बंगाल में चला बुलडोजर- हावड़ा स्टेशन के सामने हटाए गए अतिक्रमण. सत्ता बदलते ही चकाचक होने लगा है कोलकाता. सुनियोजित तरीके से हटाया गया बड़ा अतिक्रमण



बंगाल में चला बुलडोजर- हावड़ा स्टेशन के सामने हटाए गए अतिक्रमण. सत्ता बदलते ही चकाचक होने लगा है कोलकाता
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही प्रशासनिक अमला पूरी तरह से मुस्तैद और सख्त नजर आ रहा है और बुलडोजर एक्श जारी है. इसी कड़ी में देर रात हावड़ा स्टेशन के बाहर एक बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. हावड़ा स्टेशन के ठीक बाहर स्थित गंगा घाट और बस स्टैंड के आसपास फुटपाथों और सार्वजनिक रास्तों पर अवैध रूप से कब्जा करके चलाई जा रही दुकानों और व्यवसायों पर प्रशासन का बुलडोजर गरजा है.वर्षों से फुटपाथ और सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा कर व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को हटाने के लिए यह अभियान चलाया गया. सार्वजनिक जमीनों पर जमे दुकानदारों को हटाने के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है.
चूंकि यह पूरा क्षेत्र रेलवे परिसर के अधीन आता है, इसलिए इस अभियान को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया. कार्रवाई के दौरान आईओडब्ल्यू (IOW) विभाग, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और हावड़ा सिटी पुलिस के आला अधिकारी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे. प्रशासन ने बिना किसी ढिलाई के बुलडोजर की मदद से पक्के और कच्चे अवैध निर्माणों को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया और पूरे इलाके को खाली करा लिया.रेलवे सुरक्षा बल की विशेष निगरानी में चले इस पूरे अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विरोध-प्रदर्शन को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे. पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था और प्रशासनिक अधिकारी खुद पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए थे. हालांकि, अचानक हुए इस बड़े एक्शन से कुछ समय के लिए दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल जरूर देखा गया






