शिक्षकों की दक्षता बढ़ाने की पहल-शिक्षाविद पी श्रीनिवास राव के मार्गदर्शन में दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण का कार्यक्रम संपन्न. श्री राव ने कहा-शिक्षक विद्यार्थियों के हैं भविष्य निर्माता.शिक्षा को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया राव जी ने




शिक्षाविद पी श्रीनिवास राव के मार्गदर्शन में दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण का कार्यक्रम संपन्न. श्री राव ने कहा-शिक्षक विद्यार्थियों के हैं भविष्य निर्माता
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-जिला मुख्यालय शक्ति के जे.बी.डी.ए.वी. स्कूल, सक्ती में प्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं प्रशिक्षक पी. श्रीनिवास राव के मार्गदर्शन में दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, प्रभावी कक्षा प्रबंधन, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नवीन आयामों से अवगत कराना था।प्रशिक्षण के दौरान पी. श्रीनिवास राव ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन एवं भविष्य के निर्माता होते हैं। उन्होंने शिक्षकों को प्रत्येक विद्यार्थी की क्षमता को पहचानकर उसे सही दिशा देने, सकारात्मक वातावरण निर्मित करने तथा शिक्षा को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुभवपूर्ण विचारों, व्यावहारिक उदाहरणों एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन ने सभी शिक्षकों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।इस अवसर पर विद्यालय संचालक अंकित दरयानी ने पी. श्रीनिवास राव का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जैसे अनुभवी प्रशिक्षक का मार्गदर्शन विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से शिक्षकों को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए नई सोच और नई दिशा प्राप्त हुई है। श्री दरयानी ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को व्यवहार में लाने और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
विद्यालय के सचिव सुनील दरयानी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता शिक्षकों की दक्षता पर निर्भर करती है। उन्होंने पी. श्रीनिवास राव सर के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों के ज्ञान, कौशल एवं आत्मविश्वास को सुदृढ़ करते हैं और विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।विद्यालय के प्राचार्य आर. एन. धीवर ने भी पी. श्रीनिवास राव सर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली को समझने और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रेरणा मिली है। उन्होंने सभी शिक्षकों से प्रशिक्षण के अनुभवों को अपने शिक्षण कार्य में अपनाने का आग्रह किया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा पी. श्रीनिवास राव का सम्मान किया गया तथा उनके अमूल्य मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का संकल्प लिया।जे.बी.डी.ए.वी. स्कूल, सक्ती भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन कर शिक्षकों के व्यावसायिक विकास एवं शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है

