कलेक्टर जय श्री जैन ने ली समय सीमा की बैठक-सभी विभागों के अधिकारियों को दिए निर्देश.धान खरीदी को लेकर सख्त है मैडम जी. जल जीवन मिशन के कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने पीएचई विभाग को दिया निर्देश. जिले में खाद्य औषधि प्रशासन का चला अभियान

समय सीमा की बैठक को संबोधित करते कलेक्टर जय श्री जैन
खाद्य औषधि प्रशासन का निरीक्षण अभियान

कलेक्टर जय श्री जैन ने ली समय सीमा की बैठक-सभी विभागों के अधिकारियों को दिए निर्देश.धान खरीदी को लेकर सख्त है मैडम जी. जल जीवन मिशन के कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने पीएचई विभाग को दिया निर्देश. जिले में खाद्य औषधि प्रशासन का चला अभियान

शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर

शक्ति -जिला सक्ती में आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा 16 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ 15 दिवसीय विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है।उक्त अभियान के तहत उपसंचालक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन श्रीमती पूजा अग्रवाल एवं अभिहित अधिकारी श्री एहसान तिग्गा के दिशा-निर्देश में 16 नवम्बर 2026 को शहर से लगे राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ढाबों एवं रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान जायसवाल ढाबा, एनएच-49 पोरथा से पका हुआ दाल का नमूना लिया गया। इसी प्रकार अतिथि शुद्ध शाकाहारी फैमिली ढाबा से पका हुआ चावल, दाल एवं पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं अविनाश फैमिली ढाबा एवं वेलकम रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के लिए सभी को सूचना पत्र जारी किया गया। इसी क्रम में 17 नवम्बर 2026 को सेवन होटल, स्टेशन रोड सक्ती का निरीक्षण किया गया तथा प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार के संबंध में सूचना पत्र जारी करते हुए सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। अभियान के तहत जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण एवं आवश्यक प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की।धान खरीदी कार्य में पारदर्शिता एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करें सभी संबंधित अधिकारी – कलेक्टर।कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से कार्य करने के दिए निर्देश

 शक्ति -कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित समय सीमा के प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती जैन ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों, नोडल अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को उपार्जन केंद्रों की सतत निगरानी तथा धान की आवक एवं भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी केंद्रों में आगामी दिनों में आने वाले किसानों की संख्या का ध्यान रखते हुए धान खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में पेयजल, छाया, शौचालय, विद्युत एवं साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी गंभीरता एवं तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि जिले में धान खरीदी कार्य सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जिले में 19 नवंबर 2026 को नगर पंचायत बाराद्वार स्थित अंबेडकर भवन में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
        समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से शासकीय कार्यों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में फाइलों का संचालन एवं शासकीय कार्य ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन किए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से फाइलों का ऑनलाइन संचालन होने से कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी तथा शासकीय कार्यों का संपादन अधिक सरल, सुगम एवं व्यवस्थित रूप से किया जा सकेगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, पंचायत सहित अन्य निर्माण कार्यों से संबंधित विभागों से जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण कार्य समयावधि में पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को उनके विभाग अंतर्गत संचालित शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में गंभीरता के साथ कार्य करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर सभी आवश्यक विभागीय कार्य करने के निर्देश दिए। जिससे कार्यों को बेहतर ढंग से किया जा सके। जिससे कार्यों के अच्छे प्रोग्रेस व रिजल्ट मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
 समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए लक्ष्य अनुसार कार्य सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिले में अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता सीएसईबी को सभी जनपदों में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का जमीनी स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने और हितग्राहियो की संख्या मे बेहतर प्रोग्रेस लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने योजना के तहत आवेदन करने सहित अन्य सभी आवश्यक प्रक्रिया में आमजन को सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए है। जिससे ज्यादा से ज्यादा आमजन इस योजना का सुलभता से लाभ ले सके। कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर संबंधित योजनाओं व कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की निगरानी पारस पोर्टल के माध्यम से की जाती है। इसलिए सभी विभाग अपनी संबंधित विभागीय योजनाओं, कार्यो एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति को पोर्टल पर समय-सीमा में अनिवार्य रूप से अपडेट करें। उन्होंने अधिकारियों को पोर्टल पर दर्ज जानकारी की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की विभागवार जानकारी ली। कलेक्टर ने समय सीमा के भीतर सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण नहीं करने वाले संबंधित विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ शत प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए.बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी विभागीय अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओ और कार्यो का विभागीय स्तर पर भी नियमित रूप से समीक्षा करते हुए आमजन को ज्यादा से ज्यादा लाभान्वित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने के कार्यों की जानकारी लेते हुए इस कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत एचपीवी वैक्सिनेशन, निक्षय पोषण योजना, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट आदि की जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने सेवा सेतु एप के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करने के निर्देश दिए.कलेक्टर ने बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर द्वारा लेबर रिपोर्ट, स्वामित्व योजना, लोक सेवा गारंटी, लंबित पेंशन प्रकरणों, आयुष्मान योजना, पीएम आवास योजना शहरी सहित अन्य विभागीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने तहसीलवार विवादित नामांतरण, अविवादित नामांतरण, विवादित खाता विभाजन,  अविवादित खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिये गए। साथ ही विभागवार समय-सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन एवं जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री नवीन भगत, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, डिप्टी कलेक्टर श्री पोषक चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Discover more from GL News

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading