शक्ति जिले में पशु क्रूरता रोकने बनेंगे सख्त नियम. कलेक्टर-एसपी ने ली बैठक,ओड़ेकरा में संपन्न हुआ समाधान शिविर.जिले की टॉपर दुनीशा साहू को किया गया सम्मानित. शक्ति जिले में सुशासन तिहार के समाधान शिविरों से हजारों लोग हो रहे लाभान्वित. कलेक्टर तोपनो साहब के मार्गदर्शन में व्यवस्थित ढंग से हो रहा शिविरों का आयोजन





शक्ति जिले में पशु क्रूरता रोकने बनेंगे सख्त नियम. कलेक्टर-एसपी ने ली बैठक,ओड़ेकरा में संपन्न हुआ समाधान शिविर.जिले की टॉपर दुनीशा साहू को किया गया सम्मानित
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया केवल की खबर
शक्ति -भारत सरकार जनजातीय कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार सक्ती जिला में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा “जनजातीय गरिमा उत्सव एवं जन भागीदारी अभियान” अंतर्गत विभिन्न आयोजन किया जा रहा है। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के 39 ग्रामों में मैदानी स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित विभागों द्वारा ग्रामों में पहुंचकर ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं का अवलोकन किया गया।अभियान के अंतर्गत ग्राम भ्रमण, पैदल यात्रा एवं जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया गया। साथ ही ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आजीविका एवं अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। प्राप्त जानकारी अनुसार जिले के सक्ती विकासखंड अंतर्गत 18 ग्राम, मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत 5 ग्राम, डभरा विकासखंड अंतर्गत 14 ग्राम एवं जैजैपुर विकासखंड अंतर्गत 2 ग्राम सहित कुल 39 ग्रामों में अभियान की गतिविधियां संचालित की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य जनजातीय समुदायों तक शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना एवं आमजन की सहभागिता को बढ़ावा देना है। आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियो का आयोजन किया जाना है।
प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के मॉडल उत्तर जारी, 30 मई तक दावा-आपत्ति आमंत्रित
शक्ति -मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रदेश में संचालित प्रयास बालक एवं कन्या आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा का आयोजन दिनांक 10 मई 2026, रविवार को किया गया था। उक्त परीक्षा के मॉडल उत्तर विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in पर प्रदर्शित कर दिए गए हैं। प्रयास आवासीय विद्यालयों की कक्षा 9वीं प्रवेश परीक्षा के संबंध में दावा एवं आपत्ति 30 मई 2026 को सायं 5:30 बजे तक आमंत्रित किए गए हैं। जिला सक्ती के परीक्षार्थियों को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने हेतु सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण सहित आवेदन जमा करना होगा। बिना प्रमाण के प्रस्तुत दावा-आपत्ति को पूर्णतः अमान्य किया जाएगा। प्राप्त दावा-आपत्तियों के परीक्षण उपरांत विषय विशेषज्ञों द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा तथा विषय विशेषज्ञों का निर्णय ही अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि डाक के माध्यम से भेजी गई दावा-आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए ओडे़केरा में समाधान शिविर हुआ आयोजित।20 ग्राम पंचायत के पहुंचे ग्रामीणजन, 906 में से 471 आवेदनों का मौके पर हुआ त्वरित समाधान।हितग्राहियों को किया गया विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित
शक्ति -मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज जैजैपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत ओडे़केरा में जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। क्लस्टर ओडे़केरा शिविर में 20 ग्राम पंचायत ओडे़केरा, कुटराबोड़, गाड़ामोर, जमडी, देवरघटा, पिसौद, बरदूली, मुक्ता, हरेठीकला, हरेठीखुर्द, भातमाहूल, रीवाडीह, सेंदरी, हरदीडीह,आमाकोनी, चोरभटठी, जर्वे, बहेराडीह बोईरडीह एवं परसाडीह से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें कुल 906 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 471 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। शेष 435 आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया तथा ग्रामीणों को शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। इस शिविर में जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विभागीय योजनाओं, उपलब्ध सेवाओं एवं आमजन को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर शासन की योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया।शिविर में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा है कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां आमजन अपनी समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखकर उसका त्वरित निराकरण करा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके। कलेक्टर श्री तोपनो ने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग, जल संसाधन विभाग को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली की अनावश्यक कटौती नहीं होनी चाहिए तथा ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में उसका त्वरित सुधार किया जाए। इसी प्रकार पेयजल संबंधी समस्याओं का भी शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याओं को सुनें और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। शासन की मंशा है कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और उन्हें योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।