शक्ति जिले के 24 विद्यार्थियों ने किया एयरपोर्ट का भ्रमण. जिला कलेक्टर तोपनो साहब की पहल पर जिला पंचायत सीईओ जैन साहब भी रहे बच्चों के साथ मौजूद. शक्ति जिले में 20 मई को दवा दुकानदारों की हड़ताल पर प्रशासन अलर्ट. लोगों से करी अपील-पूर्व से कर ले सुरक्षित जरूरी दवाइयां





शक्ति जिले के 24 विद्यार्थियों ने किया एयरपोर्ट का भ्रमण.प्रशासन की इस पहल पर जिला पंचायत सीईओ जैन साहब भी रहे मौजूद. शक्ति जिले में 20 मई को दवा दुकानदारों की हड़ताल पर प्रशासन अलर्ट. लोगों से करी अपील-पूर्व से कर ले सुरक्षित जरूरी दवाइयां
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन के मार्गदर्शन में जिले के होनहार स्कूली छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण का विशेष अवसर प्रदान किया गया। विद्यार्थियों के चयन के लिए 13 मई को जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान एवं एप्टीट्यूड टेस्ट आधारित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 छात्र-छात्राओं का चयन एयरपोर्ट भ्रमण हेतु किया गया। 16 मई को प्रातः 8 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सक्ती से सभी चयनित विद्यार्थियों को बस के माध्यम से स्वामी विवेकानंद विमानतल माना रायपुर के लिए रवाना किया गया। विद्यार्थियों को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। एयरपोर्ट पहुंचने पर सभी बच्चों के लिए प्रवेश पास बनवाकर उन्हें विमानतल परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान फ्लाइंग ऑफिसर विवेक कुमार साहू, तकनीशियन श्री नेगी एवं श्री अर्जुन ने बच्चों को फाइटर प्लेन और सिविलियन एयरक्राफ्ट के बेसिक सिद्धांतों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को फाइटर प्लेन के विभिन्न पार्ट्स, डिजाइन एवं उसके कार्य करने की प्रक्रिया के बारे में भी समझाया। भ्रमण के दौरान बच्चों को एक-एक कर विमान के कॉकपिट में बैठने का अवसर भी मिला, जिससे विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने रनवे पर विमानों को उड़ान भरते और उतरते हुए भी नजदीक से देखा। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सक्ती सीईओ श्री वासु जैन एवं श्री विवेक द्वारा एयरपोर्ट और विमान से संबंधित सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक परिवहन प्रणाली, उड्डयन क्षेत्र एवं हवाई जहाज संचालन की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त हुई। यह भ्रमण बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनके ज्ञानवर्धन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत सक्ती एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे। भ्रमण के उपरांत सभी विद्यार्थियों ने जिला प्रशासन, जिला पंचायत सक्ती एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त किया
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत 20 मई को ओड़ेकेरा में समाधान शिविर होगा आयोजित।शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से हितग्राहियों को किया जाएगा लाभान्वित।कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त
शक्ति -मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत जिले में 1 मई से 10 जून 2026 तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत हायर सेंकेण्डरी स्कूल ओड़ेकेरा में 20 मई 2026 को समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। जारी आदेशानुसार जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत आयोजित ओड़ेकेरा समाधान शिविर में ग्राम पंचायत ओडेकेरा, कुटराबोड़, गाड़ामोर,जमडी, देवरघटा, पिसौद, बरदूली, मुक्ता, हरेठीकला, हरेठीखुर्द, भातमाहूल, रीवाडीह, सेंदरी, हरदीडीह,आमाकोनी, चोरभटठी, जर्वे, बहेराडीह बोईरडीह एवं परसाडीह ग्राम पंचायत क्लस्टर शामिल रहेंगे। शिविर के सफल संचालन हेतु सहायक संचालक उद्यान, जिला सक्ती को ओड़ेकेरा शिविर स्थल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है
जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा का कक्षा 10वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम रहा उत्कृष्ट एवं शत-प्रतिशतसक्ती-माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा सत्र 2025-26 के लिए आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें जिला सक्ती अंतर्गत जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा के विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम उत्कृष्टता के साथ शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय में कक्षा 12वीं में कुल 62 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें 61 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 01 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। कक्षा 12वीं कॉमर्स संकाय में सतीश देवांगन ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। नीरज महिलांगो ने 89.2 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान एवं कु. कुनकुना साहू ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विज्ञान संकाय में कु. प्रियाशी चंद्रा ने 87.7 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कु. हेमलता जायसवाल ने 86.