शक्ति जिले में खाद विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई- तीन के लाइसेंस निरस्त. 1 मई से 10 जून तक जिले में जन समस्या शिविर. कलेक्टर साहब खुद निर्माण कार्यों का करेंगे निरीक्षण. जिला पंचायत सीईओ जैन ने जन दर्शन में सुनी समस्याएं. निर्माण गुणवत्ता की जांच करेंगे अब तोपनों साहब



शक्ति जिले में खाद विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई- तीन के लाइसेंस निरस्त. 1 मई से 10 जून तक जिले में जन समस्या शिविर. कलेक्टर साहब खुद निर्माण कार्यों का करेंगे निरीक्षण जिला पंचायत सीईओ जैन ने जन दर्शन में सुनी समस्याएं
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभाग अंतर्गत चल रहे विभागीय कामकाज की समीक्षा की। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने आगामी सुशासन तिहार 2026 को लेकर निर्देश दिए कि जिलेभर में 1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले जन समस्या निवारण शिविरों की तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, साथ ही सभी विभाग समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित कर आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने पीएम आवास, सड़क व शासकीय भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारियों को सतत निरीक्षण और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में बेहतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। कलेक्टर ने बताया कि वे स्वयं निर्माण स्थलों का फील्ड निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए इसके साथ ही समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने हेतु नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से 30 अप्रैल तक स्वयं जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 1 मई से 30 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना करते हुए प्रत्येक मकान की विस्तृत जानकारी संकलित करेंगे। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुष्मान कार्ड निर्माण, वय वंदना योजना, एनआरसी पोषण पुनर्वास केंद्र सहित अन्य कार्यों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को योजना का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना, लोक सेवा गारंटी सहित अन्य कार्यो की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों के अद्यतन स्थिति सहित अन्य आवश्यक कार्याे की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित पेंशन प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा तहसीलवार विवादित नामंतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जनचौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा, संयुक कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी श्री उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सुधाकर बोदले सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर के निर्देशन में नकली खाद व कालाबाजारी पर बड़ी कार्यवाही, 3 विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित
सक्ती-कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन तथा उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में उर्वरक विक्रेताओं पर सख्त निगरानी रखते हुए लगातार छापामार कार्यवाही की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद की कालाबाजारी, अधिक कीमत पर बिक्री और गुणवत्ताहीन सामग्री के वितरण पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी, वहीं किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज, खाद एवं कीटनाशक उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीफ सीजन प्रारंभ होने से पहले जिले में उर्वरकों की सुचारू एवं समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विक्रय केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। उर्वरक निरीक्षकों को सतत निगरानी रखने और कालाबाजारी, डायवर्सन तथा जमाखोरी रोकने के लिए सख्ती बरतने को कहा गया है।कृषि विकास जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार विगत दिवस जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम द्वारा विभिन्न उर्वरक विक्रय स्थलों और भंडारण केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनियमितता पाए जाने पर विकासखण्ड जैजैपुर के ग्राम भातमहुल स्थित मेसर्स सक्ती आधुनिक एफ.पी.ओ., का लाइसेंस निलंबित किया गया। इसके साथ ही विकासखंड सक्ती के ग्राम लवसरा स्थित मेसर्स धनलक्ष्मी कृषि केंद्र एवं विकासखंड डभरा के ग्राम साराडीह स्थित मेसर्स कोमल प्रसाद जायसवाल के प्राधिकरण पत्र भी निलंबित किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित फर्मों द्वारा विक्रय स्थल पर स्टॉक का प्रदर्शन नहीं किया जा रहा था, किसानों को कैश व क्रेडिट मेमो जारी किए बिना ही बिक्री की जा रही थी तथा प्राधिकरण पत्र में दर्ज फर्म के नाम के बिना व्यापार किया जा रहा था। यह सभी कृत्य उर्वरक (अकार्बनिक, कार्बनिक एवं मिश्रित) नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए गए, जिसके चलते संबंधित फर्मों के लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित कर दिए गए हैं। कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार अब तक जिले में कुल 48 उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है, जिसमें 3 केंद्रों पर विक्रय प्रतिबंध लगाते हुए लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, वहीं 17 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। बिना पीओएस मशीन के उर्वरक वितरण करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उप संचालक कृषि ने बताया कि किसानों को गुणवत्ता युक्त खाद, बीज एवं दवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। यदि किसी भी विक्रेता द्वारा गुणवत्ताहीन सामग्री का विक्रय किया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी
जिला पंचायत सीईओ ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं।आज जनदर्शन में कुल 18 आवेदन हुए प्राप्त
शक्ति -जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पोता निवासी श्रीमती रूमा महेश सारथी ने महतारी वंदन योजना ई केवाईसी तथा ग्राम पोता के नल जल योजन पूर्ण रूप से अधुरा है ठेकेदार को अंतिम किस्त की राशि जारी न करने के सम्बन्ध में, तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम कोटेतरा निवासी श्री भरोस कुमार चन्द्रा प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला इंदिरा आवास ने रुके हुए वेतन वृद्धि अप्राप्त वेतन एवं पदोन्नती वेतन मान की राशि प्रदाय करवाने के संबंध, तहसील अडभार अंतर्गत ग्राम चरौदा निवासी श्री चेतन दास महंत ने भूमिहीन सुची में नाम कट जाने के के बाद पुनः नाम जोड़ने के संबंध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम परसापाली निवासी श्री बसंत कुमार एवं ग्राम पलाडी कला निवासी श्री रविशंकर साहू ने गैस सिलेंडर वापसी दिलाने के संबध में, तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम काशीगढ़ निवासी श्री दादूराम, सहदेव चन्द्रा तथा समस्त ठाकुरदिया पारा ने ठाकुरदिया पारा ग्राम पंचायत काशीगढ़ जनपद पंचायत जैजैपुर के आंगनबाडी केन्द्र क्रमांक 2 में भवन के संबंध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है।
सफलता की कहानी-प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ श्री संतोष कुमार कुर्रे का पक्के घर का सपना।कच्चे मकान की परेशानी से मिली स्थायी राहत, अब सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन
सक्ती- राज्य शासन की जनकल्याणकारी नीतियों एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं का लाभ अब ग्रामीण अंचलों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। आवासहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना आज अनेक परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है।इसी क्रम में सक्ती जिले के ग्राम पंचायत लहंगा निवासी श्री संतोष कुमार कुर्रे का वर्षों पुराना सपना अब साकार हो गया है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे लंबे समय से कच्चे मकान में निवास कर रहे थे। बरसात के मौसम में छत से पानी टपकना, दीवारों में सीलन आना और असुरक्षित माहौल के कारण उनके परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राप्त सहायता राशि से श्री कुर्रे ने अपना पक्का मकान बनवाया। अब उनका परिवार सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर वातावरण में निवास कर रहा है। पक्के घर ने न केवल उन्हें मौसम की मार से राहत दी है, बल्कि उनके जीवन में स्थिरता और सम्मान भी प्रदान किया है। श्री संतोष कुमार कुर्रे बताते हैं कि पहले कच्चे घर में रहना बेहद कठिन था, विशेषकर बारिश के समय स्थिति और भी खराब हो जाती थी। लेकिन अब पक्का मकान बनने से सभी समस्याओं से राहत मिल गई है और परिवार के साथ सुरक्षित व सुखद जीवन व्यतीत कर रहा हूं। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।



