शक्ति कलेक्टर टोपनो ने ली TL की मीटिंग- कलेक्टर ने कहा 12 जुलाई को मालखरौदा से होगी जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर की शुरुआत, शक्ति जिले में गोदाम निर्माण को लेकर कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को निर्देश, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति हेतु 18 जुलाई तक लिए जाएंगे आवेदन, कलेक्टर ने दिया फसल बीमा को लेकर कृषि विभाग को टारगेट



शक्ति कलेक्टर टोपनो ने ली TL की मीटिंग- कलेक्टर ने कहा 12 जुलाई को मालखरौदा से होगी जिला स्तरीय जन समस्या निवारण शिविर की शुरुआत, शक्ति जिले में गोदाम निर्माण को लेकर कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को निर्देश, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की नियुक्ति हेतु 18 जुलाई तक लिए जाएंगे आवेदन, कलेक्टर ने दिया फसल बीमा को लेकर कृषि विभाग को टारगेट
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ति- कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों तथा प्रगतिरत विभिन्न निर्माण कार्यों सहित अन्य आवश्यक कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग अंतर्गत जिले में प्रगतिरत गोदाम निर्माण कार्य में देरी होने पर नाराजगी जताई तथा शेष कार्य को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए,समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले में पौधरोपण के लिए चिन्हांकित किए गए स्थलों की जानकारी ली तथा बरसात के मौसम में जिले के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य उचित स्थलो पर पौधरोपण कराए जाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले के छात्रावासो के निरीक्षण के लिए निर्धारित किए गए नोडल अधिकारियों को छात्रावासो का निरीक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट निर्धारित समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। बैठक में कलेक्टर ने जिले में आमजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलाने तथा आमजनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए सभी ब्लॉक के लिए 12 जुलाई से आयोजित होने वाले जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का व्यस्थित आयोजन कराए जाने के लिए आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने बताया की जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर अंतर्गत 12 जुलाई को मालखरौदा विकासखंड के हायर सेकंडरी स्कूल आमनदुला से जिला स्तरीय शिविर की शुरुआत की जायेगी। कलेक्टर ने जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करने वाले सभी विभाग प्रमुख को उक्त शिविर में स्वयं उपस्थित रहकर प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने बरसात के मौसम में जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए सभी आवश्यक उपाय करने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दी गई है,बैठक में कलेक्टर ने जिले मे खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण की जानकारी लेते हुए खाद बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। कलेक्टर ने बैठक में धान बोनस वितरण वर्ष 2014-15 और 2015-16 के लंबित प्रकरणों की जानकारी ली तथा शेष बचे प्रकरणों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए है l बैठक में कलेक्टर ने पीएम किसान सम्मान निधि, ई केवाईसी, लैंड सीडिंग, आधार सीडिंग की भी जानकारी ली। इसके साथ ही कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के पूर्ण, अपूर्ण, प्रगतिरत कार्य सहित अद्यतन स्थिति की जनपदवार जानकारी ली। उन्होंने मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों, घर-घर कचरा संग्रहण कार्य की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुवे आवश्यक निर्देश दिए है। इसके साथ ही कलेक्टर द्वारा विभागवार समय सीमा की लंबित प्रकरणों, मुख्यमंत्री जनदर्शन, जनचौपाल आदि में प्राप्त शिकायतों का विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियो को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए है। इसके साथ ही बैठक में कलेक्टर ने जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य, ई श्रम पोर्टल में श्रमिको की एंट्री, जाति प्रमाण पत्र, पेंशन प्रकरण, जल जीवन मिशन, अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, नक्शा अद्यतीकरण, सीमांकन सहित अन्य कार्यों के अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर बीरेंद्र लकड़ा, संयुक्त कलेक्टर दुष्यंत रायस्त, डभरा एसडीएम बालेश्वर राम, सक्ती एसडीएम अरूण सोम, मालखरौदा एसडीएम रूपेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर विश्वास कुमार सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे
कलेक्टर की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिला स्तरीय पर्यवेक्षक समिति की बैठक आयोजित,कलेक्टर ने जिले के सभी किसानों से फसलों का बीमा कराने की अपील की,फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई,कलेक्टर ने ऋणी एवं अऋणी किसानों को अधिक से अधिक फसल बीमा आवरण में शामिल करने के दिए निर्देश
