सक्ती जिले के स्वतंत्रता दिवस समारोह में अनुनय कॉन्वेंट स्कूल की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने हासिल किया प्रथम स्थान. मुख्य अतिथि के हाथों सम्मानित हुए विद्यालय के बच्चे. विद्यालय के डायरेक्टर योगेश साहू ने दी सभी बच्चों को शुभकामनाएं




जिला सक्ती स्वतंत्रता दिवस समारोह में अनुनय कॉन्वेंट स्कूल की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने हासिल किया प्रथम स्थान
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -जिला प्रशासन सक्ती द्वारा कलेक्ट्रेट ग्राउंड, जेठा में आयोजित 15 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस एवं ध्वजारोहण समारोह में अनुनय कॉन्वेंट स्कूल, सक्ती ने अपनी उत्कृष्ट विषय-आधारित सांस्कृतिक नृत्य-नाटिका के माध्यम से प्रथम स्थान प्राप्त किया। समारोह की मुख्य अतिथि माननीय सांसद कमलेश जांगड़े ने विद्यालय की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उन्हें प्रथम स्थान की शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।विद्यालय के मिडिल, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी के लगभग 140 विद्यार्थियों के विशाल दल ने “सुरक्षित और सशक्त समाज की ओर—सरकार के सख्त कदम” विषय पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं संवादों की पृष्ठभूमि पर लयबद्ध नृत्य व सशक्त अभिव्यक्तियों के माध्यम से नारी सम्मान, दहेज प्रथा के बहिष्कार तथा अपराधों पर कठोर प्रहार जैसे गंभीर सामाजिक विषयों को कलेक्ट्रेट मैदान पर सजीव रूप में प्रस्तुत किया।इस प्रस्तुति के माध्यम से सरकार के सख्त कानूनों, प्रशासनिक कार्रवाई और सामाजिक जागरूकता के समन्वय को रेखांकित करते हुए संदेश दिया गया कि स्वतंत्रता का अर्थ केवल पराधीनता से मुक्ति नहीं, बल्कि भय, अन्याय और सामाजिक कुरीतियों से मुक्त माहौल में जीने का अधिकार है।
कलेक्ट्रेट प्रांगण में संपन्न इस भव्य प्रस्तुति को सफल बनाने में शिक्षिकाओं—अपर्णा बोस, एकता पटेल, अंजलि देवांगन,मुस्कान देवांगन एवं विद्यालय की पूर्व शिक्षिका किरण चौहान के कुशल मार्गदर्शन व निर्देशन सहित पूरे शाला परिवार के सामूहिक प्रयास और विद्यार्थियों के उत्कृष्ट अनुशासन की अहम भूमिका रही।इस उपलब्धि पर विद्यालय के डायरेक्टर योगेश कुमार साहू ने कहा: “यह उपलब्धि हमारे विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और सामाजिक संवेदनशीलता का प्रमाण है। स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब समाज भय, अन्याय और कुरीतियों से मुक्त हो तथा प्रत्येक नागरिक कानून और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहे। हमारे विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से इसी जिम्मेदार और सशक्त भारत का संदेश दिया है।”विद्यालय परिवार ने इस ऐतिहासिक सफलता पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं






