शक्ति जिले में अवैध रेत उत्खनन परिवहन पर कलेक्टर तोपनो के निर्देशन में खनिज विभाग की हुई फिर बड़ी कार्रवाई. कई गाड़ियां जब्त.21 जून को सांसद करवाएगी जिला मुख्यालय में योग.20 जून को किसान होंगे फिर मालामाल.मिलेंगी पीएम सम्मान की राशि


शक्ति जिले में अवैध रेत उत्खनन पर कलेक्टर तोपनो के निर्देशन में खनिज विभाग की हुई फिर बड़ी कार्रवाई. 21 जून को सांसद करवाएगी जिला मुख्यालय में योग
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आगामी 21 जून 2026 को जिला मुख्यालय अंतर्गत जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय के पास सामुदायिक भवन सक्ती में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद लोकसभा क्षेत्र जांजगीर चांपा श्रीमती कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर योग के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करने के साथ साथ सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करेंगी। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों का नामांकन किया गया है। इसी क्रम में सक्ती जिले के कार्यक्रम हेतु सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े को नामित किया गया है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम की तैयारियां सुव्यवस्थित रूप से चल रही हैं। कलेक्टर द्वारा कार्यक्रम में बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई, यातायात, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यक्रम में प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा सामान्य योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। योग के माध्यम से स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा। साथ ही नागरिकों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है। योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन की दिशा प्रदान करता है। भारत सरकार, आयुष मंत्रालय द्वारा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स हेतु चलाई जा रही गतिविधि में राज्य की सक्रिय सहभागिता हेतु प्रत्येक आयोजन संस्था (शासकीय/निजी/अन्य) एवं व्यक्तिगत रूप से योग करने वाले व्यक्ति को आयुष विभाग के पोर्टल http://yoga.ayush.gov.in/yoga-sangam पर पंजीयन कर योगाभ्यास से संबंधित छायाचित्र पोर्टल पर अपलोड करने की अपील की गई है
20 जून को जारी होगी पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त, जिले में मनाया जाएगा “पीएम किसान उत्सव दिवस”
शक्ति -प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2019 में प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के पात्र भूमिधारक किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के अंतर्गत आधार से लिंक एवं सक्रिय बैंक खातों वाले पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। उप संचालक कृषि श्री तरुण प्रधान से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में अब तक योजना की 22 किस्तों के माध्यम से किसानों को 17.70 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त की राशि 20 जून 2026 को जारी की जाएगी। इस अवसर पर जिले के 85,391 पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग 17.08 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी। भारत सरकार द्वारा 20 जून 2026 को “पीएम किसान उत्सव दिवस” के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रसारित होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर वेबकास्ट के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणजन एवं किसान इस कार्यक्रम से जुड़ सकें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषकों तथा ग्रामवासियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं ताकि किसान इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का लाभ प्राप्त कर सकें और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सके
कलेक्टर के निर्देशन में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्यवाही, 4 वाहन किए गए जप्त
सक्ती-कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देश एवं खनि अधिकारी श्री के.के. बंजारे के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। खनिज विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार खनिज निरीक्षक श्री डुमेश कुमार ध्रुव एवं खनिज विभाग उड़नदस्ता दल द्वारा विगत दिनों ग्राम चिखलरौंदा एवं रिवाडीह स्थित बोराई नदी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन एवं उत्खनन के मामलों पर कार्रवाई की गई। कार्यवाही के दौरान रेत के अवैध परिवहन के 3 प्रकरण तथा अवैध रेत उत्खनन के 1 प्रकरण में संलिप्त कुल 4 वाहनों को जप्त किया गया। जप्त वाहनों में एक महिन्द्रा बैक लोडर भी शामिल है। सभी वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए संबंधित सुरक्षित आरक्षित केंद्र सक्ती एवं थाना हसौद में सुपुर्द किया गया है।खनिज विभाग द्वारा बताया गया है कि उक्त प्रकरणों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज अमले द्वारा सतत निगरानी एवं कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्यवाही की जाएगी।
ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पंजीयन प्रारंभ, नवीनीकरण आवेदन 20 जून से और नवीन आवेदन 01 अगस्त से होंगे शुरू सक्ती-आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों, मेडिकल कॉलेजों, नर्सिंग कॉलेजों, आईटीआई तथा पॉलिटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार सत्र 2026-27 के लिए नवीनीकरण आवेदन 20 जून 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक तथा नवीन आवेदन 01 अगस्त 2026 से 30 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन किए जा सकेंगे। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि उनके आधार से सीडेड बैंक खाते में भुगतान आदेश जारी होने के बाद 07 कार्य दिवस के भीतर प्राप्त होगी। विभाग ने सभी संस्था प्रमुखों, छात्रवृत्ति प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अंतिम तिथि के बाद पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के ऑनलाइन आवेदन हेतु पोर्टल बंद कर दिया जाएगा तथा ड्राफ्ट प्रपोजल लॉक एवं सैंक्शन ऑर्डर लॉक करने का अवसर भी उपलब्ध नहीं रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण नहीं होने के कारण यदि किसी संस्था के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते हैं, तो इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित संस्था प्रमुख की होगी। विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की गई है।
नैनो उर्वरकों ने बदली खेती की तस्वीर, लेकेश्वर कुमार बघेल की सफलता से प्रेरित हो रहे किसान।बेहतर उत्पादन और फसल वृद्धि से बढ़ा किसानों का भरोसा, इस वर्ष अधिक रकबे में करेंगे नैनो उर्वरकों का उपयोग
शक्ति -कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का बढ़ता उपयोग किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है। जिले के विकासखण्ड जैजैपुर अंतर्गत ग्राम कलमीडीह के प्रगतिशील किसान श्री लेकेश्वर कुमार बघेल ने नैनो उर्वरकों के सफल उपयोग से धान उत्पादन में बेहतर परिणाम प्राप्त कर क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। श्री बघेल ने बताया कि उन्होंने गत वर्ष लगभग 2.50 एकड़ क्षेत्र में धान की फसल पर नैनो यूरिया का प्रयोग किया था। इसके परिणामस्वरूप फसल की वृद्धि बेहतर रही तथा उत्पादन में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। नैनो उर्वरकों के उपयोग से मिले उत्साहजनक परिणामों ने उनका विश्वास आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति और मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष के सफल अनुभव को देखते हुए वे इस वर्ष भी अपनी खेती में नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी का उपयोग करेंगे। बेहतर परिणाम मिलने के कारण उनका उत्साह बढ़ा है और अब वे इस वर्ष भी नैनो उर्वरकों का प्रयोग करने की योजना बना रहे हैं। श्री बघेल का कहना है कि पहले नई कृषि तकनीकों को अपनाने को लेकर उनके मन में संकोच था, लेकिन सकारात्मक अनुभव के बाद उनका भरोसा बढ़ा है। यही वजह है कि वे अपने गांव सहित आसपास के किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनका मानना है कि नई तकनीकों के उपयोग से उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक खेती की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा किसानों को उपलब्ध कराई जा रही तकनीकी जानकारी, मार्गदर्शन एवं सहयोग की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
सफलता की कहानी-महतारी वंदन योजना बनी महिलाओं की ताकत, आर्थिक संबल से संवर रहा परिवार और बच्चों का भविष्य।नियमित सहायता राशि से बढ़ा आत्मविश्वास, महिलाओं को मिल रही आर्थिक सुरक्षा
शक्ति -छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ परिवार की जरूरतों को पूरा करने में भी सहायक साबित हो रही है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार की जिम्मेदारियों में पहले से अधिक भागीदारी निभा रही हैं। सक्ती जिले के ग्राम पंचायत ठठारी की निवासी श्रीमती सुनीता सोनवानी भी इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि उनके परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा बन गई है। इस राशि से घर के दैनिक खर्चों, बच्चों के पोषण तथा अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद मिलती है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें आर्थिक सुरक्षा का एहसास हुआ है और भविष्य को लेकर उनका विश्वास भी मजबूत हुआ है। श्रीमती सुनीता सोनवानी का कहना है कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली है, बल्कि परिवार की खुशहाली और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए भी नई राह खुली है। उन्होंने इस जनहितैषी योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। आज महतारी वंदन योजना अनेक महिलाओं के जीवन में उम्मीद और आत्मविश्वास का नया संचार कर रही है।

