घर-घर नल का कनेक्शन-182 परिवारों को मिल रहा है 24 घंटे पानी. शक्ति विकासखंड में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जल जीवन मिशन योजना से बादली गांव की तस्वीर. घर-घर पहुंच रहा शुद्ध पेयजल। महिलाओं को अब सर पर बर्तन लेकर दूर नहीं जाना पड़ता पानी भरने




182 परिवारों को मिल रहा है 24 घंटे पानी. शक्ति विकासखंड में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जल जीवन मिशन योजना से बादली गांव की तस्वीर. घर-घर पहुंच रहा शुद्ध पेयजल। महिलाओं को अब सर पर बर्तन लेकर दूर नहीं जाना पड़ता पानी भरने
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित हर घर जल अभियान ने सक्ती जिले के विकासखंड सक्ती अंतर्गत ग्राम पंचायत सपनाईपाली के ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। ग्राम की कुल 831 जनसंख्या तथा 182 परिवारों को योजना के तहत 182 घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे प्रत्येक घर तक नियमित रूप से शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले उन्हें पेयजल के लिए कुओं एवं हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ता था। पानी भरने में अतिरिक्त मेहनत के साथ काफी समय भी व्यतीत होता था। कई बार पानी की गुणवत्ता अच्छी नहीं होने से जलजनित बीमारियों का भी सामना करना पड़ता था। अब जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर नल कनेक्शन मिलने से उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो गया है। ग्राम की निवासी श्रीमती दिलेश्वरी जांगड़े ने बताया कि सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत घर-घर नल से जल पहुँचाने की पहल से उनके परिवार का जीवन काफी आसान हो गया है। निर्धारित समय पर घर में नल के माध्यम से पानी उपलब्ध हो जाता है, जिससे वे अपने दैनिक कार्य एवं अन्य आवश्यक गतिविधियाँ समय पर कर पाती हैं। उन्होंने घर-घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी प्रकार श्रीमती धनेश्वरी जांगड़े ने बताया कि आज ग्राम के प्रत्येक घर में नल के माध्यम से नियमित रूप से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इससे महिलाओं एवं बालिकाओं को पानी लाने के कठिन कार्य से मुक्ति मिली है। अब वे अपने समय का उपयोग शिक्षा, परिवार की देखभाल तथा आजीविका संबंधी गतिविधियों में कर रही हैं। बच्चों को भी पानी लाने में समय व्यतीत नहीं करना पड़ता, जिससे उनकी पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। श्रीमती धनेश्वरी जांगड़े ने बताया कि पहले प्रतिदिन कई घंटे पानी लाने में लग जाते थे, लेकिन अब यह समय बचने लगा है। वे अब अपने बच्चों की पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पाती हैं तथा घर के अन्य कार्य भी आसानी से कर लेती हैं। स्वच्छ पेयजल मिलने से परिवार के स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है। पहले दूषित पानी के कारण बच्चों को पेट संबंधी बीमारियाँ हो जाती थीं, लेकिन अब ऐसी समस्याएँ काफी कम हो गई हैं। ग्राम सपनाईपाली में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित उच्चस्तरीय जलागार (ओवरहेड टैंक) के माध्यम से ग्रामीणों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। यह संरचना जल सुरक्षा, जनस्वास्थ्य तथा सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। श्रीमती दिलेश्वरी जांगड़े का कहना है कि जल जीवन मिशन ने उनके जीवन की पानी संबंधी चिंता समाप्त कर दी है। अब उनका परिवार पहले की अपेक्षा अधिक स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन जी रहा है। उनके अनुसार यह योजना ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आई है और आने वाले समय में इससे गाँव के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन केवल पेयजल उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।







