शक्ति जिले में निजी चिकित्सकों की सरकारी संस्थानों में सेवाओं के लिए लिए जा रहे आवेदन. 21 जून को सामुदायिक भवन में होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन. रेड क्रॉस का संपन्न हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर. चिस्दा के जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए प्रारंभ हुई आवेदन प्रक्रिया




शक्ति जिले में निजी चिकित्सकों की सरकारी संस्थानों में सेवाओं के लिए लिए जा रहे आवेदन. 21 जून को सामुदायिक भवन में होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन. रेड क्रॉस का संपन्न हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर. चिस्दा के जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए प्रारंभ हुई आवेदन प्रक्रिया
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा सक्ती के तत्वावधान में विश्व स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह दिवस प्रतिवर्ष स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, रेडक्रॉस सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर 17 लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि रक्तदान एक महादान है, जिससे अनेक जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है। उपस्थित लोगों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वैच्छिक रक्तदाताओं का सम्मान किया गया तथा रक्तदान के संबंध में जागरूकता संदेश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर द्वारा भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं जागरूकता आधारित कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई
जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन सामुदायिक भवन सक्ती में।21 जून को ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर सुबह 7 बजे से होगा सामूहिक योगाभ्यास
शक्ति -अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर सामुदायिक भवन, जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय के पास सक्ती में जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा जारी प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सुबह 7 बजे से सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो द्वारा कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, कार्पेट, गद्दे, साउंड सिस्टम, पेयजल, मेडिकल टीम, स्वल्पाहार, कानून व्यवस्था आदि अन्य आवश्यक व्यवस्थाओ के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है
जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा में कक्षा 11वीं कॉमर्स संकाय में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित
शक्ति -जिला सक्ती अंतर्गत पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11वीं कॉमर्स संकाय में रिक्त सीटों पर प्रवेश हेतु ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार ऐसे इच्छुक विद्यार्थी, जिन्होंने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में सीबीएसई अथवा राज्य सरकार से संबद्ध किसी सरकारी या शासन से मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा 10वीं की परीक्षा 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंकों के साथ उत्तीर्ण की हो, वे आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की जन्मतिथि 01 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के मध्य (दोनों तिथियां सम्मिलित) होना आवश्यक है। आवेदन पत्र नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट से प्राप्त किए जा सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र विद्यालय के ई-मेल jnvsakti@gmail.com पर भेजे जा सकते हैं अथवा कार्यालयीन समय में स्वयं उपस्थित होकर जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 25 जून 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों का चयन प्रावीण्य सूची के आधार पर किया जाएगा
“स्वस्थ तन स्वस्थ मन” (स्वास्थ्य सुरक्षा) योजना अंतर्गत 25 जून 2026 तक कर सकते हैं आवेदन।निजी चिकित्सकों से आवेदन आमंत्रित, छात्रावासों एवं आश्रमों में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु मिलेगा अवसर
शक्ति -छत्तीसगढ़ शासन, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग मंत्रालय रायपुर के आदेशानुसार अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थियों के लिए संचालित “स्वस्थ तन स्वस्थ मन” (स्वास्थ्य सुरक्षा) योजना 2007 के अंतर्गत जिले के शासकीय छात्रावासों एवं आश्रमों में निवासरत छात्र-छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु योग्य निजी चिकित्सकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिले में ऐसे छात्रावास एवं आश्रम, जहां शासकीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एम.बी.बी.एस. एवं बी.ए.एम.एस. डिग्रीधारी निजी चिकित्सकों का चयन किया जाएगा। इच्छुक चिकित्सक एक या एक से अधिक छात्रावासों एवं आश्रमों के लिए 25 जून 2026 तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार योजना के तहत चयनित निजी चिकित्सकों को 50 सीटर छात्रावास एवं आश्रमों में स्वास्थ्य परीक्षण के लिए प्रति भ्रमण 750 रुपये तथा 100 सीटर छात्रावास एवं आश्रमों के लिए प्रति भ्रमण 1200 रुपये मानदेय प्रदान किया जाएगा। चयनित चिकित्सकों को प्रत्येक माह कम से कम दो बार छात्रावासों एवं आश्रमों का भ्रमण कर विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण करना होगा। साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए यथासंभव अवकाश के दिनों में भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत प्रत्येक छात्रावास एवं आश्रम के विद्यार्थियों का विवरण स्वास्थ्य पंजी में अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा। इच्छुक चिकित्सकों को अपने लेटरपैड के साथ शासकीय मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेज अथवा संस्था से उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी चिकित्सकीय कार्य का प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पंजीयन प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर, वर्तमान पता तथा भारतीय स्टेट बैंक के खाते की प्रति सहित आवश्यक दस्तावेज सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, सक्ती कार्यालय में कार्यालयीन समय के दौरान पंजीकृत डाक, रजिस्टर्ड डाक अथवा स्वयं उपस्थित होकर जमा करना होगा। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा। निजी चिकित्सकों का चयन जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा पात्रता के आधार पर किया जाएगा। अनुबंध हेतु चिकित्सकों के चयन संबंधी जिला स्तरीय समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य होगा। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालय आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से संपर्क किया जा सकता है।

