26 नवंबर संविधान दिवस पर विशेष -भारतीय संविधान नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों का संवैधानिक अधिष्ठान. लोकतांत्रिक चेतना का आधार है भारत का संविधान

26 नवंबर संविधान दिवस पर विशेष -भारतीय संविधान नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों का संवैधानिक अधिष्ठान. लोकतांत्रिक चेतना का आधार है भारत का संविधान

शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर

शक्ति -भारतीय संविधान हमारी लोकतांत्रिक चेतना का आधार, राष्ट्रीय एकात्मता का सूत्र और नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों का संवैधानिक अधिष्ठान है। यह न्यायपूर्ण, समतामूलक और प्रगतिशील समाज की परिकल्पना को साकार करने का मार्ग प्रशस्त करता है। संविधान दिवस के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ।26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने वर्षों के गहन अध्ययन, व्यापक विमर्श और अथक परिश्रम के उपरांत भारतीय संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित किया। इसके निर्माण में देश के विभिन्न क्षेत्रों और विचारधाराओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने अपनी विद्वत्ता, अनुभव और दूरदृष्टि का योगदान दिया। प्रत्येक अनुच्छेद और प्रावधान पर गंभीर विचार-विमर्श, तार्किक संवाद और लोकतांत्रिक सहमति के माध्यम से एक ऐसे संविधान की रचना हुई, जिसने स्वतंत्र भारत की शासन व्यवस्था, लोकतांत्रिक संस्थाओं और राष्ट्र निर्माण की दिशा निर्धारित की।हमारा संविधान केवल विधिक प्रावधानों का संकलन नहीं, बल्कि भारत की सभ्यतागत चेतना, लोकतांत्रिक आकांक्षाओं और सामाजिक न्याय के संकल्प का जीवंत दस्तावेज है। इसमें निहित मौलिक अधिकारों, मूल कर्तव्यों और राज्य के नीति-निदेशक तत्वों ने नागरिक स्वतंत्रता, समान अवसर, सामाजिक समरसता और उत्तरदायी शासन की भावना को सुदृढ़ किया है। न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों के माध्यम से संविधान प्रत्येक नागरिक की गरिमा सुनिश्चित करने के साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति का पथ प्रशस्त करता है।

संविधान दिवस हमें अपने संवैधानिक आदर्शों और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रति सजग रहने तथा अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। आइए, हम संविधान की प्रस्तावना, उसके मूल भाव और मूल्यों को समझें तथा उन्हें अपने आचरण और जीवनचर्या में आत्मसात करें। यही हमारे लोकतंत्र को सशक्त बनाने और विकसित, समावेशी एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में हमारी सच्ची प्रतिबद्धता होगी

Discover more from GL News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading