‘गांधी और शास्त्री जयंती ‘ पर संस्कार पब्लिक स्कूल सकती में विशेष प्रार्थना सभा एवं स्वच्छता जागरूकता रैली आयोजित




‘गांधी और शास्त्री जयंती ‘ पर संस्कार पब्लिक स्कूल सकती में विशेष प्रार्थना सभा एवं स्वच्छता जागरूकता रैली आयोजित
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -संस्कार पब्लिक स्कूल, सक्ती में 1 अक्टूबर ,2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और के देश के द्वितीय प्रधानमंत्री श्री लालबहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा एवं स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य श्री वी. के. मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।विशेष प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन, व्यक्तित्व एवं भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानवता से जुड़े संदेशों से उपस्थितजनों को परिचित कराया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से गांधीजी के विचारों को वर्तमान जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री वी. के. मिश्रा जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी और श्री लालबहादुर शास्त्री जी के आदर्श, सादगी और दूरदर्शिता आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने तथा अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया। प्राचार्य जी ने अपने संबोधन में विशेषतः इस बात पर जोर देते हुए कहा कि – ” गाँधीजी और शास्त्री जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि तभी सार्थक होगा जब हम उनके सिद्धांतों और कार्यों को अपनाकर जनहित के लिए खुद को समर्पित करेंगें। “कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यालय परिसर से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने स्वच्छता पर आधारित प्रेरक नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “स्वच्छ रहें, स्वस्थ रहें”, “स्वच्छता अपनाएं, बीमारियां भगाएं” जैसे नारों के माध्यम से स्वच्छ समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही। संपूर्ण आयोजन गांधीजी के स्वच्छता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की भावना के साथ सम्पन्न हुआ।






