शक्ति जिला, अग्रणी जिला- धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण नहीं करने वाले अधिकारियों पर गिरेगी गाज, कलेक्टर तोपनों ने दिए निर्देश, 16 दिसंबर की बैठक में बिजली बचाओ का संकल्प लिया कलेक्टर सहित जिले भर के अधिकारियों ने, शक्ति जिले में धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था से खुश हैं किसान, कलेक्टर ने दी तीन दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल




धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण नहीं करने वाले अधिकारियों पर गिरेगी गाज, कलेक्टर तोपनों ने दिए निर्देश, 16 दिसंबर की बैठक में बिजली बचाओ का संकल्प लिया कलेक्टर सहित जिले भर के अधिकारियों ने, शक्ति जिले में धान खरीदी की सुचारू व्यवस्था से खुश हैं किसान, कलेक्टर ने दी तीन दिव्यांगों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती- कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभाग अंतर्गत चल रहे विभागीय कामकाज की समीक्षा की। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य के लिए नियुक्त सभी नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करते हुए खरीदी कार्यों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं करने वाले अधिकारियों की जानकारी ली और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों कर्मचारियों पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं करने वाले नोडल अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कोचियों-बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखने और अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में धान की किसी भी प्रकार की अवैध खरीदी, भंडारण व परिवहन पर सख्त कार्रवाई करें। कलेक्टर ने धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों कर्मचारियों को पूरी प्राथमिकता से इस कार्य को करने के स्पष्ट निर्देश दिए है। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए।समय सीमा की बैठक मे कलेक्टर ने कई विभागों के इनऑपरेटिव एवं डिफ गवर्नमेंट बैंक अकाउंट्स को ऑपरेटिव कराए जाने के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और शेष बचे इनऑपरेटिव एवं डिफ गवर्नमेंट बैंक अकाउंट्स को जल्द से जल्द ऑपरेटिव कराने और ऑपरेटिव कराने के उपरांत ऐसी योजनाएं जो संचालित नहीं है कि राशि शासकीय कोष में जमा कराने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभागों को बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रारंभ करने से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यालयों को ई-ऑफिस का नियमित उपयोग कर फाइलों के शीघ्र निपटान पर जोर दिया। कलेक्टर ने मौसमी बिमारियों से बचाव एवं रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।कलेक्टर द्वारा तहसीलवार विवादित नामंतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों के अद्यतन स्थिति सहित अन्य आवश्यक कार्याे की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित पेंशन प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जनचौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए है। समय सीमा की बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा, एसडीएम सक्ती श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर सुश्री कावेरी मरकाम, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रितेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी श्री उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सुधाकर बोदले सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे
शक्ति जिले में प्रशासन की सुचारू व्यवस्था से तुंहर हाथ ऐप से घर बैठे मिला टोकन, किसान मुकेश राठौर ने बेचा 55.60 क्विंटल धान
सक्ती-मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था लगातार अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और किसान-हितैषी बनती जा रही है। आधुनिक तकनीक के उपयोग से किसानों को अब धान बेचने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। इसके साथ ही कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार समय-समय पर संबंधित अधिकारियों द्वारा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण भी किया जा रहा है, जिससे जिले के किसान आसानी से धान खरीदी केंद्रों में अपना धान विक्रय कर पा रहे हैं। इसी का उदाहरण है विकासखण्ड सक्ती अंतर्गत ग्राम रेडा निवासी किसान मुकेश राठौर, पिता लक्ष्मी प्रसाद राठौर जो 3 एकड़ भूमि में खेती करते हैं। उन्होंने तुंहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ही धान विक्रय के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया। टोकन मिलने के बाद वे 139 बोरी धान लेकर कुल 55.60 क्विंटल धान को धान खरीदी केंद्र किरारी में लेकर पहुंचे, जहां बिना किसी परेशानी के शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर उनका धान खरीदा गया। मुकेश राठौर ने बताया कि पहले टोकन कटाने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ता था, लेकिन अब तुंहर हाथ ऐप के माध्यम से यह प्रक्रिया बेहद आसान हो गई है। घर बैठे टोकन मिलने से समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र में तौलाई की व्यवस्था समय पर हो रही है, साफ-सुथरे बोरे उपलब्ध हैं तथा किसानों के लिए बैठने, पेयजल और सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक बेहतर और किसान हित में है। किसानों को अब धान बेचने में किसी प्रकार की अव्यवस्था का सामना नहीं करना पड़ता। किसान श्री मुकेश राठौर ने धान खरीदी केन्द्रों में किये गये बेहतर व्यवस्थाओं की प्रशंसा की और प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है
