शक्ति जिले में करोड़ों की लागत से बन रहा जिला पंचायत का भवन 9 महीने में हो जाएगा पूर्ण.30 जून तक महतारी वंदन के हितग्राही करवा सकेंगे ई केवाईसी. 20 अप्रैल तक दलहन तिलहन किसानों का होगा पंजीयन. कलेक्टर साहब के निर्देशन में जिले में निर्माण कार्यों को मिल रही तीव्र गति. समय सीमा में सरकारी काम पूर्ण करने एजेंसियों पर लगातार बना रहा दबाव

शक्ति जिले में करोड़ों की लागत से बन रहा जिला पंचायत का भवन 9 महीने में हो जाएगा पूर्ण ।30 जून तक महतारी वंदन के हितग्राही करवा सकेंगे ई केवाईसी. 20 अप्रैल तक दलहन तिलहन किसानों का होगा पंजीयन

शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर

सकती -जिले के किसानों के लिए राहत और लाभ का अवसर लेकर प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम (पीसीएस) लागू की गई है। इसके तहत दलहन एवं तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय एजेंसी नेफेड के माध्यम से जिले की छह सहकारी समितियों रगजा, मालखरौदा, बेल्हाडीह, पिहरिद, जैजैपुर और कोटमी को अधिसूचित किया गया है। इन समितियों के आसपास के किसान अपनी दलहन और तिलहन फसलों को निर्धारित समर्थन मूल्य पर बेच सकते हैं, जिससे उन्हें उचित दाम मिलने की गारंटी मिलेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का पंजीयन एकीकृत किसान पोर्टल या ई-समृद्धि पोर्टल में कराना अनिवार्य है। पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जिससे अधिक से अधिक किसान इस योजना से जुड़ सकें। इसके साथ ही किसानों के लिए यह भी जरूरी है कि उनकी फसल का रकबा संबंधित पोर्टल में दर्ज हो और गिरदावरी में दलहन या तिलहन फसल की प्रविष्टि हो। केवल उन्हीं किसानों से उपज की खरीदी की जाएगी जिनकी फसल और रकबा का सत्यापन पूर्ण होगा। जिन मामलों में रबी फसल की गिरदावरी या अन्य प्रक्रिया अपूर्ण है, वहां किसानों को राहत देते हुए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और पटवारी के संयुक्त हस्ताक्षर से जारी प्रमाण पत्र को मान्य किया जाएगा। इस आधार पर फसल और रकबे का सत्यापन कर खरीदी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पंजीयन के लिए किसानों को आधार कार्ड, ऋण पुस्तिका की फोटोकॉपी, बी-1 खसरा, फसल विवरण, बैंक पासबुक की प्रति तथा एग्रीस्टेक पंजीयन जैसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।रबी विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत चना के लिए अधिकतम सीमा 6.00 क्विंटल प्रति एकड़ एवं समर्थन मूल्य 5875.00 रुपये, सरसों के लिए अधिकतम सीमा 5.00 क्विंटल प्रति एकड़ एवं समर्थन मूल्य 6200.00 रुपये तथा मसूर के लिए अधिकतम सीमा 2.00 क्विंटल प्रति एकड़ एवं समर्थन मूल्य 7000.00 रुपये निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन ने जिले के सभी दलहन एवं तिलहन उत्पादक किसानों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर पंजीयन कराकर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं और अपनी उपज को सहकारी समितियों में समर्थन मूल्य पर बेचकर आर्थिक लाभ प्राप्त करें। योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी या वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं

महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी पूरी तरह निःशुल्क, 30 जून तक कराएं अपडेट

शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि संचालनालय, महिला एवं बाल विकास विभाग रायपुर के निर्देश पर यह प्रक्रिया दो चरणों में पूर्ण की जा रही है। प्रथम चरण में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े हितग्राहियों का ई-केवाईसी किया जा रहा है। हितग्राही अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में जाकर 30 जून 2026 तक ई-केवाईसी करा सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और किसी भी पीडीएस व सीएससी ऑपरेटर द्वारा हितग्राहियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रशासन ने सभी पात्र हितग्राहियों से समय-सीमा के भीतर ई-केवाईसी पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि योजना का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहे

तार मिस्त्री परीक्षा हेतु आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक

शक्ति -संभागीय अनुज्ञापन समिति (विद्युत) बिलासपुर द्वारा तारमिस्त्री परीक्षा माह-जुलाई 2026 में लिया जाना है। परीक्षा आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 है। उक्त परीक्षा हेतु बिलासपुर, मुंगेली, गौरला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरबा, जांजगीर-चांपा एवं सक्ती जिले के आवेदनकर्ता कार्यालय, कार्यपालन अभियंता (विद्युत सुरक्षा) एवं संभागीय विद्युत निरीक्षक, छत्तीसगढ़ शासन बिलासपुर संभाग बिलासपुर, प्रथम तल ‘‘यू.डी.एम. हॉस्पिटल बिल्डिंग’’, होमगार्ड कैम्पस के पास, कुदुदण्ड, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर तत्संबंध में जानकारी एवं निःशुल्क आवेदन फार्म प्राप्त कर सकते हैं।

सक्ती में नवीन जिला पंचायत भवन निर्माण कार्य शुरू, 9 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य

शक्ति -जिले में नवीन जिला पंचायत भवन सक्ती के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार भवन के नींव खुदाई का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा बेस निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन ने निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को सौंपी गई है। निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए ठेकेदार श्री बालाजी होम्स को 9 माह का समय दिया गया है। लक्ष्य के अनुसार दिसंबर तक भवन निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

प्रातिक्रिया दे