उद्देश्य से कार्रवाई कर रही है।ब्यास कश्यप ने प्रशासन को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारें हमेशा बदलती रहती हैं, लेकिन अधिकारियों को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियोंऔर निष्पक्ष कार्यप्रणाली का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में कुछ अधिकारी कुछ लोगों के इशारे पर काम कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों को यह नहीं भूलना चाहिए कि सत्ता स्थायी नहीं होती और प्रशासनिक पद पर रहते हुए किए गए कार्यों की जवाबदेही भी तय होती है। विधायक ने दो टूक कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन किसी भी अधिकारी को राजनीतिक दबाव में आकर कानून और प्रशासनिक शक्तियों का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए। भुवनेश्वर केशरवानी के विरुद्ध जिलाबदर की अनुशंसा के बाद अब यह मामला केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि राजनीतिक टकराव का रूप लेता दिखाई दे रहा है। विधायक ब्यास कश्यप ने जिस तरह अपने पूर्व प्रतिनिधियों के मामलों का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं, उससे आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं। वहीं अब इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से आने वाली प्रतिक्रिया और जिलाबदर की अनुशंसा पर होने वाली आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
भुवनेश्वर सहित 7 आरोपियों को पुलिस ने आत्मसमर्पण के बाद किया गिरफ्तार
जांजगीर चांपा विधायक ब्यास कश्यप के आरोपों के बीच पुलिस ने डायल-112 वाहन में टक्कर मार हमला एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में विधायक प्रतिनिधि भुवनेश्वर केशरवानी सहित 07 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद डायल-112 वाहन को क्षतिग्रस्त कर डायल 112 टीम के साथ गाली-गलौज एवं हमला की गई थी। सभी 07 आरोपियों ने माननीय न्यायालय नवागढ़ में आत्मसमर्पण किया जिसके बाद पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार करन्यायिक रिमांड पर भेजा। पुलिस के अनुसार दिनांक 06.11.2026 की रात्रि लगभग 10:17 बजे थाना नवागढ़ की डायल-112 टीम को नवागढ़ में सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर वे डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंचे तथा दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे थार वाहन क्रमांक सीजी 11 बीएस 3187 के चालक ने डायल-112 वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद डायल-112 वाहन को रोककर पुलिसकर्मी जब वाहन का निरीक्षण कर रहे थे, तभी थार वाहन चालक भावेश केशरवानी ने अपने चाचा भुनेश्वर केशरवानी एवं अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। आरोपियों ने एकजुट होकर रास्ता रोकते हुए पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। डायल 112 टीम की सूचना रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 367/26, धारा 281, 296, 351(3), 115(2), 121(1), 132, 126(2), 221, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 23.11.26 को सभी सातों आरोपियों द्वारा माननीय न्यायालय नवागढ़ में आत्मसमर्पण किए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।





