शक्ति जिले में आश्रम छात्रावासों की अव्यवस्था से नाराज हुई कलेक्टर. विभागीय अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश। कलेक्टर मैडम ने 3 सितंबर को जिला मुख्यालय शक्ति के जनपद। तहसील। नगर पालिका का किया औचक निरीक्षण। कृषि अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश






शक्ति जिले में आश्रम छात्रावासों की अव्यवस्था से नाराज हुई कलेक्टर. विभागीय अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश। कलेक्टर मैडम ने 3 सितंबर को जिला मुख्यालय शक्ति के जनपद। तहसील। नगर पालिका का किया औचक निरीक्षण। कृषि अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आज जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं शासकीय कार्यों के सुचारू संचालन का जायजा लेने के उद्देश्य से एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय, नगर पालिका कार्यालय एवं तहसील का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों तथा आम नागरिकों से संबंधित सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में समयबद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखने, लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने तथा आम नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ सुगमता एवं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई, दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण तथा कार्यस्थल पर अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं एवं आवेदनों का गंभीरतापूर्वक निराकरण किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित हो। कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक लेकर दिए आवश्यक निर्देश।कलेक्टर ने जिले के किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
शक्ति -कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं मैदानी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, कृषक उन्नति योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं के लक्ष्यों एवं प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कार्यालयीन कार्यों के साथ-साथ मैदानी स्तर पर भी सक्रियता से कार्य करते हुए सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती जैन ने आगामी रबी फसल वर्ष 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए रबी फसलों के लिए आवश्यक प्रमाणित एवं उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की मांग का समय पर आकलन कर मांग पत्र प्रेषित करने तथा पर्याप्त मात्रा में बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को समय पर बीज एवं अन्य आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम तैयारी करने तथा दलहन-तिलहन क्षेत्र के विस्तार एवं धान के बदले अन्य फसलों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने कहा। बैठक में एग्रीस्टैक में लंबित किसानों के पंजीयन को शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार मुनादी, सोशल मीडिया, किसान चौपाल एवं ग्राम सभा के माध्यम से करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। कलेक्टर श्रीमती जैन ने किसानों को उच्च गुणवत्तायुक्त उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले में संचालित उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक विक्रय संस्थानों का नियमित निरीक्षण करने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसी प्रकार उद्यानिकी विभाग के अंतर्गत समेकित उद्यानिकी विकास योजना, मसाला क्षेत्र विस्तार योजना, पॉलीहाउस व पॉलीकल्चर प्रोत्साहन योजना, नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल्स-पाम एवं एकीकृत बागवानी प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित वित्तीय एवं भौतिक लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर छात्रावास-आश्रमों की व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
शक्ति -कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने जिले के आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर छात्रावास एवं आश्रमों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास-आश्रमों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था के साथ बच्चों में व्यक्तिगत स्वच्छता की आदत विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए। विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध हो तथा उन्हें प्रदान की जाने वाली स्वच्छता सामग्री का समय-सीमा में वितरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने मेस संचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मेस नायक की भूमिका एवं जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बेहतर बनी रहे। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में नोडल अधिकारियों द्वारा दिए गए सुधार संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। छात्रावासों से संबंधित सभी अभिलेखों को निर्धारित समय-सीमा में अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्रीमती जैन ने छात्रावास-आश्रमों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए निगरानी समिति एवं पालकों की बैठक प्रत्येक माह आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मरम्मत कार्यों में सरपंच एजेंसी के रूप में कार्य कर रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारियों द्वारा सरपंच से समन्वय कर कार्यों की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर ढंग से पूर्ण हो सकें। उन्होंने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र परीक्षण कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि कम उम्र में बच्चों को चश्मा लगाने की समस्या बढ़ रही है, इसलिए विद्यार्थियों की नियमित आंखों की जांच कराते हुए उन्हें नेत्र स्वास्थ्य एवं आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










