कलेक्टर साहब के चेहरे में आज दिखी मुस्कुराहट-जिले में खाद बीज की बेहतर व्यवस्था से किसान खुश. कलेक्टर साहब ने ली समय सीमा की बैठक। आम नागरिकों की सुनी समस्याये. 3 जून को अचानकपुर में होगा समाधान शिविर। जिला परामर्श दात्री समिति की होगी बैठक. निजी उर्वरक विक्रेताओं पर भी रखी जा रही नजर. 61 विक्रेताओं को जारी हुआ नोटिस. खेत बचाओ अभियान के तहत चल रही किसानो की चौपाल





जिले में खाद बीज की बेहतर व्यवस्था से किसान खुश. कलेक्टर साहब ने ली समय सीमा की बैठक। आम नागरिकों की सुनी समस्याये. 3 जून को अचानकपुर में होगा समाधान शिविर। जिला परामर्श दात्री समिति की होगी बैठक. निजी उर्वरक विक्रेताओं पर भी रखी जा रही नजर. 61 विक्रेताओं को जारी हुआ नोटिस
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयलकी खबर
सक्ती-जिले में किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान समय में खाद एवं बीज का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है तथा किसानों को आवश्यकतानुसार सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
उप संचालक कृषि श्री तरुण कुमार प्रधान ने बताया कि वैज्ञानिक द्वारा सतत कृषि विकास हेतु एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन की अनुशंसा के अनुसार किसानों को संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के लिए रासायनिक उर्वरकों के साथ-साथ जैविक खाद, हरी खाद एवं वैकल्पिक उपयो के उपयोग के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। और जिले में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण की व्यवस्था सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है।खरीफ सीजन 2026 के लिए विकासखंड जैजैपुर के समितियों में 8338 मीट्रिक टन उर्वरक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध 1 जून 2026 तक 6091 मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है, जो लक्ष्य का लगभग 73 प्रतिशत है। इसी प्रकार 6760 क्विंटल बीज के लक्ष्य के विरुद्ध 6500 क्विंटल बीज उपलब्ध करा लिया गया है, जो लगभग 90 प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति दर्शाता है।किसानों को उर्वरकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सहकारी समितियों में यूरिया एवं डीएपी का पर्याप्त भंडारण कराया गया है। साथ ही नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी जैसे आधुनिक विकल्प भी किसानों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन वैकल्पिक उर्वरकों का उपयोग पूर्णतः किसानों की इच्छा पर आधारित है।जिले में उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण पर सतत निगरानी रखी जा रही है। जिला एवं विकासखंड स्तरीय निगरानी दलों द्वारा अब तक 132 विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है। नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई भी की गई है। सात विक्रय केंद्रो को विक्रय प्रतिबंध कर प्राधिकार पत्र निलंबन की कार्यवाही की गई, पांच अवैध भंडारण को जप्ती कर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। साथ ही 61 विक्रय केंद्रो को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है। जिससे किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध हो सकें।कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद एवं बीज क्रय करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर निकटतम कृषि कार्यालय से संपर्क करें। विभाग किसानों के हितों की सुरक्षा एवं कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है
जिला स्तरीय सलाहकार परामर्शदात्री समिति की बैठक 4 जून को होगी आयोजित
शक्ति -कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार परामर्शदात्री समिति की बैठक 04 जून 2026 को सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक में जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक।सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों का किया गया विस्तारपूर्वक समीक्षा, गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के दिये निर्देश
शक्ति -कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं विभागीय योजनाओं के प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत विभिन्न विभागों में प्राप्त आवेदनों का विभागवार विस्तृत समीक्षा किया। कलेक्टर ने कहा कि सुशासन तिहार अन्तर्गत जिले के विभिन्न चिन्हांकित स्थलों पर आयोजित होने वाले शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण, त्वरित और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने शिविर में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से मौके पर ही परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन योजना के आगामी संचालन को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के संचालन के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय सीमा में सुनिश्चित करें तथा शिकायतों के निराकरण संबंधी सभी प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित रखें, ताकि सीएम हेल्पलाइन की सुविधा प्रारंभ होने पर आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शासकीय फाइलों का संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से किया जाए तथा विभागीय कार्यों में डिजिटल प्रणाली को प्राथमिकता दी जाए।कलेक्टर ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां कहीं भी पेयजल संबंधी समस्या हो, उसका तत्काल निराकरण किया जाये।बैठक में कलेक्टर ने जिले में खाद भण्डारण एवं वितरण की स्थिति की जानकारी ली। कृषि विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिले की सहकारी समितियों में आवस्यकतानुसार पर्याप्त खाद का भण्डारण किया गया है, जिसे किसानों को वितरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने अवैध रूप से खाद विक्रय एवं भण्डारण करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार समीक्षा के दौरान लंबित मामलों पर सभी विभागों को समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर द्वारा लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, पीएम सुर्यघर मुफ्त बिजली योजना सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी श्री उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सुधाकर बोदले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