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान एवं जयाशीष सोनी ने 86.7 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार कक्षा 10वीं में कुल 81 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें 70 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी एवं 11 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। कक्षा 10वीं में अनुज मिश्रा ने 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। हिमांशु सांडे ने 94.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान एवं हेमराज खुटे ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय प्राचार्य श्री अरविंद कुमार जायसवाल ने उत्कृष्ट एवं शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के लिए सभी विद्यार्थियों, उनके पालकों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना 2026-27 अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित।20 जून 2026 तक विद्यालय में जमा किए जा सकेंगे आवेदन सक्ती-मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऐसे छात्र-छात्राएं, जो छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हों एवं अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित हों, आवेदन कर सकते हैं। आवेदक छात्र-छात्राएं कक्षा 5वीं में छत्तीसगढ़ में संचालित किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में नियमित अध्ययनरत (सत्र 2025-26) हों तथा कक्षा 4थी की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त किए हों। योजना अंतर्गत पालक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्धारित प्रपत्र में पालक का स्वघोषणा पत्र अनिवार्य रहेगा। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत अथवा नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी 20 जून 2026 तक अपने विद्यालय में निर्धारित आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ पालकों की सहमति, आयकर दाता न होने का प्रमाण पत्र, संस्था से ग्रामीण क्षेत्र में होने का प्रमाण, जाति प्रमाण पत्र तथा कक्षा 4थी एवं 5वीं की अंकसूची की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा। विद्यार्थी जिस जिले का मूल निवासी होगा, उसी जिले में आवेदन करने के लिए पात्र होगा। मूल निवास जिले से भिन्न जिले में किया गया आवेदन मान्य नहीं होगा।
26 जुलाई को होगी लिखित परीक्षा
आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार विद्यार्थियों द्वारा आवेदन पत्र विद्यालय में 20 जून 2026 तक जमा किए जाएंगे। विद्यालय प्रमुख द्वारा आवेदन पत्रों का परीक्षण कर 27 जून 2026 तक संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा किया जाएगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राप्त आवेदनों की सूची तैयार कर 30 जून 2026 तक सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास जांजगीर-चांपा कार्यालय में प्रस्तुत की जाएगी। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in पर उपलब्ध है। चयन हेतु 26 जुलाई 2026, दिन रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के दौरान आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने प्रशासन सतर्क।खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आमजन से की अपील, आवश्यक दवाएं पूर्व में सुरक्षित रखने की सलाह
सक्ती-ऑनलाइन औषधियों की बिक्री के विरोध स्वरूप विभिन्न केमिस्ट संगठनों द्वारा 20 मई 2026 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया गया है। उक्त परिस्थिति को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा आम नागरिकों को आवश्यक औषधियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। जिले के औषधि विक्रेताओं, जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शासकीय चिकित्सालयों, नर्सिंग होम्स एवं अन्य औषधि वितरण केंद्रों को आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया है, ताकि आमजन एवं मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ द्वारा दवा विक्रेता संघ को भी पत्र प्रेषित कर निर्देशित किया गया है कि प्रस्तावित विरोध कार्यक्रम के दौरान जनहित, रोगी सेवा एवं आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य उत्पादों की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से दवाओं का संग्रहण न करें तथा जिन मरीजों को नियमित रूप से दवाएं लेना आवश्यक है, वे चिकित्सकीय परामर्श अनुसार आवश्यक दवाएं पूर्व में प्राप्त कर सुरक्षित रखें। आपातकालीन स्थिति में नागरिक अपने निकटतम शासकीय अस्पतालों, जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स एवं अन्य उपलब्ध औषधि केंद्रों से दवाएं प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही गंभीर रोगियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं नियमित उपचाराधीन मरीजों की दवा उपलब्धता को प्राथमिकता देने में सहयोग करने की अपील भी की गई है।