कलेक्टर ने अधिकारियों कर्मचारियों को ‘ऊर्जा बचाओ’ का दिलाया संकल्प
सक्ती-छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वर्ष 2025-26 को रजत जयंती वर्ष के रूप मनाया जा रहा है। जिसके तहत कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में अधिकारियों कर्मचारियों को ऊर्जा संरक्षण सप्ताह अंतर्गत उर्जा बचाने का संकल्प दिलाया और सभी को अपने घर, कार्यालय एवं अपने आसपास के जगहों में ऊर्जा की बचत के दिशा में कार्य करने प्रेरित किया।बता दे कि छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) जिला सक्ती द्वारा जिला अंतर्गत समस्त शासकीय कार्यालयों एवं स्कुलों में ऊर्जा संरक्षण सप्ताह 14 से 20 दिसम्बर के दौरान “ऊर्जा बचाओं का संकल्प अभियान” चलाया जा रहा है। जिसके तहत आज कलेक्टर कार्यालय में ऊर्जा बचाओ का संकल्प लिया गया। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा सहित विभिन्न अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं,आज जनदर्शन में कुल 29 आवेदन हुए प्राप्त
सक्ती-जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।जनदर्शन में आज तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम नन्दौर कला निवासी समस्त ग्रामवासियों ने धान समिति में धान की लिमिट बढ़ाने के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत सक्ती वार्ड न. 4 निवासी श्रीमती मानोबाई केवट ने धान बेचने हेतु फौत पंजीयन के सबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम पोरथा निवासी श्री अर्जुन लाल यादव ने प्रधानमंत्री आवास की राशि दिलाने के सबंध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम नगरदा निवासी श्रीमति मोहरबाई ने निजी भूमि का मुआवजा दिलाने के संबध में, तहसील डभरा अंतर्गत ग्राम कांसा निवासी श्री योगेंद्र प्रसाद चन्द्रा ने धान फसल के रकबे में मण्डी आईडी में सुधार के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम केरीबंधा निवासी श्री भागीरथी पटेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत मजदूरी भुगतान न मिलने के संबध में, तहसील चन्द्रपुर अंतर्गत ग्राम बिनौधा निवासी श्री ओमप्रकाश पटेल ने ग्राम सालहे बिनौधा को उप तहसील कोटमी में जोड़ने हेतु तथा मनरेगा अंतर्गत पंचायत भवन स्वीकृत करने के संबध में, तहसील भोथिया अंतर्गत ग्राम भोथिया निवासी श्री हेमंत चन्द्रा ने भोथिया धान खरीदी केंद्र में खरीदी लिमिट वृद्धि करने के संबध में, तहसील हसौद अंतर्गत ग्राम मलदाकला निवासी श्रीमति शांति बाई ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबध में, तहसील नया बाराद्वार अंतर्गत ग्राम सकरेली निवासी श्री धनीराम सूर्यवंशी ने जमीन सीमांकन करने के संबध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदीः जिले में अब तक 77192.68 मेट्रिक टन धान की हुई खरीदी,धान खरीदी केंद्रों में आज कटा 1492 टोकन
सक्ती-प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान शुरू हो गया है। जिसके तहत समर्थन मूल्य पर सक्ती जिले में अब तक 125 केंद्रों में कुल 77192.68 मेट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया है। जिले में पंजीकृत किसानों से धान खरीदी के लिए 125 उपार्जन केन्द्र बनाए गए है। जिला सक्ती में आज दिनांक 16 दिसम्बर 2025 को धान खरीदी हेतु जिले के 125 उपार्जन केन्द्रों में 1492 टोकन जारी हुआ है। जिसमें 8220.62 मेट्रिक टन धान खरीदी होना है। आज दिनांक को शाम 05 बजे तक जिला के उपार्जन केन्द्रों में कुल 6939.64 मेट्रिक टन धान खरीदी हुआ है। राज्य के किसानों से धान की नगद व लिंकिंग में खरीदी 31 जनवरी 2026 तक किया जायेगा।
कलेक्टर ने तीन दिव्यांगजनों दिलाई मोटराईज्ड ट्रायसायकल
सक्ती-समाज कल्याण विभाग सक्ती द्वारा रजत जयंती वर्ष 2025-26 के अवसर पर विशेष सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वरिष्ठजन, दिव्यांगजन एवं तृतीय लिंगी व्यक्तियों के लिए कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसके तहत कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में 03 मोटराईज्ड ट्रायसायकल श्री पुनीराम यादव, श्री मुकेश प्रसाद बरेठ और श्रीमती बुधवारा बाई केवंट को प्रदान किया। इसके साथ ही समाज कल्याण विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिक सम्मान सम्मेलन (वृद्धजन दिवस) का कार्यक्रम रखा गया। जिसमें जिले के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। साथ ही उन्हें सहायक उपकरण उनकी आवश्यकता के अनुसार प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार आज 03 मोटराईज्ड ट्रायसायकल, 02 ट्रायसायकल, 01 श्रवण यंत्र, 03 वाकिंग स्टीक एवं 02 जोड़ी बैशाखी प्रदान किया गया। जिसमें जानकी प्रसाद निषाद, मालिक राम उरांव, लक्ष्मीन भैना को मोटराईज्ड ट्रायसायकल गिरिजा राठौर एवं चैतराम बरेठ को ट्रायसायकल व बैशाखी, दिनेश सिंह बाना को श्रवण यंत्र एवं वृद्धजन को छड़ी वितरण किया गया।





