आजादी की वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर दौड़ लगाई प्रशासनिक अधिकारियों ने- जिला पंचायत सीईओ जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद. भारत की एकता एवं अखंडता को सशक्त बनाने के लिए हुआ स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन




आजादी की वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर दौड़ लगाई प्रशासनिक अधिकारियों ने- जिला पंचायत सीईओ जैन सहित प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा हर घर तिरंगा अभियान के तहत सक्ती शहर में भव्य स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया गया। अटल परिसर सक्ती से सेजेस स्कूल सक्ती तक आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन सहित जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों, स्कूली छात्र-छात्राओं, आम नागरिकों एवं जिलेवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वतंत्रता दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान वंदे मातरम्, भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। हाथों में तिरंगा थामे जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं जिलेवासी गर्व के साथ कदमताल करते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान और समर्पण का भाव व्यक्त करते नजर आए। स्वतंत्रता दौड़ के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की शान और सम्मान का गौरवपूर्ण दृश्य देखने को मिला।कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने, अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को सशक्त बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैंकरा, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, स्कूली छात्र-छात्राएं, आम नागरिक एवं जिलेवासी उपस्थित रहे।






