कलेक्टर तोपनों ने दिए निर्देश- तहसीलदार एवं जिला शिक्षा अधिकारी विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाने में लाये तेजी. शक्ति जिले के प्रशासनिक मुखिया की समय सीमा बैठक एवं जन दर्शन कार्यक्रम. विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर सख्त नजर आए कलेक्टर साहब


कलेक्टर तोपनों ने दिए निर्देश- तहसीलदार एवं जिला शिक्षा अधिकारी विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनाने में लाये तेजी
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलजनित रोगों की रोकथाम, किसानों के लिए खाद-बीज की उपलब्धता, जाति प्रमाण पत्र के कार्य, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 एवं सेवा सेतु एप के प्रकरणों सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर ने सभी तहसीलदार और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नये शैक्षणिक सत्र में जाति प्रमाण पत्र के कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए।समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने वर्तमान वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए जिले में आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियां पूर्ण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को संभावित जलभराव तथा अन्य आपदा परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने, बचाव दलों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाए तथा प्रशिक्षित तैराकों एवं बचाव उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रहे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके। बैठक में कलेक्टर ने विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को जिले मे निर्बाध विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुदृण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के आश्रम, छात्रावास, स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय कार्यालयों और जिलेवासियों से विद्युत संबंधी शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल तकनीकी दल मौके पर पहुंचे और त्वरित समस्या का समाधान करें।कलेक्टर ने जलजनित एवं संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन और सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत विभिन्न विभागों में निराकरण हेतु शेष आवेदनों का विभागवार विस्तृत समीक्षा किया। उन्होंने सुशासन तिहार अन्तर्गत प्राप्त सभी शेष आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और तेजी से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनो का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर ने आगामी खरीफ फसल सीजन के दृष्टिगत कृषि विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। किसानों को खाद, बीज एवं सिंचाई सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कृषि विभाग को खाद बीज वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए है। उन्होंने जिले में उर्वरकों एवं बीजों के भंडारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपलब्ध स्टॉक एवं भंडारण व्यवस्था की जानकारी ली। कलेक्टर ने किसानों को नैनो यूरिया एवं अन्य उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा इसके लाभों का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने और किसानो को जागरूक करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर ने जिले में अवैध रूप से खाद विक्रय एवं भण्डारण करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर द्वारा लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, पीएम सुर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना शहरी सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं.आज जनदर्शन में कुल 25 आवेदन हुए प्राप्त
शक्ति -जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।जनदर्शन में आज तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम किरारी निवासी श्री सुरेंद्र दास महंत ने उनकी मिट्टी की घर आंधी बरसात से क्षतिग्रस्त होने एवं मकान धसने के कारण शासन से सहायता राशि दिलाए जाने के सम्बन्ध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम नवापारा निवासी श्रीमती टकेश्वरी पटेल एवं श्री संतोष कुमार पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2.0 में नाम जुड़वाने के सम्बन्ध में, तहसील सक्ती अंतर्गत सक्ती निवासी श्री अमित एवं तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम नगरदा निवासी श्रीमती बधाई बाई ने राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के सम्बन्ध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम घुईचुवा निवासी श्रीमती बसंती सिदार ने ग्राम पंचायत घुईचुवा एवं आश्रित ग्राम बुढ़नपुर में अवैध शराब बिक्री रोक लगाने एवं आवश्यक कार्यवाही किए जाने के सम्बन्ध में, तहसील नया बाराद्वार अंतर्गत ग्राम कुरदा निवासी दुवासा सूर्यवंशी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि प्रदान कराने एवं मृत्यु उपरांत मिलने वाले सहयोग राशि प्रदान कराने के सम्बन्ध में, तहसील चंद्रपुर अंतर्गत ग्राम मड़वा निवासी श्रीमती कालिंदी मेहरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास योजना स्वीकृती के सम्बन्ध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम पतेरापाली निवासी श्री रामायण दास ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण 2.0 आवास सूची में नाम दर्ज कराने के सम्बन्ध में, तहसील डभरा अंतर्गत ग्राम फरसवानी निवासी श्रीमती गणेशी बाई यादव एवं तहसील डभरा अंतर्गत ग्राम चुरतेला निवासी श्रीमती जानकी बाई ने राशन कार्ड सुधरवाने के सम्बन्ध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम नवापारा खुर्द निवासी श्रीमती धनकुंवर यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना के सम्बन्ध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।

