शक्ति जिले की 10 खबरें एक साथ- श्रम विभाग की योजनाओं के लाभ हेतु ई-केवाईसी अनिवार्य, बिना सत्यापन नहीं होगा पंजीयन, महतारी वंदन से महिलाओं को मिल रहा बड़ा सहारा, राज्य चुनाव आयुक्त का 30 सालों बाद होगा SEC सम्मेलन, अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए 10 फरवरी को होगी शक्ति जिले में बैठक

शक्ति जिले की 10 खबरें एक साथ- श्रम विभाग की योजनाओं के लाभ हेतु ई-केवाईसी अनिवार्य, बिना सत्यापन नहीं होगा पंजीयन, महतारी वंदन से महिलाओं को मिल रहा बड़ा सहारा, राज्य चुनाव आयुक्त का 30 सालों बाद होगा SEC सम्मेलन, अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए 10 फरवरी को होगी शक्ति जिले में बैठक
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों एवं नए आवेदकों के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया अनिवार्य कर दी गई है। श्रम विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार 01 जनवरी 2026 से पंजीकरण हेतु प्राप्त होने वाले समस्त आवेदनों का निराकरण ई-केवाईसी पूर्ण होने के पश्चात ही किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया गया है कि पंजीयन के समय आधार क्रमांक दर्ज करना अनिवार्य होगा तथा पीडीएस में उपलब्ध आधार से संबंधित जानकारी का सत्यापन आवेदक द्वारा किया जाएगा। जिन श्रमिकों एवं आवेदकों की ई-केवाईसी अब तक पूर्ण नहीं हुई है, उनसे अपील की गई है कि वे शीघ्र अपने नजदीकी श्रम संसाधन केंद्र अथवा श्रम विभाग कार्यालय में आधार कार्ड की मूल प्रति के साथ ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर एवं पारदर्शी रूप से प्राप्त हो सके।
भारत निर्वाचन आयोग राज्य चुनाव आयुक्तों के राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा,25 से अधिक वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित हो रहा है राष्ट्रीय SEC सम्मेलन
सक्ती-भारत निर्वाचन आयोग (ECI) 24 फरवरी, 2026 को राज्य चुनाव आयुक्तों (SECs) के एक राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा। देश के सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के राज्य चुनाव आयुक्तों के इस सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद है, जो भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।राष्ट्रीय SEC सम्मेलन 25 से अधिक वर्षों के अंतराल के बाद आयोजित किया जा रहा है। पिछला ऐसा सम्मेलन वर्ष 1999 में आयोजित किया गया था। चुनाव आयुक्त (CEC), श्री ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्तों डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे और उद्घाटन समारोह में राज्य चुनाव आयुक्तों को संबोधित करेंगे।राज्य चुनाव आयुक्त अपने कानूनी विशेषज्ञों और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ भाग लेंगे और अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। सभी 36 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEOs) भी इस राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होंगेइस सम्मेलन का प्राथमिक उद्देश्य चुनाव आयोग (ECI) और राज्य चुनाव आयोगों (SECs) के कामकाज में उनके संबंधित कानूनी ढांचे के भीतर चुनावी प्रक्रियाओं और रसद (logistics) के संबंध में तालमेल बनाना है,प्रतिभागी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की मतदाता पात्रता पर चुनावी कानूनों, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किए गए तकनीकी हस्तक्षेपों जैसे कि हाल ही में लॉन्च किए गए ECINET डिजिटल प्लेटफॉर्म और EVM जैसे अन्य विषयों पर चर्चा सत्रों में भाग लेंगे।भारत निर्वाचन आयोग भारत के संविधान और राष्ट्र के कानूनी ढांचे के अनुसार मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव संचालन के अपने अनुभव से अपनी विशेषज्ञता भी प्रदान करेगा,राज्य चुनाव आयोगों का गठन 73वें और 74वें संविधान संशोधनों के सशक्त प्रावधानों के तहत संबंधित राज्यों के कानूनों द्वारा किया जाता है। राज्य चुनाव आयोगों के पास पंचायतों और नगर निकायों के सभी चुनावों के लिए मतदाता सूची तैयार करने और चुनाव के संचालन का अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण निहित होता है।
जिला स्तरीय समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित, 10 फरवरी को
सक्ती-अल्पसंख्यक कल्याण हेतु केंद्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा। आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अल्पसंख्यक प्रधानमंत्री 15 सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए जिला स्तरीय समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक 10 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी। यह बैठक समय-सीमा की बैठक के उपरांत दोपहर 2 बजे जिला कार्यालय सक्ती के सभाकक्ष में आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक में जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित रहने के निर्देश जारी किए गए हैं।
महतारी वंदन योजना से बदली जिंदगी: गीतु कुमारी को मिला आत्मनिर्भरता का संबल,हर महीने की सहायता, हर दिन का भरोसा: महतारी वंदन योजना से महिलाओं में बढ़ा आत्मविश्वास
सक्ती-महिला सशक्तिकरण को सशक्त आधार देने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य शासन द्वारा प्रारंभ की गई महतारी वंदन योजना आज प्रदेश की महिलाओं के जीवन में आशा, सम्मान और आत्मविश्वास की नई रोशनी बनकर उभरी है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उनके सामाजिक और पारिवारिक दायित्वों को नई मजबूती प्रदान कर रही है। योजना के अंतर्गत 21 वर्ष से अधिक आयु की विवाहित, परित्यक्ता एवं विधवा महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जा रही है। इस नियमित सहयोग से महिलाएँ अपनी दैनिक आवश्यकताओं को स्वयं पूर्ण कर पा रही हैं और आर्थिक निर्णयों में भागीदारी निभा रही हैं। इसी योजना से सक्ती विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत परसदा खुर्द निवासी श्रीमती गीतु कुमारी केवंट भी लाभान्वित हो रही हैं। श्रीमती गीतु कुमारी बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि से वे समय पर घर का राशन और आवश्यक सामग्री खरीद पा रही हैं। इससे न केवल उन्हें आर्थिक राहत मिली है, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियाँ निभाने में आत्मविश्वास और मानसिक संतोष भी बढ़ा है।श्रीमती गीतु कुमारी की तरह क्षेत्र की अनेक महिलाएँ इस योजना से लाभ लेकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव महसूस कर रही हैं। वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानपूर्वक जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। श्रीमती गीतु कुमारी ने महिलाओं के जीवन को नई दिशा देने वाली इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने हमें सहारा ही नहीं, बल्कि आत्मसम्मान भी दिया है
आकस्मिक मृत्यु हो जाने के कारण 4 लाख रुपए की सहायता राशि स्वीकृत
सक्ती-राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड-6 क्रमांक 4 परिशिष्ट “एक” प्राकृतिक आपदा से होने वाली क्षति के लिए शासन द्वारा दी जाने वाली आर्थिक सहायता अनुदान के लिए निर्धारित मापदंडों तथा दरों के तहत चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता अनुदान राशि की स्वीकृति दी गई है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार सक्ती जिले के तहसील सक्ती अंतर्गत ग्राम सोंठी निवासी मृतक स्व. श्रीमती कमला बाई को सर्प काटने के कारण मृत्यु होने से निकटतम वारिस मृतक के पति श्री रामनारायण पटेल पिता श्री रामभरोस को राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत चार लाख रूपये भुगतान किए जाने की स्वीकृति निर्धारित शर्तों के अधीन प्रदान की गई है।