सक्ति-कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अमृत विकास तोपनो की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिला स्तरीय पर्यवेक्षक समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री तोपनो द्वारा क्रियान्वयन बीमा कम्पनी को कृषि विभाग, सहकारिता एवं बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक प्रचार कर फसलों के बीमा कराने के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिये गए । उन्होंने जिले के सभी किसानों से फसलों का बीमा कराने के लिए अपील की है, ताकि आपदा की स्थिति में किसानों को क्षति पूर्ति हेतु दावा भुगतान मिल सके।बैठक में कलेक्टर ने बताया की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसलों के लिये बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई नियत की गई है। बैठक में कलेक्टर ने ऋणी एवं अऋणी किसानों को अधिक से अधिक फसल बीमा आवरण में शामिल कराने के निर्देश दिए हैl,बैठक में उप संचालक कृषि शंशाक शिन्दे ने बताया कि धान एवं मक्का फसल के लिये ग्राम को इकाई तथा उड़द और मूंगफली फसल के लिए राजस्व निरीक्षक मण्डल क्षेत्र को इकाई माना गया है। जिले के लिये खरीफ मौसम में धान सिंचित फसलों के लिए 410 ग्राम व धान असिंचित फसलों के लिए 437 ग्राम अधिसूचित है। मक्का फसल के लिए ग्राम उपनी विकासखण्ड डभरा अधिसूचित है। इसी प्रकार उड़द फसल के लिए तीन राजस्व निरीक्षक मण्डल डभरा, धुरकोट व सपोस तथा मूंगफली फसल के लिए सपोस राजस्व निरीक्षक मण्डल क्षेत्र को अधिसूचित किया गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ ऋणी, अऋणी, भूधारक कृषक, बटाईदार व वनपट्टाधारी कृषक ले सकते है। जिला सक्ती में फसल बीमा के लिए बीमा कम्पनी बजाज जनरल इन्शोरेंस कम्पनी लिमिटेड को अनुबंध किया गया है। बीमांकित राशि धान सिंचित के लिये 24000 रुपए तथा धान असिंचित के लिये 17200 रुपए प्रति एकड है तथा कृषकों के लिये प्रीमियम राशि 2 प्रतिशत् है। धान सिंचित के लिये 480 रुपए प्रति एकड़ तथा धान असिंचित के लिये 344 रुपए प्रति एकड़ प्रीमियम राशि जमा करना होगा। इसी प्रकार मक्का फसल के लिए 14400 रुपए, उड़द के लिए 8800 रुपए और मूंगफली के लिए 16800 रुपए प्रति एकड़ बीमांकित राशि निर्धारित की गई है तथा प्रीमियम राशि मक्का के लिए 288 रुपए, उड़द के लिए 176 रुपए और मूंगफली के लिए 336 रुपए प्रति एकड़ जमा करना होगा,इसी क्रम में श्री शंशाक शिन्दे ने बताया कि प्राकृतिक आपदा की स्थिति में फसल बीमा बेहतर विकल्प होता है। विगत वर्ष 2023 खरीफ फसल में कुल 19075 ऋणी कृषकों एवं 1499 अऋणी कृषकों के द्वारा बीमा कराया गया था। जिसमें कुल 459 कृषकों को फसल क्षति की स्थिति में कुल राशि 2366465 रूपये का दावा भुगतान किया गया है। इस वर्ष भी बीमा के लिये किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, पटवारी या सेवा सहकारी समिति से सम्पर्क कर सकते है। अऋणी किसान आवश्यक दस्तावेज – आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पर्ची, बी-1 तथा पी-2 फसल विवरण के साथ अपने नजदीकी सी.एस.सी. सेंटर या संबंधित बैंक में फसल बीमा करा सकते हैं। खरीफ फसल हेतु फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जूलाई 2024 तक है। उक्त बैठक में संयुक्त कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख श्री दुष्यंत कुमार रायस्त, श्री बी. एल. कंवर अधीक्षक भू-अभिलेख, सुश्री माहेश्वरी तिवारी सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं, मनोज वर्मा लीड बैंक अधिकारी भारतीय स्टेट बैंक सक्ती, श्री एस. एस. पैंकरा नोडल अधिकारी जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सक्ती, दुष्यंत सोनी प्रभारी जिला सूचना अधिकारी, मनजेश यादव जिला प्रतिनिधि, बजाज आलियांस जनरल इंश्योरेंस, रमाकांत चन्द्रा एवं श्री आनंदी राम पटेल कृषक प्रतिनिधि उपस्थित थे
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पद पर नियुक्ति के लिए 18 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित
सक्ति-एकीकृत बाल विकास परियोजना मालखरौदा, जिला सक्ती अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 1 पद एवं आंगनबाड़ी सहायिका के 5 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है। जिसके तहत मुनादी एवं आवेदन का प्रारूप परियोजना कार्यालय मालखरौदा के सूचना पटल पर अवलोकन किया जा सकता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पद पर नियुक्त के लिए इच्छुक एवं पात्र आवेदिका 18 जुलाई 2024 तक कार्यालयीन दिवस एवं समय सुबह 11 से शाम 5 बजे तक कार्यालय एकीकृत बाल विकास परियोजना मालखरौदा, जिला सक्ती में सीधे अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। शासकीय अवकाश के दिन आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जायेंगे। इस संबंध में विज्ञापन सहित अन्य अधिक जानकारी कार्यालय एकीकृत बाल विकास परियोजना मालखरौदा से प्राप्त की जा सकती हैं।



