शक्ति की 19 साल की बेटी बनी ‘सर्प मित्र-सैकड़ों सांपों और बेजुबान जीवों को दिया नया जीवन, सक्ती हरेठी गांव की बेटी निधि सोनी बनीं सेवा, साहस और संवेदनशीलता की नई पहचान।सांप हमारे दुश्मन नहीं, प्रकृति के प्रहरी हैं — निधि सोनी


शक्ति की 19 साल की बेटी बनी ‘सर्प मित्र-सैकड़ों सांपों और बेजुबान जीवों को दिया नया जीवन, सक्ती हरेठी गांव की बेटी निधि सोनी बनीं सेवा, साहस और संवेदनशीलता की नई पहचान।सांप हमारे दुश्मन नहीं, प्रकृति के प्रहरी हैं — निधि सोनी
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
सक्ती-जिस उम्र में अधिकांश युवा अपने करियर और भविष्य की योजनाओं में व्यस्त रहते हैं, उसी उम्र में सक्ती जिले के ग्राम हरेठी की बेटी 19 वर्षीय निधि सोनी ने अपना जीवन बेजुबान जीवों की रक्षा और प्रकृति संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया है। निधि सोनी पशु चिकित्सा की पढ़ाई भी की है।आज वे पूरे क्षेत्र में “सर्प मित्र” के नाम से जानी जाती हैं। सर्प रेस्क्यू से लेकर घायल गाय, कुत्ते, बछड़े, पक्षियों और अन्य वन्यजीवों के उपचार एवं संरक्षण तक, निधि का सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणा बन चुका है। निधि सोनी ने कहा कि “सांप हमारे दुश्मन नहीं हैं। वे प्रकृति के प्रहरी हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। डर नहीं, सही जानकारी और जागरूकता ही इंसान और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है।”
सैकड़ों सर्पों को बचाकर जंगल पहुंचाया
निधि सोनी अब तक सैकड़ों विषैले और गैर-विषैले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ चुकी हैं। गांवों, खेतों और घरों में सांप निकलने की सूचना मिलते ही वे बिना देर किए मौके पर पहुंचती हैं और वैज्ञानिक तरीके से उनका सुरक्षित रेस्क्यू करती हैं।उनका कहना है कि अधिकांश सांप बिना उकसावे के किसी पर हमला नहीं करते। लोग डर और अज्ञानता के कारण उन्हें मार देते हैं, जबकि वे खेतों में चूहों जैसी हानिकारक प्रजातियों को नियंत्रित कर किसानों और पर्यावरण दोनों के लिए लाभदायक साबित होते हैं।
बेजुबानों की बनीं जीवनरक्षक
सर्प संरक्षण के साथ-साथ निधि सोनी घायल गाय, कुत्तों, बछड़ों, पक्षियों और अन्य पशु-पक्षियों की सेवा में भी हमेशा आगे रहती हैं। सड़क दुर्घटना हो या किसी जीव के घायल होने की सूचना, वे तुरंत मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराती हैं, पशु चिकित्सकों से संपर्क कर इलाज सुनिश्चित कराती हैं तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था भी करती हैं।उनके इस निस्वार्थ सेवा कार्य से अनेक बेजुबान जीवों को नया जीवन मिला है।
पढ़ाई भी, सेवा भी
निधि सोनी वर्तमान में अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही हैं। मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें लगातार रेस्क्यू और सहायता के लिए कॉल आते हैं, जिन पर वे अपनी क्षमता के अनुसार तुरंत कार्रवाई करती हैं।
सर्पदंश पर दी महत्वपूर्ण सलाह
निधि सोनी का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या घरेलू उपचार के भरोसे समय बिल्कुल न गंवाएं। पीड़ित को तुरंत निकटतम अस्पताल पहुंचाना ही सबसे सुरक्षित और वैज्ञानिक उपाय है। समय पर उपचार मिलने से अधिकांश लोगों की जान बचाई जा सकती है।
बरसात में रखें विशेष सावधानी
उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में यदि घर या आसपास सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं। उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें। प्रशिक्षित सर्प मित्र, वन विभाग या रेस्क्यू टीम को सूचना दें ताकि सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनीं ग्राम हरेठी की बेटी निधि सोनी
कम उम्र में सेवा, साहस और जीव संरक्षण का जो उदाहरण निधि सोनी ने प्रस्तुत किया है, वह आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुका है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सही प्रशिक्षण, अनुशासन और सेवा भाव के साथ हर युवा पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
निधि सोनी का यह समर्पण केवल वन्यजीव संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि संवेदनशीलता, साहस और सेवा की भावना से कोई भी व्यक्ति समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकता है। उनके कार्य निश्चित रूप से नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं और जीव-जंतुओं के प्रति मानवीय दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहे हैं।

