7 घंटे विलंब से चल रही फ्लाइट के यात्रियों ने एयरपोर्ट पर किया जमकर हंगामा. शाम की फ्लाइट पहुंची आधी रात को




7 घंटे विलंब से चल रही फ्लाइट के यात्रियों ने एयरपोर्ट पर किया जमकर हंगामा. शाम की फ्लाइट पहुंची आधी रात को
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -मुंबई से पटना और पटना से मुंबई के बीच संचालित स्पाइसजेट की उड़ानें पिछले कई दिनों से लगातार विलंबित चल रही हैं।शुक्रवार को देरी इतनी बढ़ गई कि यात्रियों का सब्र जवाब दे गया और पटना एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा हुआ।जानकारी के अनुसार स्पाइसजेट की उड़ान एसजी-681 का मुंबई से पटना पहुंचने का निर्धारित समय शुक्रवार शाम 6:50 बजे था।हालांकि विमान करीब 7 घंटे 25 मिनट की देरी से रात 2:15 बजे पटना पहुंचा, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।मुंबई से आने वाली उड़ान में देरी का असर पटना से मुंबई जाने वाली उड़ान एसजी-682 पर भी पड़ा।इस विमान का निर्धारित प्रस्थान समय रात 7:40 बजे था, लेकिन यह शनिवार सुबह करीब 3:00 बजे मुंबई के लिए रवाना हो सकी।यात्रियों का कहना है कि पहले उन्हें रात एक बजे उड़ान रवाना होने की जानकारी दी गई थी।इसी आधार पर अधिकांश यात्री एयरपोर्ट पहुंच गए। बाद में उड़ान रद्द होने की चर्चा फैलने लगी, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने एयरलाइन काउंटर पर विरोध शुरू कर दिया।हंगामे के दौरान कुछ यात्रियों और एयरलाइन कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीआईएसएफ के जवानों को हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके बाद एयरलाइन अधिकारियों ने यात्रियों को उड़ान संचालन का भरोसा दिलाया।यात्रियों ने आरोप लगाया कि घंटों इंतजार के बावजूद एयरलाइन की ओर से पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।कई यात्रियों का कहना था कि लंबे इंतजार के दौरान उन्हें चाय-पानी तक की व्यवस्था नहीं मिली, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।स्पाइसजेट के प्रवक्ता आनंद कुमार ने बताया कि मुंबई-पटना और पटना-मुंबई उड़ानों में देरी रोस्टर से जुड़ी एक परिचालन समस्या के कारण हुई।उन्होंने कहा कि उड़ान रद्द किए जाने की कोई सूचना जारी नहीं की गई थी और यात्रियों को समय-समय पर देरी की जानकारी दी जाती रही।शनिवार को भी मुंबई-पटना रूट पर स्पाइसजेट की उड़ानें निर्धारित समय से काफी देर से संचालित हुईं।लगातार हो रही देरी से परेशान यात्रियों ने एयरलाइन प्रबंधन से समयबद्ध उड़ान संचालन और बेहतर यात्री सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है।






