24 फरवरी की खास खबरें- सांसद कमलेश जांगड़े ने ली शक्ति जिले में निगरानी समिति की बैठक, पेट्रोल पंपों में निशुल्क हवा एवं साफ सुथरा शौचालय के दिए गए निर्देश, शक्ति कलेक्टर तोपनों के निर्देशन में जिला खनिज विभाग ने अवैध ईंट निर्माण पर करी बड़ी कार्रवाई, लाखों रुपए का पटवाया गया जुर्माना, किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल




सांसद कमलेश जांगड़े ने ली शक्ति जिले में निगरानी समिति की बैठक, पेट्रोल पंपों में निशुल्क हवा एवं साफ सुथरा शौचालय के दिए गए निर्देश, शक्ति कलेक्टर तोपनों के निर्देशन में जिला खनिज विभाग ने अवैध ईंट निर्माण पर करी बड़ी कार्रवाई, लाखों रुपए का पटवाया गया जुर्माना
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-लोकसभा क्षेत्र जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टोरेट स्थित सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ( दिशा समिति ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के अद्यतन स्थिति और प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि दिशा समिति की बैठक का उद्देश्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मिलकर जनता के हित मे कार्य करना है। बैठक में सांसद द्वारा जिले में संचालित सभी पेट्रोल पंप मे निःशुल्क हवा भरने और साफ सुथरा शौचालय के व्यवस्था की कमी को दूर कराने के निर्देश दिए। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को तत्काल जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालको को नोटिस जारी कर निःशुल्क हवा भरने और साफ सुथरा शौचालय के व्यवस्था सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा की जिले के जरूरतमंद, गरीब और कमजोर लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं का प्राथमिकता से लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन करने वाले सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद श्रीमती जांगड़े ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओ का ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाए। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि श्री संजय रामचंद्र, विधायक प्रतिनिधि सक्ती श्री गुलज़ार सिंह, विधायक प्रतिनिधि जैजैपुर श्री उमा शंकर चंद्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जनपद पंचायत मालखरौदा अध्यक्ष श्री कवि वर्मा, जनपद पंचायत जैजैपुर अध्यक्ष पुष्पा परदेशी खूंटे, सांसद द्वारा सभी मनोनित सदस्य, कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और समिति के सदस्यगण उपस्थित थे।
दिशा समिति की बैठक में सांसद श्रीमती जांगड़े ने सर्वप्रथम पिछले दिशा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के तहत किये गये कार्यवाही का पालन प्रतिवेदन की जानकारी विस्तारपूर्वक ली। बैठक मे सांसद द्वारा जल आवर्धन सक्ती अन्तर्गत सक्ती नगर मे पेयजल की सुविधा उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली तथा कार्य पूर्णता के बाद ही भुगतान कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कार्यो की समीक्षा करते हुवे जिले के सभी ब्लॉक मे चिरायु योजना अन्तर्गत चलित वाहनों के माध्यम से सभी बच्चों का जांच सुव्यवस्थित रूप से कराए जाने कहा। सांसद द्वारा जिले मे डायलिसिस, शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन आदि कार्यो की जानकरी ली गई। सांसद ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियो कर्मचारियो को आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान मे रखते हुवे पंप, पाइप आदि की किसी भी प्रकार की खराबी को जल्द सुधरवाकर व्यवस्थाये दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य प्रगतिरत कार्यो को गुणवत्तापुर्ण करने के निर्देश दिए। सांसद ने सभी विभागीय अधिकारियो को विभाग अन्तर्गत होने वाले विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमो में सभी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियो को अनिवार्य आमंत्रित करने कहा।दिशा समिति की बैठक में सांसद ने मनरेगा योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 अंतर्गत जनपदवार प्राप्त लक्ष्य, सृजित किए गए मानव दिवस, कार्य पूर्णता की स्थिति, कार्य अपूर्णता की स्थिति, मज़दूरी भुगतान की स्थिति, ई-केवायसी की प्रगति आदि की विस्तार से जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। सांसद ने पंचायत विभाग के कार्यो की समीक्षा करते हुवे स्व सहायता समूहों द्वारा किये जा रहे आजीविका मूलक कार्यो की जानकारी ली तथा स्व सहायता समूहों को ऋण, अनुदान वितरण आदि को जनप्रतिनिधियो की उपस्थिति मे कार्यक्रम आयोजित कराए जाने कहा। उन्होंने कृषि विभाग के उप संचालक को किसान हितैषी योजनाओं का सुव्यवस्थित संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसान कॉल सेंटर के संपर्क नंबर 18001801551 का सभी ग्राम पंचायतों में जमीनी स्तर पर ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार कराने के निर्देश दिए। जिससे जिले के किसान खेती किसानी से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने और उक्त नंबर पर सम्पर्क कर आवश्यक सुझाव ले सके,इसके साथ ही बैठक में सांसद श्रीमती जांगड़े द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, मानव विकास का लक्ष्य एवं प्राप्त उपलब्धि, समयबद्ध मजदूरी भुगतान की प्रगति, आधार बेस्ड भुगतान प्रणाली