मरा समझ कर जिसे कुएं में फेंक दिया था. चार दिन बाद वह युवक निकला जिंदा. मामला उड़ीसा के बरगढ़ का


मरा समझ कर जिसे कुएं में फेंक दिया था. चार दिन बाद वह युवक निकला जिंदा. मामला उड़ीसा के बरगढ़ का
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -उड़ीसा राज्य के बरगढ़ जिले के बिजेपुर क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां समलाईपदर स्थित एक नर्सरी के सूने कुएं से चार दिन बाद एक युवक को जीवित अवस्था में निकाला गया। युवक का आरोप है कि पांच लोगों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और मृत समझकर उसे कुएं में फेंक दिया था।जानकारी के अनुसार, पद्मपुर उपखंड के पुरेना गांव निवासी तुलसीराम बरिहा पिछले कई दिनों से लापता था। परिजनों ने उसके गुम होने की शिकायत पद्मपुर थाने में दर्ज कराई थी।इसी बीच गुरुवार को समलाईपदर गांव का एक व्यक्ति लकड़ी बीनने के लिए नर्सरी क्षेत्र में गया। वहां उसे एक सुनसान कुएं से मदद की गुहार सुनाई दी।ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को कुएं से बाहर निकाला और इलाज के लिए बिजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।कुएं से निकाले जाने के बाद युवक ने बताया कि गत रविवार तड़के करीब तीन बजे पांच लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की थी।इसके बाद उसे मृत समझकर कुएं में फेंक दिया गया। युवक ने दावा किया कि वह चार दिनों तक भूख-प्यास से तड़पते हुए किसी तरह जिंदगी की जंग लड़ता रहा।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि मामला हत्या के प्रयास से जुड़ा हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।इस सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह और आरोपितों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

