बाराद्वार के प्रतिष्ठित सीबीएसई एशियन वर्ल्ड स्कूल में वार्षिक खेलकूद दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न,SPORTS के क्षेत्र में स्कूल के बच्चों ने बनाई है राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान


बाराद्वार के प्रतिष्ठित सीबीएसई एशियन वर्ल्ड स्कूल में वार्षिक खेलकूद दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-एशियन वर्ल्ड स्कूल बाराद्वार में वार्षिक खेलकूद दिवस बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से मशाल प्रज्वलन के साथ हुई, जिसने पूरे वातावरण को खेल भावना से ओत-प्रोत कर दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा खेल शपथ (ओथ) ग्रहण की गई।विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती हेमा बिस्वास ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं। विद्यालय के निदेशक श्री नीरज अग्रवाल जी एवं श्री अभिषेक अग्रवाल जी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के लिए अनेक रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा 6 से 9 के विद्यार्थियों के लिए टग ऑफ वॉर, शॉट पुट थ्रो और रिले रेस आयोजित की गई। कक्षा 3 से 5 के लिए 100 मीटर रेस, क्रोकोडाइल रेस और स्किपिंग जंप प्रतियोगिता रखी गई। कक्षा 1 से 2 के विद्यार्थियों ने लेमन रेस और 50 मीटर रेस में भाग लिया। वहीं प्ले ग्रुप से नर्सरी तक के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए जलेबी रेस और बैलून रेस आयोजित की गई। बालवाटिका 2 और 3 के बच्चों के लिए रेडी टू स्कूल तथा बुक बैलेंस रेस जैसी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं।इन प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। विशेष बात यह रही कि विद्यालय ने केवल विद्यार्थियों ही नहीं, बल्कि अभिभावकों को भी खेल गतिविधियों में शामिल कर कार्यक्रम को और भी आनंदमय बना दिया।उत्साह, उमंग और खेल भावना से परिपूर्ण यह वार्षिक खेलकूद दिवस अत्यंत हर्ष के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने सभी के मन में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार किया



