जोश द टीम-शक्ति जिले में चलेगा स्वास्थ्य विभाग का टीबी मुक्त भारत अभियान- सीएमएचओ डॉक्टर पूजा अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम. दिल्ली से हेल्थ मिनिस्टर नड्डा जी ने किया अभियान का शुभारंभ




जोश द टीम-शक्ति जिले में चलेगा स्वास्थ्य विभाग का टीबी मुक्त भारत अभियान- सीएमएचओ डॉक्टर पूजा अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ कार्यक्रम.
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत ‘जोश’ (जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीमों के राष्ट्रीय शुभारंभ का कार्यक्रम आज नई दिल्ली में आयोजित किया गया। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा ने ‘जोश’ टीमों के राष्ट्रीय अभियान का आज शुभारंभ किया। इसका वर्चुअल प्रसारण कलेक्टोरेट सभाकक्ष में किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय टीबी मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी दिनों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से ‘जोश द टीम’ का शुभारंभ किया गया। इस टीम के माध्यम से टीबी मुक्त भारत अभियान से जुड़ी गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आजादी के समय भी टीबी जैसी बीमारी के कारण देश के प्रभावशाली लोगों की मृत्यु हुई है। ऐसे में देश को क्षय रोग मुक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैंकरा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना ही नहीं, बल्कि अधिक से अधिक लोगों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना भी है। उन्होंने अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं टीम के सदस्यों से सक्रिय भूमिका निभाते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसके साथ ही
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पूजा अग्रवाल और समाजसेवी एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता श्री चितरंजय पटेल ने भी संबोधित करते हुए जिले के युवाओं, माई भारत वॉलिंटियर्स, एनसीसी, एनएसएस आदि के युवाओं सहित सभी को टी बी मुक्त भारत बनाने के लिए जगरूकता, सहयोग व ऊर्जा के साथ सक्रिय भागीदारी की बात कही। अभियान के सक्ती जिला प्रभारी श्री विकास गबेल ने डिजिटल माध्यम से अभियान को प्रभावी बनाने के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना की जानकारी दी तथा अभियान की सफलता के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की। कार्यक्रम के दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान में योगदान सुनिश्चित करने वाले सरपंचों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात अपर कलेक्टर श्री पैंकरा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं उपस्थित सभी को टीबी मुक्त भारत अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने, जागरूकता कार्यक्रमों को गति देने तथा ‘जोश’ टीम के माध्यम से सक्रिय गतिविधियां संचालित करते हुए देश को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में कार्य करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर पालिका सक्ती के उपाध्यक्ष श्री भारत यादव, श्री भोजराम साहू, श्री गोविंद देवांगन, श्री मनोज सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री कीर्ति बड़ा सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायतों के सरपंच एवं सचिव तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता श्री देवाशीष बैनर्जी द्वारा किया गया।






