10 खबरें एक साथ-कलेक्टर के निर्देशन में शक्ति जिले में अवैध धान के छह प्रकरण दर्ज- कलेक्टर जय श्री जैन एवं एडीएम भगत ने किया धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण. 31 मैट्रिक टन धान की हुई खरीदी. जिले के बेरोजगारों को मिलेगा नया रोजगार

10 खबरें एक साथ-कलेक्टर के निर्देशन में शक्ति जिले में अवैध धान के छह प्रकरण दर्ज- कलेक्टर जय श्री जैन एवं एडीएम भगत ने किया धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण. 31 मैट्रिक टन धान की हुई खरीदी. जिले के बेरोजगारों को मिलेगा नया रोजगार

शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर

शक्ति -कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशानुसार खाद्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में अवैध धान खरीदी पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं निरीक्षण किया जा रहा है। किसी भी प्रकार के कोचियों बिचौलियों एवं अन्य माध्यमों से अवैध रूप से धान खपाने के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सक्ती मंडी के अंतर्गत कुल 6 प्रकरणों में 915 कट्टा 366 क्विंटल धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई है। इसमें विभिन्न स्थानों पर गोदामों में छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान रुखमणी, ग्राम नवापारा से 700 कट्टा 280 क्विंटल धान, अमित कुमार, ग्राम बोरदा से 55 कट्टा 22 क्विंटल धान, परशु राम, ग्राम नगरदा से 40 कट्टा 16 क्विंटल धान, राजेश श्रीवास, ग्राम जर्वे से 50 कट्टा 20 क्विंटल धान, शिवलाल राठौर, ग्राम सकरेली खुर्द से 35 कट्टा 14 क्विंटल धान एवं भुवन श्रीवास, ग्राम जर्वे से 35 कट्टा 14 क्विंटल धान जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। धान खरीदी कार्य को सुचारू पारदर्शी ढंग से बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गठित दल द्वारा अवैध धान खरीदी, भंडारण, परिवहन आदि गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी

कलेक्टर के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र आमगांव का किया निरीक्षण, धान खरीदी व्यवस्था का लिया जायजा

शक्ति -कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर श्री पोषक चौधरी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत ने धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने उपार्जन केंद्र आमगांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान उपार्जन कार्य के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए की गई तैयारियों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने समिति में संधारित विभिन्न प्रकार के रजिस्टरों एवं पंजीयों का अवलोकन किया तथा अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण एवं नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान उपार्जन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के लिए कहा, ताकि खरीदी कार्य सुचारू, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर धान खरीदी से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने उपार्जन केंद्र अकलसरा का किया निरीक्षण, धान खरीदी की तैयारियों का लिया जायजा

शक्ति -खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन द्वारा विगत दिवस जिला सहकारी बैंक बाराद्वार अंतर्गत उपार्जन केंद्र अकलसरा का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्र में उपस्थित धान खरीदी प्रभारी एवं ऑपरेटर को शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा किसानों को कोई परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर द्वारा अकलसरा धान खरीदी केंद्र में पहुंचे किसानों का अपनी उपस्थिति में धान खरीदी कार्य करवाकर उक्त केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ किया गया।कलेक्टर ने केंद्र में किसानों के लिए छायादार बैठने एवं पेयजल की व्यवस्था सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डीसीएस एवं पीवी रकबा संशोधन की संबंधित सूची समिति में रखकर प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला उप पंजीयक, जिला खाद्य अधिकारी, सहकारिता अधिकारी, तहसीलदार, धान खरीदी केंद्र प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी और किसान उपस्थित रहे।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के सुचारू संचालन एवं सतत निगरानी के लिए बनाया गया है कंट्रोल सेंटर.जिले में स्थापित डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर का संपर्क नंबर 07757-233162 जारी, किसान कर सकते हैं संपर्क

शक्ति -खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन एवं सतत निगरानी के लिए जिला विपणन कार्यालय में बनाए गए डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर के संपर्क नंबर 07757-233162 पर जिले के किसान धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण के लिए उक्त दूरभाष नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कंट्रोल सेंटर की भूमिका के संबंध में आवश्यक निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कंट्रोल सेंटर के सुचारू संचालन एवं धान खरीदी व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि 24 घंटे सतत निगरानी रखी जा सके और धान खरीदी के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी खरीदी केंद्रों में शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (DCCC) का उद्देश्य जिले में धान खरीदी व्यवस्था की सतत निगरानी करते हुए अवैध धान परिवहन एवं धान की रिसाइक्लिंग पर रोकथाम, चेक पोस्ट की मॉनिटरिंग तथा किसानों की समस्याओं की निगरानी एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है, ताकि किसानों से सुगमता एवं व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी की जा सके।

अकवान चक्रवात के प्रभाव से सक्ती जिले में हुई आकस्मिक वर्षा।जिले में 12.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

शक्ति -अकवान चक्रवात के प्रभाव से सक्ती जिले में आकस्मिक वर्षा दर्ज की गई है। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में आज की स्थिति में 12.3 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे के दौरान जिले की विभिन्न तहसीलों में अलग-अलग मात्रा में बारिश हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील सक्ती में 9.2 मि.मी., जैजैपुर में 9.0 मि.मी., मालखरौदा में 18.0 मि.मी., डभरा में 4.1 मि.मी., नया बाराद्वार में 25.2 मि.मी., अड़भार में 9.3 मि.मी., हसौद में 10.5 मि.मी., चंद्रपुर में 14.0 मि.मी. तथा भोथिया तहसील में 11.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है

