घर बैठे बैंक दे रही आपको लोन- भारतीय स्टेट बैंक शक्ति शाखा ने किया लोन मेले का आयोजन, मौके पर ही करोड़ों रुपए के लोन हुए स्वीकृत, शक्ति जिले में प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना से लाभान्वित हो रही महिलाएं, युक्ति करण प्रक्रिया से स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हो रही उपलब्ध




भारतीय स्टेट बैंक शक्ति शाखा ने किया लोन मेले का आयोजन, मौके पर ही करोड़ों रुपए के लोन हुए स्वीकृत, शक्ति जिले में प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना से लाभान्वित हो रही महिलाएं, युक्ति करण प्रक्रिया से स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हो रही उपलब्ध
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ति- खाद्य विभाग अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से सक्ती जिले के लोगो को लाभ मिल रहा है। इस योजना के तहत डभरा ब्लॉक अंतर्गत नवापारा (ड) ग्राम की निवासी श्रीमती कमला माली को एलपीजी गैस सिलेंडर एवं चूल्हा प्रदान किया गया। जिसका उपयोग कर उनके चेहरे पर लगातार मुस्कान बनी हुई है और वे बहुत खुश है। श्रीमती कमला एवं उनका परिवार पहले लकड़ी एवं उपले, कंडे जलाकर खाना पकाते थे। जिससे अब उन्हें छुटकारा मिला है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से ग्रामीण और वंचित समुदायों के जीवन में क्रांतिकारी सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है, जिससे लकड़ी और उपलों से खाना पकाने के बजाय साफ एलपीजी ईंधन का उपयोग हो रहा है। यह योजना खाना पकाते समय धुएँ से मुक्ति दिलाती है, महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार करती है और सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देती है। एलपीजी कनेक्शन दिए जाने और स्वच्छ ईंधन तक पहुंच में उल्लेखनीय वृद्धि होने से यह योजना भारत में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है। उज्ज्वला योजना सतत विकास लक्ष्यों, विशेषकर स्वच्छ ऊर्जा और अच्छे स्वास्थ्य को प्राप्त करने में भारत की प्रगति को गति दे रही है। महिलाए इस योजना को अपनाकर इससे लाभान्वित हो रही है। जिससे ग्रामीण भारत में स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा मिल रहा है।
भारतीय स्टेट बैंक शाखा सक्ती द्वारा कृषि लोन वितरण शिविर का किया गया आयोजन
सक्ति-भारतीय स्टेट बैंक शाखा सक्ती द्वारा एक दिवसीय एसएचजी (स्व-सहायता समूह) एवं कृषि लोन वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य स्थानीय किसानों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं से जोड़ना है। शिविर में उपस्थित स्व सहायता समूह की महिलाओं और किसानों को बैकिंग गतिविधियों से सम्बधित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही शिविर में कुल 1.05 करोड़ रूपये (एक करोड़ पाँच लाख रुपये) के एसएचजी एवं कृषि ऋण का वितरण हितग्राहियों को किया गया, जिससे अनेक महिला समूहों एवं किसानों को लाभ प्राप्त होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन, भारतीय स्टेट बैंक, बिलासपुर आंचलिक कार्यालय के उप महाप्रबंधक श्री आलोक रंजन, क्षेत्रीय प्रबंधक श्री आदर्श श्रीवास्तव, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री मनोज कुमार वर्मा तथा भारतीय स्टेट बैंक, शाखा सक्ती के मुख्य प्रबंधक श्री रॉकी गोयल की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन भारतीय स्टेट बैंक, शाखा सक्ती के श्री मिथलेश राजपूत, श्री सौरभ कुमार अग्रवाल एवं श्री आशुतोष बाजपेयी द्वारा किया गया। अंत में लीड बैंक मैनेजर श्री मनोज कुमार वर्मा द्वारा सभी उपस्थित गणमान्य नागरिकों, लाभार्थियों, एफएलसीआरपी, एसएचजी सदस्यों, किसानों एवं अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
आकस्मिक मृत्यु हो जाने के कारण 4 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत
सक्ति-राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड-6 क्रमांक 4 परिशिष्ट “एक” प्राकृतिक आपदा से होने वाली क्षति के लिए शासन द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता अनुदान के लिए निर्धारित मापदंडों तथा दरों के तहत चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि की स्वीकृति दी गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार सक्ती जिले के तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम पतेरापाली कला निवासी मृतक स्व. श्रीमती गडाईन बाई का तालाब के पानी में डूबने के कारण मृत्यु होने पर उनके निकटतम वारिस मृतक के पति श्री बुध राम गोंड पिता श्री निर्मल सिंह को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत चार लाख रूपये भुगतान किए जाने की स्वीकृति निर्धारित शर्तों के अधीन प्रदान की गई है।
युक्तियुक्तकरण के तहत भद्रीपाली स्कूल के बच्चों की पढ़ाई में लौट रही नई ऊर्जा,नियमित शिक्षिका की पदस्थापना से बच्चों में बढ़ा उत्साह
सक्ति-युक्तियुक्तकरण के तहत सक्ती ब्लॉक के ग्राम भद्रीपाली स्थित शासकीय प्राथमिक शाला भद्रीपाली में अब शिक्षा की नई किरण पहुंच रही है और बच्चों की पढ़ाई में एक नई ऊर्जा संचारित हो रही है। वर्षों से एकल शिक्षकीय शाला के रूप में संचालित इस विद्यालय में युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के तहत शिक्षिका श्रीमती संजू भारद्वाज की नियुक्ति की गई है। शासकीय प्राथमिक शाला भद्रीपाली के प्रधानपाठक श्री रूपेश कुमार साहू ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में कुल 32 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। पहले यह विद्यालय लंबे समय से एकल शिक्षक द्वारा संचालित किया जा रहा था। कुछ समय तक वैकल्पिक शिक्षक की मदद से कक्षाएं संचालित की जा रही थी, लेकिन नियमित शिक्षक की कमी के कारण बच्चों को अपेक्षित शिक्षा नहीं मिल पा रही थी। अब शिक्षिका श्रीमती संजू भारद्वाज की नियुक्ति के बाद बच्चों में पढ़ाई को लेकर नया उत्साह देखा जा रहा है। वे समय पर विद्यालय आने लगे हैं और मन लगाकर अध्ययन कर रहे हैं। शिक्षिका श्रीमती भारद्वाज न सिर्फ नियमित रूप से कक्षाएं ले रही हैं, बल्कि बच्चों को नैतिक मूल्यों और अनुशासन की शिक्षा भी दे रही हैं। युक्तियुक्तकरण की इस पहल ने भद्रीपाली के छोटे से विद्यालय में शिक्षा की रौशनी फिर से जगा दी है, जिससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होने की नई राह खुली है।











