प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद् बैठक, छत्तीसगढ़ के परितोष गोयल ने निभाई अहम भूमिका. कटघोरा के निवासी है पारितोष.पारितोष के कार्यों की बड़े मंचों पर भी होती है सराहना




प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में नीति आयोग की 11वीं शासी परिषद् बैठक, छत्तीसगढ़ के परितोष गोयल ने निभाई अहम भूमिका
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक में ‘विकसित भारत@2047 के लिए समावेशी मानव विकास’ विषय पर व्यापक मंथन किया गया। देश के सहकारी संघवाद को सशक्त बनाने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी 28 राज्यों के मुख्यमंत्री, 5 केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल/प्रशासक तथा केंद्रीय मंत्रिपरिषद के वरिष्ठ सदस्य शामिल हुए। लगभग आठ घंटे तक चली इस उच्चस्तरीय बैठक में मानव पूंजी विकास, रोजगार सृजन, उद्यमिता, स्वास्थ्य, पोषण, जल संरक्षण, ऊर्जा सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), साइबर सुरक्षा तथा विकसित भारत@2047 के रोडमैप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी सहित कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों ने भाग लिया। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने राज्यों के अनुभव, चुनौतियाँ और विकास संबंधी सुझाव साझा किए, जबकि केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय तथा साझा विकास दृष्टि पर विशेष बल दिया गया।नीति आयोग में कार्यरत परितोष गोयल ने इस महत्वपूर्ण बैठक में अहम जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा प्रस्तुत विचारों, सुझावों एवं निर्देशों का विस्तृत अभिलेखीकरण किया तथा बैठक की कार्यवाही और प्रमुख निष्कर्षों का आधिकारिक सार तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बैठक के दौरान हुई चर्चाओं और सुझावों को व्यवस्थित रूप से संकलित कर देश के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार किए गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के अवसरों का लाभ उठाने, साइबर धोखाधड़ी पर प्रभावी नियंत्रण, जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने, निवेश आकर्षित करने तथा युवा और नारी शक्ति को विकास की मुख्य धुरी बनाने पर बल दिया। उन्होंने विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग तथा सामूहिक प्रयासों को अत्यंत आवश्यक बताया।बैठक में विकसित भारत@2047 की परिकल्पना को साकार करने के लिए मानव पूंजी एवं भविष्य उन्मुख कौशल, उत्पादक रोजगार एवं उद्यमिता, स्वास्थ्य एवं पोषण तथा सामाजिक समानता एवं गरिमा जैसे प्रमुख आयामों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। सभी राज्यों ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।नीति आयोग में विजन एवं दीर्घकालिक विकास रणनीतियों पर तैयार किया गया विस्तृत कार्यवृत्त और चर्चा का सारांश भविष्य की नीति-निर्माण प्रक्रिया तथा केंद्र-राज्य समन्वय के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ दस्तावेज के रूप में उपयोग किया जाएगा


