80 का भूत!–AI ने बचपन छीन लिया, सोशल मीडिया ने जवानी लौटा दी! पिछले दो दिनों से फेसबुक, व्हाट्सऐप, ट्विटर और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक नया भूत सवार है—“80 का भूत!”



80 का भूत!–AI ने बचपन छीन लिया, सोशल मीडिया ने जवानी लौटा दी! पिछले दो दिनों से फेसबुक, व्हाट्सऐप, ट्विटर और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक नया भूत सवार है—“80 का भूत!”
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -जिसे देखो, अपनी तस्वीर AI से बनवाकर 1980 के जमाने में पहुंचा हुआ दिखाई दे रहा है। किसी ने पुरानी साइकिल पकड़ ली, किसी ने बेलबॉटम पहन लिया, कोई पुराने रेडियो के सामने बैठा है तो कोई ऐसा चेहरा लेकर घूम रहा है, मानो अभी-अभी 1980 की फिल्म की शूटिंग से निकलकर आया हो।
और फोटो पोस्ट होते ही बधाइयों की बाढ़!
“वाह! क्या जवानी थी।”
“क्या शानदार लुक था!”
“एकदम पुराने जमाने की याद आ गई।”
“आप तो बिल्कुल नहीं बदले!”
अरे भाई, बदले कैसे नहीं? फोटो ही AI की है! आम आदमी की बात छोड़िए, बड़े-बड़े नेता, मंत्री, विधायक और सांसद तक इस भूत की गिरफ्त में हैं। जिनके पास देश-दुनिया के मुद्दों पर सोचने का समय कम पड़ता है, वे भी आजकल 1980 की अपनी काल्पनिक जवानी तलाश रहे हैं।
लेकिन असली मजा तो तब आता है जब तस्वीर देखकर जन्मतिथि और AI की जवानी का हिसाब लगाया जाए। जो महाशय 1970 में पैदा हुए, आज लगभग 55-56 साल के हैं, वे भी 80 के दशक की अपनी “जवानी” दिखा रहे हैं। जो 1975 में पैदा हुए, वे 1980 में महज पाँच साल के थे। जो 1978 में पैदा हुए, वे उस समय दो साल के थे।
और जो 1980 में पैदा हुए, वे 1980 में खुद “80 के दशक” को क्या याद रखते होंगे—यह तो वही जानें!
लेकिन सोशल मीडिया पर तस्वीर देखिए— घनी मूंछें, कड़क कॉलर, बेलबॉटम, सीना तना हुआ और चेहरे पर ऐसी जवानी कि लगता है 1980 में उम्र नहीं, सीधे 25 साल की नौकरी लेकर पैदा हुए थे!
AI ने कमाल कर दिया है।
जिस उम्र में कोई बच्चा स्कूल में “क ख ग” सीख रहा था, AI ने उसी बच्चे के चेहरे पर मूंछें उगा दीं। जिस उम्र में कोई बच्चा खिलौना लेकर घूम रहा था, उसे AI ने राजदूत मोटरसाइकिल पर बैठा दिया। और जिस उम्र में मां-बाप बच्चे को उंगली पकड़कर चलना सिखा रहे थे, आज वही बच्चा सोशल मीडिया पर अपनी “80 की जवानी” पर वाहवाही लूट रहा है।
गजब का जमाना है ना!
पहले लोग इतिहास को याद करते थे,
अब AI इतिहास बना देता है।
पहले फोटो देखकर यादें ताजा होती थीं,
अब फोटो देखकर उम्र ही बदल जाती है।
और सबसे मजेदार बात यह है कि तस्वीर झूठी है, उम्र झूठी है, परिवेश झूठा है— लेकिन उस पर आने वाली प्रशंसा बिल्कुल असली है!
यही तो सोशल मीडिया का नया दर्शन है
“सच क्या है, इससे क्या फर्क पड़ता है;
लाइक कितने आए, यही महत्वपूर्ण है!”
एक ने फोटो डाली, दूसरे ने देखा और तारीफ कर दी। दूसरे ने डाली, तीसरे ने तारीफ कर दी। तीसरे ने डाली, चौथे ने तारीफ कर दी। कोऔर देखते-देखते पूरा सोशल मीडिया 80 के दशक का सामूहिक पुनर्जन्म केंद्र बन गया।
इसे ही तो कहते हैं— भेड़चाल!
एक भेड़ चली तो बाकी पीछे-पीछे चल पड़ीं। किसी ने यह पूछने की जरूरत ही नहीं समझी कि— “भाई, तुम 1980 में पैदा हुए थे या 1980 में तुम्हारी जवानी चल रही थी?” और अगर कोई पूछ भी दे तो जवाब तैयार है— “अरे भाई, ट्रेंड है… चलने दो!”
सोशल मीडिया ने एक और चीज साबित कर दी है— हमारे पास अतीत की वास्तविक तस्वीरें भले कम हों, लेकिन काल्पनिक अतीत बनाने की प्रतिभा भरपूर है। कल को शायद नया ट्रेंड आ
“70 का भूत!” फिर 1970 की तस्वीरें बनेंगी। जो 1980 में पैदा हुए हैं, वे भी 1970 में मूंछों वाले दिखाई देंगे।
और अगर AI थोड़ा और शक्तिशाली हो गया तो शायद कोई यह भी पोस्ट कर दे— “मेरी 1947 की स्वतंत्रता संग्राम वाली फोटो।” फोटो में महाशय तिरंगा पकड़े खड़े होंगे और नीचे लिखा होगा—
“उस दौर की यादें आज भी ताजा हैं…”
अब कोई उनसे यह मत पूछ देना कि—
“भाई साहब, उस समय आपकी उम्र कितनी थी?” क्योंकि AI के जमाने में उम्र पूछना भी शायद असभ्यता माना जाएगा!
असल में समस्या AI नहीं है। समस्या हमारी वह मानसिकता है जो वास्तविकता से ज्यादा दिखावे पर विश्वास करने लगी है। यादें बनाइए, पुरानी तस्वीरें खोजिए, अपने बचपन और जवानी की वास्तविक कहानी सुनाइए—उसमें एक अलग ही मिठास है। लेकिन AI से बनाई हुई जवानी को इतिहास बताकर उस पर तालियां बजवाना? यह nostalgia नहीं, सोशल मीडिया का नया नशा है।
फिलहाल तो हाल यह है कि— 80 का भूत सब पर सवार है, AI सबको जवान कर रहा है, और सोशल मीडिया सबको इतिहास पुरुष बनाने पर तुला है!बस डर इस बात का है कि कहीं अगला ट्रेंड“हम 1947 में कहां थे?” न बन जाए!
क्योंकि तब AI के सामने इतिहास की किताबें भी हाथ जोड़कर कहेंगी—
“भाई, हमें भी थोड़ा आराम करने दो!”







