गरबा सीखने निकली 22 वर्षीय युवती से रेप, ई-रिक्शा ड्राइवर गिरफ्तार. मामला बिलासपुर शहर का. सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वाली युवतियों की सुरक्षा को लेकर मामले ने बढ़ा दी है चिंता




गरबा सीखने निकली 22 वर्षीय युवती से रेप, ई-रिक्शा ड्राइवर गिरफ्तार. मामला बिलासपुर शहर का. सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वाली युवतियों की सुरक्षा को लेकर मामले ने बढ़ा दी है चिंता
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्या गोयल की खबर
शक्ति -बिलासपुर में गरबा सीखने के लिए घर से निकली 22 वर्षीय युवती के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने युवती को कुंदन पैलेस छोड़ने का झांसा दिया और रास्ता बदलकर उसे सुनसान इलाके में ले गया। वहां डराने-धमकाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की शिकायत पर तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी रवि तिवारी के मुताबिक घटना 27 सितंबर की रात की बताई जा रही है। युवती गरबा सीखने के लिए कुंदन पैलेस जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में उसने नीले रंग के ई-रिक्शा क्रमांक CG 10 BU 9563 को रोका और चालक से उसे कुंदन पैलेस छोड़ने के लिए कहा। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शुरुआत में चालक ने उसे तय स्थान तक पहुंचाने की बात कही। इसके बाद वह रास्ते में युवती को बातों में उलझाए रहा। आरोप है कि चालक ने कुंदन पैलेस जाने के बजाय ई-रिक्शा को व्यापार विहार की ओर मोड़ दिया। इसके बाद वह युवती को एफसीआई गोदाम चौक के आगे रेलवे डिपो के गेट नंबर-3 की तरफ स्थित सुनसान इलाके में ले गया। युवती के अनुसार वहां पहुंचने के बाद चालक ने उसे डराया और धमकाया। आरोप है कि आरोपी ने उसका मुंह दबाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद पीड़िता ने तारबाहर थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता से आरोपी और ई-रिक्शा के संबंध में जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक मामला दर्ज होने के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था। तारबाहर पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। बाद में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान करन दरभे (23) के रूप में हुई है। वह सरकंडा क्षेत्र में रामाग्रीन सिटी के आगे खमतराई का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इसके बाद उससे घटना के संबंध में पूछताछ की गई और नियमानुसार गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। पीड़िता के बयान के आधार पर घटनास्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्ग की जानकारी जुटाई गई है। इसके अलावा ई-रिक्शा की आवाजाही और आरोपी की गतिविधियों से जुड़े तथ्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। फिलहाल तारबाहर थाना पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। घटना के बाद महिलाओं की सुरक्षा और रात के समय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने वाली युवतियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ी है।






