एनर्जी ड्रिंक रेड बुल को 7 दिनों के अंदर देना होगा सबूत- क्या सचमुच में एनर्जी देता है रेड बुल. एफएसएसएआई ने जारी किया नोटिस




एनर्जी ड्रिंक रेड बुल को 7 दिनों के अंदर देना होगा सबूत- क्या सचमुच में एनर्जी देता है रेड बुल. एफएसएसएआई ने जारी किया नोटिस
शक्ति छत्तीसगढ़ के कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने सोमवार को रेड बुल इंडिया को कहा कि वह अपने उत्पाद की मार्केटिंग ‘एनर्जी ड्रिंक’ के रूप में किए जाने के समर्थन में वैज्ञानिक साक्ष्य पेश करे।रेड बुल को सात दिनों के भीतर जवाब देने को कहा गया है। कारण बताओ नोटिस में एफएसएसएआई ने रेड बुल इंडिया से अपने दावों के समर्थन में विस्तृत स्पष्टीकरण देने को कहा है।कंपनी को इसके लिए प्रासंगिक वैज्ञानिक साक्ष्य और उत्पाद पर इस तरह का लेबल लगाने की अनुमति देने वाले नियामकीय प्रविधान भी प्रस्तुत करने होंगे। हालांकि एफएसएसएआइ के प्रवक्ता की ओर से इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की गई है।
सूत्रों ने बताया कि एफएसएसएआई ने कहा है कि रेड बुल एनर्जी ड्रिंक के घोषित एनर्जी कंटेंट या ऊर्जा के स्रोत का बड़ा हिस्सा अतिरिक्त चीनी और कैफीन से प्राप्त होता है। नियामक ने कंपनी से यह भी पूछा है कि उसके उत्पाद पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ का लेबल लगाने पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया जाना चाहिए।एफएसएसएआई ने कहा कि एनर्जी ड्रिंक का लेबल उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकता है। कंपनी से यह भी कहा गया है कि वह मौजूदा कानून का पालन सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए।छह महीने से भी कम समय में यह दूसरी बार है जब रेड बुल इंडिया एफएसएसएआई की जांच के दायरे में आई है। जून में नियामक ने कंपनी को ‘एनर्जी ड्रिंक’ का लेबल हटाने का आदेश दिया था, लेकिन कंपनी की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने इस आदेश पर रोक लगा दी थी।





