शक्ति जिले की 20 अप्रैल की 10 जरूरी खबरें आपकी एक साथ एक ही लिंक पर- जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण जानकारियां आपके लिए



शक्ति जिले की 20 अप्रैल की 10 जरूरी खबरें आपकी एक साथ- जिला प्रशासन एवं महत्वपूर्ण जानकारियां आपके लिए
शक्ति छत्तीसगढ़ से कन्हैया गोयल की खबर
वेेदांता पावर लिमिटेड प्लांट दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच—29 अप्रैल को आमजन से साक्ष्य एवं दस्तावेज आमंत्रित
शक्ति -सक्ती जिले के डभरा ब्लाक के अंतर्गत वेदांता पावर लिमिटेड, सिंघीतराई स्थित प्लांट में 14 अप्रैल 2026 को बॉयलर यूनिट–1 में तकनीकी खराबी के कारण हुई गंभीर दुर्घटना में 34 श्रमिक प्रभावित हुए थे, जिनमें से कई श्रमिकों की मृत्यु हुई। इस गंभीर घटना की तह तक जाने और वास्तविक कारणों का पता लगाने हेतु आयुक्त, बिलासपुर संभाग द्वारा जांच अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।जांच संबंधी कार्यवाही की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु आमजन, प्रत्यक्षदर्शी तथा संबंधित पक्षों को साक्ष्य या दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया गया है। इसके लिए दिनांक 29 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक, कार्यालय आयुक्त, बिलासपुर संभाग में सुनवाई रखी गई है।यदि कोई व्यक्ति दुर्घटना से जुड़े तथ्यों, दस्तावेजों या महत्वपूर्ण जानकारी को प्रस्तुत करना चाहता है तो निर्धारित तिथि एवं समय पर कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी बात रख सकता है।आयुक्त, बिलासपुर संभाग ने कहा है कि इस जांच का उद्देश्य दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना, दोषियों की जिम्मेदारी तय करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम सुनिश्चित करना है। इसलिए आमजन से अपेक्षा है कि वे उपलब्ध तथ्यों के साथ सहयोग प्रदान करें
त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026: जिला स्तरीय शिकायत सेल का गठन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी की गई निर्धारित
सक्ती-जिले में त्रिस्तरीय पंचायतों के आगामी उप निर्वाचन 2026 के तहत निर्वाचन नामावली के पुनरीक्षण का कार्य प्रभावशील है और उप निर्वाचन प्रस्तावित है। इस दौरान निर्वाचन से संबंधित प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिला स्तर पर शिकायत सेल का गठन किया गया है। यह शिकायत सेल कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक-03, भू-अभिलेख शाखा, सक्ती में संचालित होगा। यहां शिकायतों के निराकरण के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। भू-अभिलेख शाखा में अधीक्षक श्री बैजू लाल कंवर को शिकायत सेल का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है, सहायक अधीक्षक श्रीमती शिल्पा मेहर को सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में राजस्व निरीक्षक श्री मनीष राज सिदार एवं राजस्व निरीक्षक श्री महेश कुमार देवांगन को सहायक के रूप में नियुक्त किया गया है। साथ ही मानचित्रकार श्री महेश राम उरांव को डाक सहयोग का दायित्व दिया गया है। शिकायत सेल में तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्रभारी अधिकारी के मार्गदर्शन में कार्य संपादित करेंगे।
जिले में संतुलित उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक की गई आयोजित
शक्ति -कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में कार्यालय उप संचालक कृषि, जिला सक्ती के सभाकक्ष में संतुलित उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने हेतु प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अनुविभागीय कृषि अधिकारी एवं सहायक मृदा परीक्षण अधिकारी, सक्ती द्वारा हरी खाद के उपयोग, नील हरित काई के निर्माण तथा इसके उपयोग की विधियों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि इन उपायों के अपनाने से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है, जिससे फसल की लागत घटती है और दीर्घकालिक मृदा उर्वरता एवं स्थिरता में सुधार होता है। जिले के किसानों से अपील की गई है कि जिनके पास सुनिश्चित सिंचाई सुविधा है, वे आगामी मानसून से पूर्व धान की रोपाई के 40-45 दिन पहले हरी खाद वाली फसलों जैसे सनई एवं ढेंचा की बुआई के लिए योजना तैयार करें। साथ ही किसानों को जागरूक करने, उनकी क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को इस दिशा में प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। उप संचालक कृषि, जिला सक्ती ने सभी मैदानी अमले को निर्देशित किया कि खरीफ वर्ष 2026 के लिए संतुलित उर्वरकों के उपयोग को लेकर ग्राम स्तर एवं समितियों में चौपाल के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक किसान का फार्मर आईडी बनाने हेतु विशेष अभियान चलाने और पात्र किसानों का पीएम किसान सम्मान निधि योजना में पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय कृषि बीज प्रगुणन प्रक्षेत्र रगजा में नील हरित काई उत्पादन तकनीक का जीवंत प्रदर्शन भी कराया गया, जिससे अधिकारियों को व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम मे जिले के चारों विकासखंड सक्ती, मालखरौदा, जैजैपुर एवं डभरा के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे
भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने की अपील, लू से बचाव के लिए बरतें सावधानी
