खेत में दबा मिला 700 साल पुराना खजाना. खजाने में मिले 2314 सिक्को की प्रारंभिक जांच हुई पूर्ण




खेत में दबा मिला 700 साल पुराना खजाना
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -नेपाल के कपिलवस्तु जिले के बभनी क्षेत्र में खेत से मिले 2314 प्राचीन सिक्कों की प्रारंभिक जांच में बड़ा संकेत मिला है। कपिलवस्तु संग्रहालय के विशेषज्ञों का अनुमान है कि ये सिक्के दिल्ली सल्तनत के शासक अलाउद्दीन खिलजी के शासनकाल के हो सकते हैं।सिक्कों पर अंकित अरबी और फारसी लिपि के आधार पर यह प्रारंभिक निष्कर्ष निकाला गया है। हालांकि संग्रहालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वैज्ञानिक परीक्षण और विशेषज्ञों के विस्तृत अध्ययन के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
कपिलवस्तु संग्रहालय की प्रमुख शांति शर्मा ने बताया कि पुलिस की ओर से सौंपे गए तांबे के करुवे और उसमें मिले सभी 2314 सिक्कों की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली गई है। परीक्षण में प्रत्येक सिक्के का व्यास 1.4 से 1.8 सेंटीमीटर तथा वजन 3.13 से 3.26 ग्राम पाया गया। करुवे का व्यास 23 सेंटीमीटर और ऊंचाई 52 सेंटीमीटर है।
उन्होंने बताया कि सिक्कों पर अंकित लिपि और उनके स्वरूप का मिलान उपलब्ध ऐतिहासिक अभिलेखों से किया जा रहा है। प्रारंभिक अध्ययन के आधार पर इन्हें अलाउद्दीन खिलजी के शासनकाल का माना जा रहा है। ऐतिहासिक अभिलेख बताते हैं कि अलाउद्दीन खिलजी ने वर्ष 1297 से 1316 तक शासन किया था। इसी आधार पर विशेषज्ञ इन्हें 13वीं शताब्दी के आसपास का मान रहे हैं।
संग्रहालय प्रशासन के अनुसार अब सिक्कों की धातु, निर्माण तकनीक और अभिलेखों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही इनके वास्तविक काल, ऐतिहासिक महत्व और उस समय के व्यापारिक एवं सांस्कृतिक संबंधों के बारे में अंतिम निष्कर्ष सार्वजनिक किया जाएगा। फिलहाल सभी सिक्कों को संग्रहालय में सुरक्षित रखकर संरक्षित किया गया है।