खेत बचाओ अभियान के तहत ग्राम बरदुली में कृषक चौपाल आयोजित।संतुलित उर्वरक उपयोग, नैनो उर्वरकों एवं प्राकृतिक खेती की दी गई जानकारी
शक्ति-कृषि विभाग द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत आज ग्राम बरदुली में कृषक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कृषक चौपाल में उपस्थित किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व के बारे में बताया गया तथा फसलों की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों के वैज्ञानिक एवं संतुलित प्रयोग की सलाह दी गई। किसानों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग की विधि, लाभ तथा इसके प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि नैनो उर्वरकों के प्रयोग से उर्वरक उपयोग दक्षता बढ़ती है, लागत में कमी आती है तथा फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होती है। इस अवसर पर किसानों को बीजीए (ब्लू ग्रीन एल्गी) कल्चर तथा हरी खाद के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इनका उपयोग मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहायक होता है। चौपाल में किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं से भी अवगत कराया गया। प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग, जैविक विकल्पों को अपनाने तथा लागत कम कर खेती को अधिक लाभकारी बनाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। साथ ही किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी प्रदान करते हुए शासन की विभिन्न कृषि हितैषी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्री अशोक कुमार, ग्राम पंचायत के पंचगण, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री योगेश भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 03 जून को अचानकपुर में समाधान शिविर का होगा आयोजन।शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को किया जाएगा लाभान्वित।कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त
शक्ति -मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत जिले में 1 मई से 10 जून 2026 तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत माध्यमिक शाला अचानकपुर में 03 जून 2026 को समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। जारी आदेशानुसार जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत आयोजित अचानकपुर समाधान शिविर में ग्राम अचानकपुर, सोनगुढा, धनुपर, सकरेलीखुर्द, बोकरामुडा, मोहगांव, पतेरापालीकलां, देवरी, देवरमाल, जामपाली, गहरीनमुडा, ऋषभतीर्थ, घुईचुवा, बरपालीकला, सेंदरी, बासीन, पुटेकेला, चमराबरपाली एवं असौदा ग्राम पंचायत क्लस्टर शामिल रहेंगे। शिविर के सफल संचालन हेतु नोडल उप पंजीयक, सहकारी संस्थाए जिला सक्ती को अचानकपुर शिविर स्थल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं।आज जनदर्शन में कुल 29 आवेदन हुए प्राप्त
शक्ति -जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।जनदर्शन में आज तहसील अड़भार अंतर्गत ग्राम करिगांव निवासी श्रीमती मोंगरा बाई चंद्रा ने महतारी वंदन योजना मे त्रुटि सुधार कर नाम को पुन: जोड़ने के सम्बन्ध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम सकरेली निवासी श्री अनिल कुमार सूर्यवंशी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास दिलाने के संबंध, तहसील डभरा अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई निवासी श्री अनमोल प्रसाद भारद्वाज ने आवासीय मकान निर्माण कार्य को रोके जाने के संबंध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम सकरेली निवासी श्री अश्विन कुमार सूर्यवंशी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रोजगार गारंटी के तहत मिस्त्री लेबर की मजदूरी दिलाए जाने के सम्बन्ध में, तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम तुषार निवासी श्री कार्तिकराम चंद्रा ने घर में लगी भीषण आग से हुए नुकसान की मुआवजा दिलाए जाने के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम रगजा निवासी श्री बुन्दराम ने प्रधानमंत्री आवास योजना की द्वितीय किस्त की राशि प्रदाय करने के संबंध में, तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम कंचदा निवासी श्रीमती राधा बाई केवंट ने आधार कार्ड नम्बर गलत होने कारण सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल रहा उसके त्रुटि सुधार के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम भालूडेरा निवासी श्री लालसाय यादव ने आधार कार्ड में हुई गलतियों को सुधार के संबंध, तहसील हसौद अंतर्गत ग्राम बरेकेल खुर्द निवासी श्री विरीछराम ने रकबा सुधार कराने के संबंध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।









