30 जुलाई को कमिश्नर सुनील जैन पहुंचे शक्ति जिले में.कलेक्टर तोपनो के साथ एक पेड़ मां के नाम के तहत किया वृक्षारोपण. जिले के अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक. सरकारी स्कूल एवं पंचायत भवन का किया औचक निरीक्षण. जिले के पुलिस कप्तान ठाकुर साहब एवं जिला पंचायत सीईओ जैन भी रहे मौजूद




30 जुलाई को कमिश्नर सुनील जैन पहुंचे शक्ति जिले में.कलेक्टर तोपनो के साथ एक पेड़ मां के नाम के तहत किया वृक्षारोपण. जिले के अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक. सरकारी स्कूल एवं पंचायत भवन का किया औचक निरीक्षण
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अंतर्गत बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सी ई ओ श्री वासु जैन एवं अन्य अधिकारियों के साथ कॉलेज ग्राउंड जेठा में पौधरोपण कर आमजन को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के तहत बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने कॉलेज ग्राउंड जेठा परिसर पर आँवला का पौधा, कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कदम का पौधा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन ने बादाम का पौधा तथा अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा ने नीम का पौधा रोपित किया।इस अवसर पर संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पौधरोपण करना चाहिए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण भी उपलब्ध कराते हैं। इस अवसर पर अन्य उपस्थित अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया । इस दौरान अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम सहित वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे
संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने जिला अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक।संभागायुक्त ने जिला स्तरीय योजनाओं का किया समीक्षा, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यों पर दिया जोर।मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों का पूरी गंभीरता से समय-सीमा में तेजी से करे निराकरण – संभागायुक्त श्री सुनील जैन।विभिन्न विभाग अंतर्गत संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश
शक्ति -बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने जिला अंतर्गत संचालित विभिन्न विभागों मे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के प्रकरणों का पूरी गंभीरता से, गुणवत्तापूर्ण और समय-सीमा में तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन, उपायुक्त सुश्री स्मृति तिवारी, उपायुक्त श्री चौहान, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री के.एस. पैंकरा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, संयुक्त कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।समीक्षा बैठक में संभागायुक्त श्री जैन ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति वाले विभागों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित नहीं रखने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने राजस्व न्यायालय के विभिन्न प्रकरणों, ऑटो डायवर्सन, अविवादित नामांतरण, भू-अर्जन, मुआवजा आदि की समीक्षा करते हुए लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सारे राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त रखने के निर्देश एस डी एम, तहसीलदार सहित संबंधित राजस्व अधिकारियों को दिए।संभागायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना तथा वी बी जी राम जी की प्रगति की समीक्षा करते हुए अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने लखपति दीदी योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया।उन्होंने शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान स्कूलों में किताब, ड्रेस, सरस्वती सायकल वितरण, पीएम श्री स्कूलों की स्थिति आदि की जानकारी लेते हुए विद्यालयों में अध्ययन अध्यापन कार्य की गुणवत्ता बढ़ाने की बात कही । उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए और बेहतर सुधारात्मक प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत प्रवेश प्रक्रिया एवं क्रियान्वयन की भी समीक्षा की तथा इसके तहत सभी पात्र छात्र छात्राओं को इसका पुरा लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इसी क्रम मे लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान भारत कार्ड एवं वय वंदना कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाने तथा इस योजना का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संभाग आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आयुष्मान भारत योजना का ज्यादा से ज्यादा लाभ आमजन को दिलाने के लिए संबंधित सीएमओ और सीईओ के सहयोग से सभी विकासखंड में कैंप लगाए जाने के निर्देश दिए। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को इससे लाभान्वित किया जा सके। इसके साथ ही नगरीय निकायों की समीक्षा में संभागायुक्त ने जल आवर्धन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति बढ़ाने, सभी शासकीय कार्यालयों और शासकीय आवासों में स्मार्ट मीटर लगाने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने, खरीफ वर्ष 2026 के लिए रासायनिक उर्वरक, खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित करने तथा किसानों को फसल चक्र अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग की समीक्षा में छात्रावासों के नियमित निरीक्षण, छात्रवृत्ति योजना के लक्ष्य एवं वितरण तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के परीक्षा परिणाम मे सुधार लाने के स्पष्ट निर्देश दिए है। इसके साथ ही उनके द्वारा लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीन भवनों, सड़कों एवं अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक में उन्होंने सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यालयीन कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही सेवा सेतु ऐप के माध्यम से प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। संभाग आयुक्त ने जिला कार्यालय के साथ-साथ ब्लॉक स्तर के कार्यालय में भी आधार अटेंडेंस प्रणाली लागू कराए जाने के निर्देश दिए। बैठक में संभागायुक्त द्वारा राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ऊर्जा विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, कृषि विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, वन विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, खनिज विभाग, मत्स्य विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी अधिकारियों को शासन की जनहितकारी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने सहित अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त ने ग्राम पंचायत बंदोरा में पंचायत भवन और शासकीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण।विद्यालय परिसर पर संभागायुक्त ने लगाया चिकु का पौधा
शक्ति -बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने सक्ती जिले के प्रवास के दौरान विकासखंड मालखरौदा के ग्राम बंदोरा पहुंचकर विभिन्न जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत भवन परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की। संभागायुक्त ने ग्राम बंदोरा स्थित शासकीय लाल बहादुर शास्त्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के संवर्धन के उद्देश्य से पौधरोपण किया और विद्यालय परिसर पर चिकु का पौधा लगाया। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने विद्यालय मे अध्यनरत बच्चों से सीधा संवाद करते हुए विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली और बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और प्रेरित किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर पर बेहतर साफ सफाई रखने और विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की किताबों से अध्ययन कराने कहा। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और लगन अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर अध्ययन, सकारात्मक सोच और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सतत प्रयास करने का प्रेरित किया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों ने संभागायुक्त का स्वागत किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन, उप आयुक्त श्रीमती स्मृति तिवारी, उप आयुक्त श्री चौहान, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।







