बाराद्वार के विद्याभूमि इंग्लिश मीडियम स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ब्लू डे




बाराद्वार के विद्याभूमि इंग्लिश मीडियम स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया “ब्लू डे
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति-विद्याभूमि इंग्लिश मीडियम स्कूल, बाराद्वार में प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए शनिवार, 25 जुलाई 2026 को उत्साह एवं उल्लास के साथ “ब्लू डे सेलिब्रेशन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को नीले रंग की पहचान, उसके महत्व तथा अपने आसपास मौजूद नीले रंग की विभिन्न वस्तुओं से रोचक एवं गतिविधि-आधारित तरीके से परिचित कराना था।इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर एवं कक्षाओं को नीले रंग की आकर्षक सजावट से सजाया गया। बच्चे भी नीले रंग की सुंदर वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे, जिससे पूरा परिसर नीले रंग की मनमोहक छटा से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना के साथ हुई। इसके पश्चात बच्चों ने वेलकम सॉन्ग, ब्लू कलर राइम्स, डांस, मनोरंजक गतिविधियों एवं फैशन वॉक में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आकर्षक सेल्फी पॉइंट एवं ब्लू डे बोर्ड बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।कार्यक्रम में बच्चों के लिए बबल बाथ एक्टिविटी का भी आयोजन किया गया, जिसका नन्हे विद्यार्थियों ने भरपूर आनंद लिया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में सीखने, आत्मविश्वास के साथ मंच पर प्रस्तुति देने तथा अपने साथियों के साथ आनंदपूर्वक सहभागिता करने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त शिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न गतिविधियाँ करवाईं तथा उन्हें ब्लू डे की महत्ता भी समझाई। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को रिफ्रेशमेंट प्रदान किया गया।इस अवसर पर बच्चों को यह भी बताया गया कि पृथ्वी पर लगभग 71% पानी है, इसलिए हमारी पृथ्वी को “ब्लू प्लैनेट” (नीला ग्रह) कहा जाता है, क्योंकि अंतरिक्ष से देखने पर यह अधिकतर नीले रंग की दिखाई देती है।विद्यालय की प्राचार्या स्वाति ओझा ने कहा कि प्री-प्राइमरी स्तर पर इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों में रंगों की पहचान, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक सहभागिता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विद्यालय का प्रयास है कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ गतिविधि-आधारित एवं आनंदमय वातावरण में सीखने के अधिक से अधिक अवसर प्रदान किए जाएं।इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री शरद केडिया जी ने भी बच्चों को ब्लू डे की शुभकामनाएँ दीं तथा ब्लू अर्थ केक काटकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्री-प्राइमरी विभाग की शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे आयोजन को आनंदमय और यादगार बना दिया।







