शक्ति के अनुनय कॉन्वेंट स्कूल में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष का विद्यालय के बच्चों ने किया बहुत ही सुंदर मंचन। भारत की गौरवशाली संस्कृति एवं इतिहास से भी बच्चों को मिल रहा है अवगत होने का अवसर

अनुनय कान्वेंट स्कूल के विद्यार्थी अपनी प्रस्तुति देते हुए

शक्ति के अनुनय कॉन्वेंट स्कूल में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष का विद्यालय के बच्चों ने किया बहुत ही सुंदर मंचन। भारत की गौरवशाली संस्कृति एवं इतिहास से भी बच्चों को मिल रहा है अवगत होने का अवसर

शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर

सक्ती- 15 नवंबर को मनाई जाने वाली भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार अनुनय कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, सक्ती में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा 7वीं एवं 9वीं के विद्यार्थियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और देशभक्ति की भावना पर आधारित एक प्रेरणादायक नाटक का प्रभावशाली मंचन किया गया।लगभग 15 मिनट की इस नाट्य प्रस्तुति में विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, उनके ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ (महाविद्रोह), मातृभूमि के प्रति समर्पण तथा आदिवासी समाज के जल, जंगल, जमीन से जुड़े अधिकारों और स्वाभिमान के लिए उनके संघर्ष को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। नाटक में ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन की दमनकारी नीतियों और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का संदेश दिया गया। प्रस्तुति को जीवंत बनाने के लिए विद्यार्थियों ने पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा धारण की तथा विशेष मंच सज्जा के माध्यम से उस ऐतिहासिक कालखंड का वातावरण तैयार किया।
इस नाटक में विद्यार्थियों ने विभिन्न पात्रों की भूमिकाएँ बखूबी निभाईं। यश कंवर ने भगवान बिरसा मुंडा, हनी देवांगन ने उनकी माता करमी हातू, सौरभ जाल, सात्विक कसेर एवं लिलेश वैष्णव ने आदिवासी समुदाय के सदस्यों, गोमेश्वर राठौर एवं लक्ष्य यादव ने अंग्रेज पुलिसकर्मियों तथा झावेश श्रीवास ने ब्रिटिश अधिकारी की भूमिका निभाई। नाटक का निर्देशन शिक्षिका अपर्णा बोस द्वारा किया गया।इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक योगेश कुमार साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज और मातृभूमि के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नाट्य मंचन से विद्यार्थियों को न केवल गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के संघर्ष एवं बलिदान को समझने का अवसर मिलता है, बल्कि उनमें देशभक्ति, साहस, आत्मसम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।,कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य किरण श्रीवास, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। नाटक की प्रस्तुति के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने पात्रों का अभिनय किया, जिसे उपस्थित जनों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खूब सराहा। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों के प्रयासों की प्रशंसा की।
इस आयोजन ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि अपने गौरवशाली इतिहास और महान जनजातीय नायकों के संघर्ष को जानना केवल अतीत को याद करना नहीं, बल्कि उनके साहस, एकता, स्वाभिमान और न्याय के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा लेना भी है।

Discover more from GL News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading