शक्ति जिला प्रशासन की अनुकरणीय पहल- जिले में प्रारंभ हुई पशु मेडिकल एम्बुलेंस सेवा.पशुओं के बीमार की सूचना एक डायल पर घर पहुंचेगी एंबुलेंस. जिले में दिव्यांगजन पुरस्कार एवं पीएम बाल पुरस्कारों के लिए दे सकते है आवेदन. जिला प्रशासन की तत्परता से जिले में खाद बीज का है पर्याप्त भंडारण

शक्ति जिला प्रशासन की अनुकरणीय पहल- जिले में प्रारंभ हुई पशु मेडिकल एम्बुलेंस सेवा.पशुओं के बीमार की सूचना एक डायल पर घर पहुंचेगी एंबुलेंस. जिले में दिव्यांगजन पुरस्कार एवं पीएम बाल पुरस्कारों के लिए दे सकते है आवेदन. जिला प्रशासन की तत्परता से जिले में खाद बीज का है पर्याप्त भंडारण
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -पशुपालन और डेयरी विभाग, भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित और छत्तीसगढ़ सरकार के पशुधन विकास विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों में मोबाइल पशु चिकित्सा इकाई संचालित है, जिसके लिए हेल्पलाइन 1962 डायल करके पशु चिकित्सा के लिए अपना जानकारी दे सकते हैं। इसके बाद पशुधन मालिक के दरवाजे पर 1962 वाहन डॉक्टर सहित समय पर उपचार प्रदान करेगा। जब दिन के किसी भी समय 1962 आपातकालीन सेवा केंद्र पर पशुधन मालिक से इमरजेंसी कॉल प्राप्त होता है, तो पूछकर बेसिक जानकारी प्राप्त किया जाता है और कॉल करने वाले को उनके निकटतम सरकारी मोबाइल पशु चिकित्सा क्लिनिक/एम्बुलेंस, अस्पताल तक जानकारी प्रसारित की जाती है। कॉल सेंटर में पशु चिकित्सक आपातकाल के प्रकार का पता लगाता है और या तो ऑनलाइन मेडिकल डायरेक्शन (ओएलएमडी) प्रदान करता है या एम्बुलेंस भेजता है। पशु चिकित्सक के साथ एम्बुलेंस पशुपालक के दरवाजे तक पहुंचती है, बीमार मवेशियों की स्थिति का आकलन करती है और मौके पर ही उपचार प्रदान करती है। इस 1962 सुविधा के लिए राज्य शासन से कई कंपनी ने आपात सेवा देने के लिए अनुबंध किया है, जिसके तहत वे निरंतर काम कर रहे हैं।
पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी का विशेष अभियान प्रारंभ।30 जून तक अभिलेख सत्यापन एवं संशोधन कराने की गई अपील
शक्ति -छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के हितों की सुरक्षा तथा जनकल्याणकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के पंजीयन अभिलेखों का आधार कार्ड में दर्ज जानकारी से मिलान कर आवश्यक संशोधन एवं अद्यतन किया जाएगा। श्रम विभाग द्वारा यह कार्य 30 जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया।इस विशेष अभियान के अंतर्गत जिले के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में उपस्थित होना होगा। सीएससी संचालक द्वारा श्रमिक की पहचान का सत्यापन कर पोर्टल के रजिस्ट्रेशन अपडेशन मॉड्यूल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। सत्यापन उपरांत श्रमिकों की जानकारी आधार कार्ड में उपलब्ध प्रमाणित विवरण के अनुसार अद्यतन की जाएगी। इस प्रक्रिया के दौरान नाम (हिंदी एवं अंग्रेजी), जन्मतिथि, लिंग तथा मोबाइल नंबर जैसे महत्वपूर्ण विवरणों में आवश्यक संशोधन किया जाएगा। इससे श्रमिकों का डाटाबेस अधिक सटीक एवं अद्यतन होगा तथा भविष्य में ई-केवाईसी और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी। संशोधन आवेदन के लिए आधार कार्ड की स्पष्ट प्रति, श्रमिक का सहमति पत्र, ई-साइन तथा मोबाइल ओटीपी प्रमाणीकरण अनिवार्य रखा गया है। लाभार्थी की वास्तविक पहचान सुनिश्चित करने के लिए आवेदन प्रक्रिया के दौरान लाइव फोटो भी अपलोड की जाएगी। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद एक विशिष्ट आवेदन क्रमांक जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। कार्यालय श्रम पदाधिकारी, जिला सक्ती ने सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से निर्धारित समयावधि के भीतर अपने अभिलेखों का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन कराने की अपील की है। अधिक जानकारी एवं सहायता के लिए कार्यालय श्रम पदाधिकारी सक्ति जनपद पंचायतों में संचालित श्रम संसाधन केंद्र, निकटतम चॉइस सेंटर अथवा लोक सेवा केंद्र से संपर्क किया जा सकता है
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु 31 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित
शक्ति -आगामी 03 दिसम्बर 2026 को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।उप संचालक, समाज कल्याण कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार राष्ट्रीय पुरस्कार हेतु नामांकन एवं आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक व्यक्ति एवं संस्थाएं भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल www.awards.gov.in पर निर्धारित श्रेणियों में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए नामांकन एवं आवेदन की प्रक्रिया 15 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।समाज कल्याण विभाग ने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से निर्धारित समयावधि में आवेदन करने की अपील की है। साथ ही संबंधित विभागों एवं स्वेच्छिक संस्थाओं को भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार हेतु प्रतिभाशाली बच्चों से 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
सक्ती-बच्चों की असाधारण प्रतिभा और उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2026 के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रतिवर्ष भारत के राष्ट्रपति द्वारा उन बच्चों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है। महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस वर्ष नामांकन प्रक्रिया 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कार के लिए वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसी श्रेणियों में उल्लेखनीय उपलब्धियों को मान्यता दी जाएगी। इच्छुक बच्चे, अभिभावक, संस्थाएं अथवा अन्य व्यक्ति योग्य बच्चों का नामांकन कर सकते हैं। स्व-नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध है। सभी आवेदन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टलhttps://awards.gov.in/पर विजिट किया जा सकता है।राज्य शासन ने प्रदेश के प्रतिभाशाली बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है, ताकि उनकी उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध, किसान समय पर करें उठाव
सक्ती-जिले के समस्त किसानों को उप संचालक कृषि श्री तरुण प्रधान ने कहा कि खरीफ 2026 हेतु जिला सक्ती के समस्त सेवा सहकारी समितियों में मांग अनुरूप खाद एवं प्रमाणित बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।उप संचालक द्वारा जिले के किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने तथा समय पर बुवाई सुनिश्चित करने के लिए अपने विकासखंड के निकटतम सेवा सहकारी समिति से अनुशंसित मात्रा में खाद एवं बीज का शीघ्र उठाव करें तथा आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए संबंधित सेवा सहकारी समिति अथवा कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।