की प्रगति, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, एनआरएलएम बैंक लिंकेज की प्रगति, आरएफ व सीआईएफ का राशि वितरण एवं लक्ष्य, विकासखंडवार स्व सहायता समूह की जानकारी, सांसद आदर्श ग्राम योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत नवीनीकरण कार्य एवं स्वीकृत सड़कों की जानकारी सहित ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रूर्बन मिशन, ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, सांसद आदर्श ग्राम योजना, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, परम्परागत कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, कृषि अवसंरचना निधि योजना, कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन एजेंसी योजना, कृषि क्लिनीक और कृषि व्यवसाय केन्द्र योजना, किसान कॉल सेंटर, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आवास और शहरी मामलों के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), जल संसाधन विभाग अंतर्गत कमांड क्षेत्र विकास और जल प्रबंधन कार्यक्रम, त्वरित सिंचाई लाभ कार्यक्रम, जल निकायों की मरम्मत नवीनीकरण एवं पुनरुद्धार, सतही लघु सिंचाई, पशुपालन एवं डेयरी विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत एकीकृत बाल विकास योजना, बाल संरक्षण एवं सुरक्षा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, मिशन सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0, महिला सुरक्षा और संरक्षण वन स्टॉप सेंटर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, शिक्षा विभाग अंतर्गत मध्यान्ह भोजन योजना, समग्र शिक्षा, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का क्रियान्वयन, मत्स्य विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, श्रम एवं रोजगार विभाग अंतर्गत ई-श्रम पोर्टल आदि विभिन्न योजनाओं और कार्याे का विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए
कलेक्टर के निर्देशन में खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर की गई कार्यवाही
सक्ती-कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में एवं खनिज अधिकारी श्री के. के. बजारे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा जिला सक्ती के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध रूप से निर्माण किए जा रहे ईंट पर कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान ग्राम मंद्रागोढ़ी, सिंघनसरा, हरदी, बावनमुड़ी, डिक्सी, सिरली एवं सरायपाली में कुल 14 व्यक्तियों द्वारा ईंट निर्मित किया जाना पाया गया। जिस पर अलग-अलग भट्टों में कार्यवाही करते हुए कुल 4,61,410.00 रुपये खनिज मद में जमा कराया गया है। इसी तरह चन्द्रपुर में 02 हाईवा निम्नश्रेणी चूनापत्थर का बिना अभिवहन पास परिवहन करते हुए पाए जाने पर पुलिस अभिरक्षा में थाना चन्द्रपुर में रखा गया है,कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में 23 फरवरी 2026 को रात्रि कालीन भ्रमण के दौरान जिले के सभी क्षेत्रों में विशेष कर अवैध रेत उत्खनन पर निगरानी रखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों में करही, मिरौनी, कलमा, राधापुर क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया। उक्त स्थानों पर किसी प्रकार का अवैध चैन माउंटेन नहीं पाया गया। अवैध उत्खनन व परिवहन के प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में खनिजों के अवैध उत्खनन व परिवहन एवं भण्डारण पर खनिज अमले के द्वारा सतत कार्यवाही की जा रही है
कलेक्टर व सीईओ की अध्यक्षता में एक दिवसीय निर्यात उन्मुख कार्यशाला सम्पन्न,एपीईडीए कार्यशाला से सक्ती को मिला निर्यात का नया मार्ग, किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल
सक्ती-कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एपीईडीए इकाई रायपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा एपीईडीए (कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण) के तत्वावधान में, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) तथा नाबार्ड के सहयोग से “एफ.पी.ओ. हेतु निर्यात अवसरों पर संवेदनशीलता” विषय पर एक दिवसीय निर्यात उन्मुख कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के कृषकों, उत्पादक कंपनियों (एफपीओ) एवं उद्यमियों को निर्यात की संभावनाओं, गुणवत्ता मानकों तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार की आवश्यकताओं के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि सक्ती जिला कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादन की दृष्टि से समृद्ध है। यदि गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्यातोन्मुख उत्पादन किया जाए तो किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने एपीईडीए के दिशा-निर्देशों के पालन तथा अंतरराष्ट्रीय मांग के अनुरूप उत्पादन पर विशेष जोर देते हुए स्थानीय उत्पादों को ब्रांड पहचान दिलाकर राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार में स्थापित करने की आवश्यकता बताई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन ने अपने संबोधन में कहा कि पैकेजिंग और ब्रांडिंग उत्पाद की बाजार पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। आकर्षक, मानकीकृत एवं प्रमाणित प्रस्तुति से निर्यात की संभावनाएं बढ़ती हैं। उन्होंने एफपीओ एवं स्व-सहायता समूहों को संगठित रूप से कार्य करते हुए मूल्य संवर्धन और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। इस कार्यशाला में एपीईडीए के राज्य सलाहकार श्री आनंद कुमार ने विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि अनाज, फल एवं सब्जी उत्पादक यदि निर्धारित गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, लेबलिंग, निर्यात लाइसेंस तथा क्रेता-विक्रेता संपर्क की प्रक्रिया को समझकर कार्य करें, तो उन्हें वैश्विक बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकता है। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्यात प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजीकरण एवं संभावित बाजारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस कार्यशाला के माध्यम से जिले में निर्यात उन्मुख कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिससे सक्ती जिले के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलने की संभावनाएं सशक्त हुई हैं। कार्यक्रम में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, उपसंचालक कृषि, सहायक संचालक उद्यानिकी, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी, जिले के एफपीओ प्रतिनिधि एवं सदस्य, बिहान उत्पाद समूह के अध्यक्ष, राइस मिलर्स, एनआरएलएम (बिहान) के प्रभारी डीपीएम एवं बीपीएम सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
पीएसएस योजना के तहत दलहन-तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी, पंजीयन 28 फरवरी तक
सक्ती-प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान योजना के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीएसएस) के तहत दलहन एवं तिलहन फसलों की उपज हेतु सक्ती जिले में केंद्रीय एजेंसी नेफेड के माध्यम से छह समितियों—रगजा, मालखरौदा, बेल्हाडीह, पिहरीद, जैजैपुर एवं कोटमी को अधिसूचित किया गया है। इन समितियों के आसपास के किसान अपनी दलहन एवं तिलहन फसलों की उपज निर्धारित समर्थन मूल्य पर विक्रय कर सकेंगे। खरीफ विपरण वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मूंग, उड़द एवं मूंगफली फसल की उपज अवधि 25 दिसंबर से 24 अप्रैल 2026 तक अधिसूचित की गई है। वहीं रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत चना, सरसों एवं मसूर फसलों की खरीदी की जाएगी। योजना के तहत किसानों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है। दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीदी हेतु किसानों का एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य है तथा संबंधित फसल की गिरदावरी में प्रविष्टि दर्ज होना आवश्यक है। जिन किसानों की गिरदावरी में दलहन व तिलहन फसल अंकित होगी, उन्हीं से उपज की खरीदी की जाएगी। पंजीयन की अंतिम तिथि 01 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है। निर्धारित समर्थन मूल्य के अनुसार खरीफ वर्ष 2025-26 में मूंग का समर्थन मूल्य 8768 रुपये प्रति क्विंटल (अधिकतम सीमा 3 एकड़), उड़द 7800 रुपये प्रति क्विंटल (अधिकतम सीमा 3 एकड़) तथा मूंगफली 7263 रुपये प्रति क्विंटल (अधिकतम सीमा 7 एकड़) निर्धारित है। इसी प्रकार रबी वर्ष 2026-27 में चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल (अधिकतम सीमा 6 एकड़), सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल (अधिकतम सीमा 5 एकड़) तथा मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल (अधिकतम सीमा 2 एकड़) तय किया गया है। पंजीयन हेतु किसानों को आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका की छायाप्रति, बी-1 खसरा एवं फसल विवरण, बैंक पासबुक की छायाप्रति तथा एग्रिस्टेक पंजीयन प्रस्तुत करना होगा। प्रशासन द्वारा दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों से अपील की गई है कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए सहकारी समिति में समय पर पंजीयन कराएं। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है
महिला एवं बाल विकास विभाग सक्ती में सहायक ग्रेड-03 एवं भृत्य पदों पर आवेदन आमंत्रित
सक्ती-महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सक्ती अंतर्गत सहायक ग्रेड–03 के 2 पदों तथा भृत्य के 1 पद पर भर्ती हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। सहायक ग्रेड–03 के पदों में 1 पद अनुसूचित जाति वर्ग तथा 1 पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित है। इसके अतिरिक्त भृत्य का 1 पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित रखा गया है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी दिनांक 16 फरवरी 2026 से 02 मार्च 2026 तक सायं 5:30 बजे तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन केवल पंजीकृत डाक अथवा स्पीड पोस्ट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। निर्धारित समयावधि के पश्चात प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन पत्र कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, रीपा भवन, लवसरा रोड, जिला सक्ती (छ.ग.), पिन कोड 495689 के पते पर प्रेषित किए जाने हैं। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया तथा आवेदन पत्र का निर्धारित प्रारूप जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://sakti.cg.gov.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थियों से आग्रह है कि आवेदन करने से पूर्व विज्ञापन का अवलोकन अवश्य करें।




