शक्ति जिला कलेक्टर जय श्री जैन ने जारी किया आदेश- 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक पूरे जिले में होगी विशेष ग्राम सभा. किसानों की जमीनों की रजिस्ट्री एवं स्वामित्व का किया जाएगा सार्वजनिक वाचन




शक्ति जिला कलेक्टर जय श्री जैन ने जारी किया आदेश- 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक पूरे जिले में होगी विशेष ग्राम सभा
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन के निर्देशन में जिले के किसानों की सुविधा के लिए 31 अक्टूबर व 2 नवम्बर 2026 को विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जा रहा है। विशेष ग्रामसभा के तहत जिले के सभी ग्राम/ग्राम पंचायत मुख्यालयो में पंजीकृत किसानों के एग्रीस्टेक फॉर्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे व स्वामित्व योजना का वाचन किया जाएगा। साथ ही पंजीकृत किसानों की सूची सभी ग्राम पंचायतों के सूचना पटल पर अवलोकन के लिए चस्पा भी की जाएगी। बता दे कि कलेक्टर श्रीमती जैन ने किसानों के पंजीयन व धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों कर्मचारियों को किसानों के हितों से जुड़े कार्यों को पूरी प्राथमिकता के साथ बिना किसी त्रुटि के गंभीरतापूर्वक किए जाने के निर्देश दिए हैं।
खरीफ वर्ष 2026-27 में धान खरीदी के लिए किसानों के रकबा संबंधी समस्याओं का किया जा रहा निराकरण
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कहा कि खरीफ वर्ष 2026-27 में धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन में जिन किसानों के पंजीकृत दर्ज रकबे और वास्तविक रकबे में किसी भी प्रकार का अंतर है, ऐसे किसानों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। कलेक्टर के निर्देशानुसार सभी समितियों में समिति प्रबंधक एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों द्वारा ऐसे किसानों की सूची चिन्हांकित कर समिति कार्यालय, ग्राम पंचायत एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में चस्पा की गई है। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव एवं कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर किसानों को इसकी जानकारी दी जा रही है। धान खरीदी में किसानों के वास्तविक रकबे की एंट्री सुनिश्चित करने के लिए समिति प्रबंधक एवं कम्प्यूटर ऑपरेटरों द्वारा किसानों से संपर्क किया जा रहा है। जिन किसानों ने एग्रीस्टेक पंजीयन नहीं कराया है, उन्हें एग्रीस्टैक पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती जैन ने एग्रीस्टैक फॉर्मर रजिस्ट्री से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों कर्मचारियों को विशेष ग्रामसभा में एग्रीस्टेक फॉर्मर रजिस्ट्री, डिजिटल क्रॉप सर्वे वाचन के बाद किसानों से निर्धारित समय सीमा में दावा आपत्ति प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्राप्त दावा आपत्ति का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले के ऐसे किसान जिनके खसरों पर धान लगा हुआ है उनका सही व सटीक पंजीयन अनिवार्य सुनिश्चित किया जाए। अधिकांश किसानों द्वारा एग्रीस्टैक पंजीयन करा लिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा एग्रीस्टेक फॉर्मर रजिस्ट्री से शेष बचे किसानों से जल्द से जल्द अपना पंजीयन कराए जाने की अपील की गई है। जिससे धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा किसानों के रकबा व खसरा संबंधी सभी समस्याओं का निराकरण कर धान खरीदी के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का कार्य किया जा रहा है।





