बड़ी खबर- पति के प्रेम संबंध के चलते पत्नी मोना अग्रवाल ने 13 लाख की सुपारी देकर करवा दी एयर होस्टेस वर्षा की हत्या.पत्नी समेत 04 आरोपी रफ्तार. घटना के 5 दिनों बाद 19 नवंबर को हुआ पूरा खुलासा

बड़ी खबर- पति के प्रेम संबंध के चलते पत्नी मोना अग्रवाल ने 13 लाख की सुपारी देकर करवा दी एयर होस्टेस वर्षा की हत्या.पत्नी समेत 04 आरोपी रफ्तार

शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर

शक्ति – मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र पुलिस के लिए चुनौती बने एयर होस्टेस वर्षा तूरकर हत्याकांड की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है. महाराष्ट्र के गोंदिया जिले की स्थानीय अपराध शाखा (लोकल क्राइम ब्रांच) ने 19 नवंबर को इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया. पुलिस ने मृतिका के दोस्त नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना अग्रवाल समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.पुलिस की जांच में सामने आया है कि पति नितेश अग्रवाल और एयर होस्टेस वर्षा तूरकर के बीच कथित प्रेम संबंधों से नाराज होकर नितेश की पत्नी मोना ने वर्षा की हत्या की साजिश रची थी. इसके लिए कथित तौर पर 13 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी. इस पूरी साजिश में कार का जीपीएस लोकेशन अहम कड़ी बना, जिसके जरिए आरोपियों को वर्षा की लोकेशन मिली और उन्होंने जंगल में पहुंचकर उसकी हत्या कर दी.

एयर होस्टेस वर्षा तूरकर हत्याकांड का गोंदिया पुलिस ने किया खुलासा।पति के प्रेम संबंध बने हत्या की वजह

गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के मुताबिक, “पुणे जिले के धनोरी निवासी 35 वर्षीय वर्षा तूरकर दीपावली की छुट्टियों में अपने मायके ग्राम किन्ही, तहसील खैरलांजी, जिला बालाघाट आई हुई थी. वर्षा का गोंदिया निवासी नितेश अग्रवाल से परिचय था. दोनों के बीच नजदीकियों की जानकारी नितेश की पत्नी मोना अग्रवाल को थी. इसी बात को लेकर मोना नाराज थी. पुलिस जांच में सामने आया कि मोना ने अपने पति और वर्षा के कथित संबंधों से परेशान होकर वर्षा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी

13 लाख रुपए में तय हुई हत्या की सुपारी

गोंदिया के पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के अनुसार मोना अग्रवाल ने अपने घर के पास रहने वाले कुणाल श्यामलाल कुंभलकर की मदद से हत्या की साजिश को आगे बढ़ाया. कुणाल ने कथित तौर पर गोंदिया के शाहरुख पठान से संपर्क किया और वर्षा की हत्या के लिए 13 लाख रुपये की सुपारी तय की. इसके बाद शाहरुख ने अपने परिचित इमरान करीम शेख, नलेन उर्फ नायलन शेख और कृष राउत को इस वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी. पुलिस अब इस पूरे मामले में सुपारी की रकम के लेन-देन और अन्य साजिशकर्ताओं की भूमिका की जांच कर रही है

पत्नी मोना समेत 4 गिरफ्तार, 2 आरोपी फरार

इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू कार का जीपीएस बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को जब नितेश अग्रवाल वर्षा से मिलने बालाघाट जिले के खैरलांजी पहुंचा था, तब आरोपी उसकी कार का पीछा कर रहे थे. नितेश जिस चार पहिया वाहन से आया था, वह उसकी पत्नी मोना अग्रवाल के नाम पर था. कार में लगा जीपीएस मोबाइल एप के माध्यम से आरोपियों के मोबाइल पर सक्रिय था. इसी तकनीक के जरिए नितेश की कार की लोकेशन हासिल की गई.आरोप है कि जीपीएस लोकेशन के आधार पर मोटरसाइकिल सवार आरोपी नितेश की कार का पीछा करते हुए बोंद्रानी गांव के जंगल तक पहुंचे. उन्हें जानकारी थी कि नितेश वर्षा से मिलने आया है. इसके बाद शिव मंदिर के पास जंगल में वर्षा की लोकेशन मिलने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे वर्षा की मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

200 सीसीटीवी कैमरों की जांच से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए गोंदिया पुलिस अधीक्षक गोरख भामरेने स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक रेवचंद सिंघनजुड़े को आरोपियों की तलाश और हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए थे. इसके बाद पुलिस ने 6 अलग-अलग टीमें गठित कीं. इन टीमों ने पिछले 4 दिनों में घटनास्थल से तिरोड़ा, तिरोड़ा से खैरलांजी, खैरलांजी से वारासिवनी, वारासिवनी से बालाघाट और बालाघाट से गोंदिया तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले.सीसीटीवी फुटेज में 3 संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार नितेश अग्रवाल की कार का पीछा करते हुए दिखाई दिए. इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल एक्सपर्ट्स, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की. इसी क्रम में 19 नवंबर को इमरान करीम शेख (26 वर्ष), निवासी मुरी, गोंदिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई.

बालाघाट छुट्टी मनाने आई पुणे की एयरहोस्टेस की हत्या, दोस्त के साथ घूमने निकली थी।4 आरोपी गिरफ्तार, 2 की तलाश जारी

गोंदिया पुलिस अधीक्षक गोरख भामरे के मुताबिक, “इस मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें इमरान करीम शेख (26), शाहरुख फिरोज खान पठान (33), कुणाल श्यामलाल कुंभलकर (31) और मोना नितेश अग्रवाल (41) शामिल हैं. सभी गोंदिया जिले के निवासी बताए गए हैं. वहीं इस वारदात में शामिल बताए जा रहे 2 अन्य आरोपी नलेन उर्फ नायलन शेख और कृष राउत अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.”
गिरफ्तार आरोपियों को आगे की जांच के लिए दावनीवाड़ा पुलिस के सुपुर्द किया गया है. पुलिस अब हत्या की सुपारी के लिए तय की गई 13 लाख रुपये की रकम, उसकी वास्तविक अदायगी, जीपीएस लोकेशन साझा करने और वारदात में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल कर रही है.

6 दिन में सुलझी हत्या की गुत्थी

14 नवंबर 2026 को वर्षा तूरकर अपने दोस्त नितेश अग्रवाल के साथ गोंदिया से तिरोड़ा गई थी. वहां से लौटते समय शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच दोनों बोंद्रानी गांव में शिव मंदिर के पास जंगल क्षेत्र में रुके थे. इसी दौरान 3 अज्ञात हमलावरों ने वर्षा के पेट और पीठ पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी थी. मामले में 15 नवंबर को दावनीवाड़ा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.

Discover more from GL News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading