रायगढ़ जिले में हुआ बड़ा हादसा- प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में डूबने से आठ छात्रों की हुई मौत




रायगढ़ जिले में हुआ बड़ा हादसा- प्रसिद्ध पर्यटन स्थल में डूबने से आठ छात्रों की हुई मौत
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -महाराष्ट्र राज्य के रायगढ़ जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर बीच घूमने आए पुणे के 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। हादसे की वजह समुद्र में अचानक आई तेज लहरें और पानी की गहराई का सही अंदाजा न होना बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी नाम की एक प्राइवेट कोचिंग क्लास के 42 छात्र दिवेआगर में पिकनिक मनाने आए थे। इनमें 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र शामिल थे।दोपहर के समय ग्रुप के आठ छात्र समुद्र में तैरने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान पानी का स्तर अचानक बदल गया और तेज बहाव तथा उठती ऊंची लहरों की चपेट में आने से सभी आठों छात्र गहरे पानी में बह गए और देखते ही देखते डूब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बीच पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचा। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और मौके पर मौजद पर्यटकों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी 8 छात्रों के शवों को समुद्र से बाहर निकाल लिया गया।सभी शवों को बोर्ली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।स्थानीय प्रशासन और बचाव दलों का कहना है कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को अक्सर समुद्र के ज्वार-भाटे और गहराई का सही अंदाजा नहीं होता। पुलिस फिलहाल घटना के संबंध में ग्रुप के साथ आए शिक्षकों और अन्य छात्रों से पूछताछ कर रही है।