शिविर में शिक्षा विभाग द्वारा राज्य स्तर में टॉप 10 में शामिल जिले की कुमारी डुनिशा साहू को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, साथ ही 10वी 12वी में जैजैपुर विकासखंड स्तर में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया तथा अन्य स्कूली बच्चों को गणवेश वितरण, समाज कल्याण विभाग द्वारा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरण, टैब वितरण व श्रवण यंत्र का वितरण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र एवं प्रतीकात्मक रूप से चाबी सौंपी गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, मछली पालन विभाग द्वारा जाल एवं मत्स्य आइस बॉक्स का वितरण किया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की विषयवार विस्तृत जानकारी भी प्रदान की। इसके अतिरिक्त आयुर्वेद विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुधन विकास विभाग, राजस्व विभाग, आबकारी विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खाद्य विभाग, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, श्रम विभाग, मत्स्य पालन विभाग, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इस शिविर में जिला पंचायत सक्ती अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जनपद पंचायत जैजैपुर अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा परदेशी खूंटे, जनपद पंचायत जैजैपुर उपाध्यक्ष सीताराम चंद्रा, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सुशीला चंद्रा, जिला पंचायत सभापति व पूर्व विधायक श्री निर्मल सिन्हा, पूर्व विधायक श्री केशव चंद्रा, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, जनपद पंचायत सीईओ श्री संदीप कश्यप, तहसीलदार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण, क्लस्टर के सरपंच, सचिव, स्व. सहायता समूहो के सक्रिय महिला सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन आदि उपस्थित रहे
कलेक्टर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक की गई आयोजित, पशु क्रूरता रोकने लागू होंगे सख्त प्रावधान।पशु क्रूरता निवारण को लेकर जिला प्रशासन सख्त, आवारा पशुओं के संरक्षण एवं रेबीज नियंत्रण पर विशेष जोर
शक्ति -जिलास्तरीय पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक कलेक्टर एवं समिति के पदेन अध्यक्ष श्री अमृत विकास तोपनो की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 तथा भारत सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने समिति के सभी सदस्यों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जारी समस्त गाइडलाइन का गंभीरतापूर्वक पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं को वर्षा ऋतु पूर्व शासन द्वारा स्वीकृत गौशालाओं एवं गौधामों में शिफ्ट करने के निर्देश दिए। साथ ही नवगठित पशु क्रूरता निवारण समिति का पंजीयन रजिस्ट्रार फर्म्स एवं सोसायटी रायपुर, छत्तीसगढ़ से अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक एवं समिति के पदेन उपाध्यक्ष श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि पशु क्रूरता से संबंधित किसी भी घटना की जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान मवेशियों के अधिक एकत्र होने वाले एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर सांकेतिक बोर्ड लगाए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। बैठक में अतिरिक्त उपसंचालक पशुधन विकास विभाग डॉ. अशोक कुमार गबेल द्वारा समिति के सदस्यों को भारत सरकार द्वारा जारी पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960, 26 मार्च 2001 की अधिसूचना तथा संशोधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं उपसंचालक पशुधन विकास विभाग एवं पदेन सचिव डॉ. नदीम शम्स ने विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में एबीसी सेंटर की स्थापना, रेबीज नियंत्रण कार्यक्रम तथा आवारा पशुओं के व्यवस्थापन हेतु नवीन गौधामों के प्रस्ताव गौसेवा आयोग रायपुर को भेजे गए हैं। समिति के मनोनीत सदस्य श्री मयंक सिंह ठाकुर ने बताया कि गौसेवा समिति सक्ती द्वारा राष्ट्रीय राजमार्गों के दुर्घटनाजन्य स्थलों पर लगाए जाने हेतु सांकेतिक बोर्ड तैयार करवाए गए हैं, जिनका उपयोग दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सक्ती सीईओ श्री वासु जैन, वनमंडल अधिकारी जांजगीर-सक्ती श्री हिमांशु डोंगरे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी सक्ती, जिला शिक्षा अधिकारी सक्ती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार 2026-समाधान शिविर में दिव्यांग सुशीला कुमारी को मिली मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल।अब आवागमन हुआ आसान, सुशीला ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन को दिया धन्यवाद सक्ती-मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में आमजनों की समस्याओं और मांगों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत गांव-गांव में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जैजैपुर विकासखंड के ग्राम ओड़ेकेरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में दिव्यांग हितग्राही सुशीला कुमारी की समस्या का तत्काल समाधान किया गया। अस्थि बाधित होने के कारण उन्हें आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल के लिए आवेदन दिया था। आवेदन प्राप्त होते ही समाज कल्याण विभाग द्वारा शिविर स्थल पर ही उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने पर सुशीला कुमारी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान हो जाएगा और उन्हें दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।