जिले में अब तक 30.48 मीट्रिक टन धान की हुई खरीदी।खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जिले में 95,723 किसान पंजीकृत, धान के सुरक्षित भंडारण पर भी प्रशासन का विशेष जोर

शक्ति -खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सक्ती जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया जारी है। जिले में अब तक 16 किसानों द्वारा 10.2700 हेक्टेयर पंजीकृत रकबे का धान उपार्जन केंद्रों में विक्रय किया जा चुका है। इसके तहत अब तक कुल 30.48 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है। उल्लेखनीय है कि चालू खरीफ विपणन वर्ष में जिले में कुल 95,723 किसान पंजीकृत हैं, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 96,796.5370 हेक्टेयर है। जिले के लिए 5,37,846.91 मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के साथ ही उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसानों की उपज को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से सुरक्षित रखा जा सके। प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

बारिश, नमी और तेज हवाओं से बचाव के लिए उपार्जन केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें – कलेक्टर।कैप कवर, तिरपाल और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था के दिए निर्देश

शक्ति -खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और उपार्जित धान की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। संभावित मौसमी बदलाव को देखते हुए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जिला प्रशासन द्वारा दिए गए हैं। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कहा है कि बारिश, नमी और तेज हवाओं के कारण उपार्जित धान को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए। इसके लिए जिले की 96 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा भंडारित धान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। तेज हवाओं से धान के स्टैक को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने को कहा गया है। वहीं, जमीन की नमी और पानी के संपर्क से धान को बचाने के लिए पर्याप्त डनेज अर्थात चबूतरे, लकड़ी अथवा भूसे की परत की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उपार्जन केंद्रों के फड़ के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, नालियों की सफाई कराने तथा बारिश का पानी जमा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य प्रतिकूल मौसम में भी उपार्जित धान की गुणवत्ता बनाए रखना और उसे सुरक्षित रखना है

जिले में 23 से 25 नवंबर तक विभिन्न स्थानों पर प्लेसमेंट कैंप का होगा आयोजन।एसआईएस इंडिया लिमिटेड में सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर एवं सुरक्षा अधिकारियों की होगी भर्ती

शक्ति -जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसआईएस इंडिया लिमिटेड द्वारा 23 से 25 नवंबर तक जिले के विभिन्न स्थानों पर प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत सुरक्षा जवान, सुरक्षा सुपरवाइजर, सुरक्षा अधिकारी, एसआईटी एवं एस.एल.वी. पदों पर योग्यतानुसार भर्ती की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को जनपद पंचायत जैजैपुर, 24 नवंबर को शासकीय आईटीआई जैजैपुर तथा 25 नवंबर को शासकीय आईटीआई सक्ती में प्लेसमेंट कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण तथा आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 15 हजार से 37 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके साथ ही वार्षिक वेतन वृद्धि, प्रमोशन, सरकारी पेंशन, पीएफ, ग्रेच्युटी, बोनस, मेडिकल सुविधा, इंश्योरेंस एवं बच्चों की पढ़ाई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।इच्छुक अभ्यर्थी अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर प्लेसमेंट कैंप में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9399383132 एवं 8103841655 पर संपर्क किया जा सकता है।

महिला सशक्तिकरण HUB ने विद्यार्थियों को दी सरकारी नौकरी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी, 130 विद्यार्थियों ने लिया वस्तुनिष्ठ टेस्ट में भाग

शक्ति -महिला सशक्तिकरण HUB, सक्ती द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को जागरूक करने के साथ ही कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सेजस स्कूल, स्टेशन पारा सक्ती में जागरूकता एवं कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 130 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं, बाल अधिकारों तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इस दौरान बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, पोषण एवं स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित कैरियर काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों को भविष्य में सरकारी सेवाओं में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, बैंकिंग, सेना, पुलिस एवं रेलवे सहित अन्य क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि सरकारी सेवाओं में चयन के लिए आयोजित अधिकांश प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य ज्ञान (GK), रीजनिंग, गणित एवं अंग्रेजी जैसे विषय महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन विषयों के प्रति शुरुआती कक्षाओं से ही रुचि विकसित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की बुनियाद मजबूत करने के उद्देश्य से HUB द्वारा विद्यालयों में 30 प्रश्नों का वस्तुनिष्ठ (Objective) टेस्ट आयोजित किया जा रहा है। विद्यार्थियों में अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के लिए टेस्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र के साथ प्रतियोगिता दर्पण पत्रिका पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए पौष्टिक अल्पाहार के रूप में स्प्राउट्स भेल एवं तिल के लड्डू की व्यवस्था भी की गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व से जोड़ने का प्रयास किया गया। महिला सशक्तिकरण HUB की यह पहल विद्यार्थियों को विभागीय योजनाओं एवं कानूनों के प्रति जागरूक करने के साथ ही उनमें कैरियर के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण, प्रतियोगी परीक्षाओं की समझ तथा आत्मनिर्भर भविष्य के निर्माण की प्रेरणा विकसित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

Discover more from GL News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading