तहसीलों का चक्कर हुआ खत्म-शक्ति जिले में सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से तत्काल बन रहे आय- जाति- निवास प्रमाण पत्र सहित 41 सेवाएं लोगों को मिल रहा बेहतर लाभ


तहसीलों का चक्कर हुआ खत्म-शक्ति जिले में सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से तत्काल बन रहे आय- जाति- निवास प्रमाण पत्र सहित 41 सेवाएं लोगों को मिल रहा बेहतर लाभ
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
शक्ति -मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के लिए संचालित सेवा सेतु केंद्र जनसेवा और सुशासन का सशक्त माध्यम बनकर लोगों को राहत पहुंचा रही है। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिले में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को समय पर शासकीय सेवाओं का लाभ मिल रहा है। इसी क्रम में ग्राम कुम्हारीपठान निवासी श्री राज कुमार सिदार ने अपनी पुत्री गीतांजली के लिए जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने हेतु सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किया। सेवा सेतु केंद्र द्वारा आवेदन का सफलतापूर्वक ऑनलाइन पंजीयन कर संबंधित विभाग को अग्रेषित किया गया। निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात हितग्राही को सभी आवश्यक प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए। समय पर प्रमाण पत्र प्राप्त होने से राज कुमार सिदार की लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर हो गई। साथ ही उनकी पुत्री के लिए विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने का मार्ग भी सुगम हो गया। सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से उन्हें सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से शासकीय सेवाओं का लाभ मिला, जिससे शासन की जनहितकारी व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ। राज कुमार सिदार ने बताया कि उन्हें अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद थी, लेकिन इतनी शीघ्र कार्रवाई होने से वे बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु केंद्र आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है और इसके माध्यम से लोगों को समय पर राहत मिल रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की संवेदनशील और जनहितैषी कार्यप्रणाली से आम नागरिकों को वास्तविक लाभ मिल रहा है। जरूरतमंद लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें समय पर राहत प्रदान की जा रही है, जो सुशासन की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई सेवा सेतु केंद्र की पहल के तहत अब आय, जाति, निवास प्रमाण-पत्र, विवाह प्रमाण-पत्र, नाम परिवर्तन तथा भू-नकल सहित 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म सेवा सेतु पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। सेवा सेतु ने नागरिकों को वन स्टॉप सॉल्यूशन उपलब्ध कराया है। अब लोग ऑनलाइन आवेदन कर निर्धारित समय-सीमा में सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। यह पहल केवल तकनीकी बदलाव नहीं, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत भी मानी जा रही है। इससे आम लोगों का शासन व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हो रहा है।
30 से अधिक विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े
पूर्व में ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं। आमजन की आवश्यकताओं को देखते हुए इसका उन्नत संस्करण “सेवा सेतु” विकसित किया गया, जिसमें अब 441 से अधिक सेवाएं शामिल की गई हैं। इनमें 54 नई सेवाएं जोड़ी गई हैं, जबकि विभिन्न विभागों की 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का एकीकरण भी किया गया है। तीस से अधिक विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं, जिससे नागरिकों को अलग-अलग पोर्टल पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा। इससे प्रशासनिक प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनी है। पूर्व में कॉमन सर्विस सेंटर के नाम से संचालित केंद्रों में शासन के कुछ ही सेवाएं उपलब्ध थी अब राज्य सरकार द्वारा सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन सहित विभिन्न नागरिक सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे शासन की जनहितकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों को मजबूती मिल रही है।

