सड़क दुर्घटनाओं पर कलेक्टर साहब की चिंता-शक्ति जिले में भी नशे की खेती पर रहेगी प्रशासन एवं पुलिस की नजर. समिति का हुआ गठन। कलेक्टर तोपनों ने समय सीमा की बैठक एवं जन दर्शन कार्यक्रम का किया आयोजन।सरकारी योजनाओं की करी समीक्षा





शक्ति जिले में भी नशे की खेती पर रहेगी प्रशासन एवं पुलिस की नजर. समिति का हुआ गठन। कलेक्टर तोपनों ने समय सीमा की बैठक एवं जन दर्शन कार्यक्रम का किया आयोजन।सरकारी योजनाओं के करी समीक्षा
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभाग अंतर्गत चल रहे विभागीय कामकाज की समीक्षा की। समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में त्वरित सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक दुर्घटना वाले स्थानों पर जागरूकता बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा संकेतक अनिवार्य रूप से लगाने पर जोर दिया। कलेक्टर ने संवेदनशील क्षेत्रों में सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य में तेजी लाने और सड़कों से अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिए गए। समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने जिले में मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन और बिक्री पर कड़ा नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों को समन्वय के साथ नियमित कार्रवाई और फील्ड निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मेडिकल स्टोर्स व क्लीनिकों की जांच, प्रतिबंधित दवाओं की निगरानी और अवैध क्लीनिकों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कोटपा एक्ट के तहत स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने तथा युवाओं में नशा विरोधी जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर ने शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र, उल्लास योजना एवं आधार एमबीयू से जुड़े कार्यों की विस्तार से जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा प्रत्येक विद्यालय में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना, जल जीवन मिशन, लोक सेवा गारंटी आदि कार्यो की विस्तृत समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित पेंशन प्रकरणों के अद्यतन स्थिति सहित अन्य आवश्यक कार्याे की विस्तारपूर्वक जानकारी ली तथा विभिन्न विभाग अंतर्गत लंबित पेंशन प्रकरणों का तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा तहसीलवार विवादित नामंतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, व्यपवर्तन, नक्शा बटांकन, त्रुटि सुधार, आधार प्रविष्टि सहित अन्य विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा पंचायत विभाग, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा के लंबित प्रकरणों, जनदर्शन, जनचौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेन्द्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैकरा, संयुक कलेक्टर श्री अरुण कुमार सोम, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, एसडीएम मालखरौदा श्री रूपेंद्र पटेल, एसडीएम डभरा श्री विनय कुमार कश्यप, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, जिला कोषालय अधिकारी श्री उपेन्द्र पटेल, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री सुधाकर बोदले सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से ओटीसी चालान जमा करने प्रशिक्षण किया गया आयोजित
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक के पश्चात ई-कोष पोर्टल के तहत ई-चालान मॉड्यूल के माध्यम से ओटीसी (ओवर द काउंटर) चालान जमा करने संबंधी विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें बैंक प्रबंधक और आहरण संवितरण अधिकारी शामिल हुए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 01 अप्रैल 2026 से भौतिक (मैनुअल) चालान का प्रचलन समाप्त हो जाएगा और सभी चालान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही जमा किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ओटीसी सुविधा के अंतर्गत चालान का डेटा सीधे बैंक को ऑनलाइन भेजा जाएगा, जिससे बैंक स्तर पर पुनः प्रविष्टि की आवश्यकता नहीं रहेगी। बैंक काउंटर पर केवल ऑनलाइन जनरेटेड चालान, जिसमें ट्रेजरी रेफरेंस नंबर (टीआरएन) अंकित होगा, के आधार पर राशि जमा की जाएगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नई ऑनलाइन व्यवस्था को समय पर प्रभावी रूप से लागू करें और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि 01 अप्रैल 2026 से ओटीसी ई-चालान के माध्यम से चालान जमा करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
मादक पदार्थों की अवैध खेती पर कड़ी नजर, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
शक्ति जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए इस पर निरंतर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में संभावित अफीम सहित अन्य अवैध फसलों की पहचान एवं रोकथाम के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए है। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, सचिव और कोटवार की संयुक्त टीम तथा शहरी क्षेत्रों में पटवारी एवं नगरीय निकायों के अमले को मिलकर सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर राजस्व, पुलिस और वन विभाग को तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। कृषि, उद्यानिकी एवं रेशम विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निगरानी में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को गांव-गांव जाकर खेतों का निरीक्षण करने, संदिग्ध फसलों की पहचान करने और समय पर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया है। प्रशासन ने अवैध खेती में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की विभिन्न समस्याएं।आज जनदर्शन में कुल 22 आवेदन हुए प्राप्त
शक्ति -जिला कार्यालय में आयोजित हुए कलेक्टर जनदर्शन में आज कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा जिले के दूर दराज के इलाकों से आए विभिन्न लोगों की समस्याएं सुनी गई। जनदर्शन में आज अलग-अलग समस्याओं के निराकरण हेतु कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए। जिस पर कलेक्टर ने प्राप्त आवेदनों को कलेक्ट्रेट परिसर सभाकक्ष में उपस्थित संबंधित अधिकारियों को तत्काल देकर यथाशीघ्र नियमानुसार त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
जनदर्शन में आज तहसील बाराद्वार अंतर्गत ग्राम पलाड़ी खुर्द निवासी श्रीमती सीमा सहिस ने निर्धन कन्या विवाह सहायता हेतु आवेदन पत्र के सबंध में, तहसील अड़भार अंतर्गत ग्राम बंदोरा निवासी श्रीमती सुन्दर बाई ने दस किलो प्रमाणिकता राशन कार्ड निरस्त कर 35 किलो राशन कार्ड जारी करने के सम्बन्ध में, तहसील जैजैपुर अंतर्गत ग्राम बेलादुला निवासी श्री कुंजराम पिता रामाधार ने कुंजराम के हक व स्वामित्व की भूमि पर तहसीलदार जैजैपुर के द्वारा श्री दरसराम भारद्वाज का गलत एवं फर्जी तरीके से नाम दर्ज किए जाने के खिलाफ आपत्ति दर्ज करने के संबंध में, तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम नवापारा कला निवासी श्री अशोक सिंह कंवर ने पीएम किसान सम्मान निधि की राशि प्रदान कराने के संबंध में, तहसील मालखरौदा अंतर्गत ग्राम सतगढ़ निवासी श्री छतराम चंद्रा ने ग्राम पंचायत अमेराडीह आश्रित ग्राम सतगढ़ से सेवा सहकारी समिति अलग कर नया सेवा सहकारी समिति बनाने के सम्बन्ध में सहित अन्य विभिन्न आवेदको द्वारा साप्ताहिक जनदर्शन में आवेदन दिया गया। उल्लेखनीय है कि आमजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ तथा शीघ्र निराकरण करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रत्येक सप्ताह के मंगलवार को जिला स्तरीय जनदर्शन का आयोजन किया जा रहा है
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा, आवेदन की अंतिम तिथि 17 अप्रैल तक
शक्ति -मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रदेश में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा की सूचना जारी कर दी गई है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लेट तथा एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए राज्य में प्रयास आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं। वर्ष 2026-27 में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है तथा प्राक्चयन परीक्षा की तिथि 10 मई 2026 को निर्धारित की गई है। विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने हेतु https://eklavya.cg.nic.in/PRSMS/Student-Admission-Detail के माध्यम से कर सकते हैं। उक्त संबंध में आवेदन पत्र एवं अन्य जानकारी विभागीय वेबसाइट के माध्यम से तथा जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।


