शक्ति जिले के कलेक्टर तोपनो ने कहा- प्रशासन को सरल. पारदर्शी और जनहितकारी बनाना ही सुशासन तिहार के समाधान शिविर का मूल उद्देश्य. 6 मई को लहंगा में संपन्न हुआ शिविर. 20 पंचायतो के लोग पहुंचे शिविर में. जिला पंचायत के सीईओ जैन साहब भी रहे मौजूद. जनपद पंचायत शक्ति ने किया था आयोजन





शक्ति जिले के कलेक्टर तोपनो ने कहा- प्रशासन को सरल. पारदर्शी और जनहितकारी बनाना ही सुशासन तिहार के समाधान शिविर का मूल उद्देश्य. 6 मई को लहंगा में संपन्न हुआ शिविर. 20 पंचायतो के लोग पहुंचे शिविर में. जिला पंचायत के सीईओ जैन साहब भी रहे मौजूद
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सक्ती जिले के जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत भाटापारा उद्यान लहंगा में ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत जनसमस्या समाधान शिविर का शुभारंभ भारत माता, माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी की चलचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। जनपद पंचायत सक्ती क्लस्टर के 20 ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए जिसमें कुल 296 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 123 आवेदनो का त्वरित निराकरण किया गया तथा शेष 173 आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के लिए संबंधित विभागो को प्रेषित कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर शासन की योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाया गया। इस शिविर में कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कहा कि सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य प्रशासन को सरल, पारदर्शी और जनहितकारी बनाना है। ग्राम पंचायत लहंगा में आयोजित इस शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाकर उन्हें उनका वास्तविक लाभ दिलाना हमारी प्राथमिकता है। इस तरह के शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हैं, जहाँ लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्य करते हुए शीघ्र समाधान किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि हमारा प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोग इन शिविरों से जुड़ें और अपनी समस्याओं का सरल एवं सुगम तरीके से निराकरण प्राप्त करें।इसी तरह जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन ने बताया कि सुशासन तिहार शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसका उद्देश्य प्रशासन को आमजन के और अधिक निकट लाना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दो प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला, “सरकार आपके द्वार” की भावना के अनुरूप प्रशासन स्वयं गाँव-गाँव पहुँचकर लोगों की समस्याओं को सीधे सुनता है और उनका त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करता है। इससे आम नागरिकों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी समस्याओं का समाधान उनके अपने क्षेत्र में ही हो जाता है। और दूसरा उद्देश्य शासन की विभिन्न योजनाओं और नीतियों की जानकारी प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुँचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों और लाभों से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की मंशा है कि हर नागरिक जागरूक बने, योजनाओं का लाभ उठाए और विकास की मुख्यधारा से जुड़े। शिविर में कलेक्टर द्वारा हितग्राहियों को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत एवं पूर्ण हो चुके आवासों के लिए स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा पूर्ण आवास वाले हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से चाबी सौंपी गई। साथ ही खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, मनरेगा के अंतर्गत जॉब कार्ड और बिहान की महिलाओं को आजीविका संवर्धन हेतु चेक का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। इसके अतिरिक्त आयुर्वेद विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ सहित जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। शिविर में जनप्रतिनिधियों ने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए शपथ दिलाई। समाधान शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, ग्रामोद्योग विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुधन विकास विभाग, राजस्व विभाग, आबकारी विभाग, आदिवासी विकास विभाग, खाद्य विभाग, महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल संसाधन विभाग, वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, श्रम विभाग, मछली पालन विभाग, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। लहंगा में आयोजित शिविर में जिला पंचायत सदस्य श्री आयुष शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रितु ऋषिराय, टिकेश्वर गबेल, सभापति जनपद पंचायत श्रीमती गुलेश्वरी कंवर, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत सक्ती श्री बंशीधर खांडे, जनपद पंचायत सदस्य श्री ज्ञानिक प्रसाद, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती उषा कंवर, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सुनीता श्रीवास, विधायक प्रतिनिधि श्री रिषिराय, विधायक प्रतिनिधि रूपनारायण राठौर, गेंदराम मनहर, ग्राम पंचायत लहंगा सरपंच श्रीमती मदीना जटवार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, समस्त विभाग के अधिकारी कर्मचारीगण, स्व. सहायता समूहो के सक्रिय महिला सदस्य, ग्रामीणजन आदि उपस्थित रहे।
विकसित कृषि संकल्प अभियान शिविर का किया जा रहा आयोजन
सक्ती, 06 मई 2026// जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत 05 मई 2026 से 20 मई 2026 तक शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर की गई। विभिन्न विकासखण्डों के ग्राम पंचायतों परसदा खुर्द, मरकाम गोड़ी, बोइरडीह, आमापाली, चंदली, पलसदा, डिक्सी एवं बसंतपुर में शिविर आयोजित किए जाएंगे। ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान 2026’ के शुभारंभ अवसर पर जागरूकता रथ के माध्यम से किसानों को खरीफ सीजन से पूर्व उन्नत कृषि तकनीकों, शासकीय योजनाओं तथा कृषि नवाचारों से जोड़ने का उद्देश्य बताया गया। इस दौरान कृषि स्थायी समिति के सभापति श्री भीष्म सिंह सिदार एवं उप संचालक कृषि श्री तरुण कुमार प्रधान द्वारा अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।कृषि विभाग ने बताया कि यह अभियान पूरे जिले के सभी विकासखण्डों और ग्रामों में संचालित किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य किसानों तक खेत-खेत पहुंचकर उन्हें सशक्त बनाना है। अभियान के तहत किसानों को आधुनिक तकनीक, योजनाओं एवं कृषि संसाधनों की जानकारी देकर उनकी आय में वृद्धि और सतत कृषि को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही किसानों को नवीन कृषि तकनीकों से अवगत कराने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं से जोड़ने, संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने, कृषि नवाचारों को प्रोत्साहित करने तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा पराली न जलाने के प्रति जागरूकता, ड्रोन एवं आईसीटी तकनीकों के उपयोग से आधुनिक खेती को बढ़ावा, समय पर बीज, उर्वरक, कीटनाशक उपलब्धता हेतु मार्गदर्शन तथा किसान संवाद के माध्यम से क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। अभियान के दौरान धान की उन्नत विधियों जैसे लाइन सोविंग, डीएसआर (डायरेक्ट सीडेड राइस) तथा रिज एवं फर्रो पद्धति के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही दलहन, तिलहन, मक्का एवं लघु धान्य फसलों को बढ़ावा देने, ड्रोन तकनीक से कीटनाशक एवं उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर उर्वरक प्रबंधन, किसान क्रेडिट कार्ड के लिए प्रेरित करना, पीएम-किसान, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, फसल बीमा, उद्यानिकी, मत्स्य एवं पशुपालन योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ आईसीटी आधारित जानकारी एवं परामर्श भी किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। अभियान के सफल संचालन हेतु कृषि रथ के माध्यम से गांव-गांव भ्रमण किया जा रहा है तथा प्रत्येक विकासखण्ड में दो टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान शामिल हैं। मुनादी, पोस्टर, पम्पलेट, व्हाट्सएप समूह एवं रेडियो के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसान इस अभियान से जुड़कर शासकीय योजनाओं एवं आधुनिक तकनीकों का लाभ उठा सकें। अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और उपलब्ध सुविधाओं का अधिकतम लाभ लें।
चैम्प्स प्रणाली के तहत कृषि यंत्रों हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ
शक्ति+चैंपस प्रणाली के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषकों को ड्रिप एवं स्प्रिंकलर, सिंचाई पंप, ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, रोटावेटर एवं अन्य शक्ति चालित कृषि यंत्र व उपकरण के लिए अनुदान पर प्रदाय करने हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चैम्प्स वेबसाइट के माध्यम से प्रारंभ की जा रही है। यह आवेदन प्रक्रिया प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत ड्रिप मोर क्रॉप (ड्रिप एवं स्प्रिंकलर) हेतु दिनांक 07 मई 2026 को, शाकम्भरी योजना (सिंचाई पंप) अंतर्गत दिनांक 11 मई 2026 को तथा कृषि यांत्रिकीकरण सर्वमिशन क्रमांक-1 (ट्रैक्टर, हार्वेस्टर, रोटावेटर एवं अन्य शक्ति चालित कृषि यंत्र व उपकरण) हेतु दिनांक 15 मई 2026 को कार्यालयीन समय प्रातः 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे की अवधि में प्रारंभ की जाएगी। इच्छुक कृषक चैम्प्स वेबसाइट http://champs.cgstate.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
सुशासन तिहार 2026-सुशासन तिहार के तहत मिल रहा त्वरित समाधान।शिविर में श्रीमती ज्योति कुमारी कंवर को मिला राशन कार्ड का लाभ
शक्ति -मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में आमजन की समस्याओं, मांगों और शिकायतों का तेजी से समाधान किया जा रहा है। शासन की मंशा के अनुरूप विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में सुशासन तिहार 2026 के तहत शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है।इसी क्रम में सक्ती विकासखंड के ग्राम लहंगा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर एक सकारात्मक बदलाव का साक्षी बना। यहां ग्राम रेडा निवासी श्रीमती ज्योति कुमारी कंवर ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि राशन कार्ड के अभाव में उन्हें लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। महंगे दामों पर बाजार से राशन खरीदना उनकी मजबूरी बन गई थी और कई बार उन्हें दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता था। शिविर में मौजूद खाद्य विभाग की टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके आवेदन को प्राथमिकता से लिया और तत्काल निराकरण करते हुए उन्हें मौके पर ही राशन कार्ड प्रदान कर दिया। राशन कार्ड मिलते ही श्रीमती ज्योति कुमारी कंवर के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाला अभियान साबित हो रहा है।