शक्ति -जिले में अप्रैल माह से ही भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंचने और दोपहर से रात तक गर्म हवाएं चलने के कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है तथा लू की स्थिति बनने लगी है। इसे देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री अमृत विकास तोपनो ने आम नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया है कि जब तापमान अपेक्षित स्तर से काफी अधिक हो जाता है और कई दिनों तक गर्म हवाएं चलती रहती हैं, तब लू की स्थिति बन जाती है। तेज धूप में अधिक समय तक रहने से शरीर में मौजूद पानी और खनिज लवण पसीने के माध्यम से बाहर निकल जाते हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है और लू लगने की संभावना बढ़ जाती है। लू लगने की स्थिति में शरीर का तापमान बढ़ जाता है और कई बार पसीना भी नहीं आता, अत्यधिक प्यास लगती है तथा पेशाब कम होने लगता है। इसके साथ ही सिर में भारीपन और दर्द, चक्कर आना, उल्टी होना, शरीर में कमजोरी और दर्द महसूस होना, तेज बुखार के साथ मुंह सूखना तथा आंखों के सामने अंधेरा छाना या बेहोशी जैसी स्थिति भी हो सकती है।कलेक्टर श्री तोपनो ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से तेज धूप में बाहर न निकलें। यदि बहुत जरूरी हो तो बाहर निकलने से पहले पर्याप्त पानी या भोजन कर लें तथा सिर को टोपी, गमछा या कपड़े से ढककर रखें। धूप में निकलते समय आंखों पर चश्मा लगाने और समय-समय पर पानी अथवा अन्य तरल पदार्थ पीते रहने की सलाह भी दी गई है। यदि किसी व्यक्ति को लू के लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत ठंडी और छायादार स्थान पर ले जाकर आराम कराएं, शरीर को ठंडे पानी से पोंछें तथा आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए ले जाएं। जिला प्रशासन ने कहा है कि गर्मी के इस मौसम में सभी लोग लू के प्रभाव को गंभीरता से लें और आवश्यक सावधानी बरतते हुए सुरक्षित रहें। आपात स्थिति में मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए विभागीय एम्बुलेंस एवं संजीवनी एक्सप्रेस 108 की सेवा ली जा सकती है। वहीं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और परामर्श के लिए स्वास्थ्य विभाग के टोल फ्री नंबर 104 पर संपर्क किया जा सकता है
सफलता की कहानी-महतारी वंदन योजना से मिली नई दिशा, प्रेम बाई ने गुपचुप ठेले से बढ़ाई पारिवारिक आय।आत्मनिर्भर बनकर परिवार को दे रहीं मजबूत सहारा
शक्ति -महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु संचालित महतारी वंदन योजना ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है। इसी क्रम में विकासखंड सक्ती के ग्राम भूरसीडीह की निवासी श्रीमती प्रेम बाई पटेल की कहानी प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत करती है। श्रीमती प्रेम बाई पटेल को योजना के अंतर्गत प्रतिमाह आर्थिक सहायता राशि प्राप्त हो रही है तथा उन्हें अब तक 26वीं किस्त मिल चुकी है। इस नियमित सहयोग से उनके जीवन में उल्लेखनीय सुधार आया है। श्रीमती प्रेम बाई ने प्राप्त राशि का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए गुपचुप (पानीपुरी) का ठेला प्रारंभ किया। वे गांव की गलियों में घूम-घूमकर गुपचुप विक्रय करती हैं, जिससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है। वर्तमान में यह छोटा व्यवसाय उनके परिवार के लिए आय का सशक्त माध्यम बन गया है। इसके साथ ही वे इस राशि का उपयोग घरेलू आवश्यकताओं जैसे राशन एवं अन्य जरूरी सामग्री की पूर्ति में भी कर रही हैं, जिससे परिवार का भरण-पोषण सुगम हुआ है। प्रेम बाई बताती हैं कि पूर्व में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, किंतु अब उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है, आत्मविश्वास बढ़ा है तथा स्वावलंबन की भावना विकसित हुई है। उन्होंने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल 2026: विशेष ग्राम सभा व विभिन्न गतिविधियों का किया जाएगा आयोजन
शक्ति -जिले में पंचायती राज दिवस दिनांक 24 अप्रैल 2026 के अवसर पर विशेष ग्राम सभा एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1993 में 73वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायती राज व्यवस्था को संवैधानिक दर्जा मिलने की ऐतिहासिक शुरुआत का प्रतीक है।जिला पंचायत सक्ती से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल 2026 को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित किया जाना है, जिसमें ग्राम के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ वरिष्ठ एवं सम्मानित नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। ग्राम संवाद के अंतर्गत ग्रामवासियों को माननीय उप मुख्यमंत्री, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का लगभग 20 मिनट का रिकॉर्डेड ऑडियो संदेश भी सुनाया जाएगा। इस अवसर पर ग्राम संपदा एप में ग्राम की समस्त परिसंपत्तियों के अपलोड का संकल्प लिया जाएगा। साथ ही आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत (हमारा कोष–हमारा अधिकार) के तहत समर्थ पोर्टल के माध्यम से शत-प्रतिशत कर आरोपण एवं वसूली सुनिश्चित करने का संकल्प भी पारित किया जाएगा। ग्राम सभा के दौरान ऐसे व्यक्तियों का सम्मान किया जाएगा जिन्होंने कला, नृत्य, खेल अथवा अन्य विधाओं में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। इसके साथ ही उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं स्वयं सहायता समूह की लखपति दीदियों को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए तैयार पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (पाई 1.0 एवं 2.0) के स्कोर कार्ड का प्रदर्शन किया जाएगा तथा स्वच्छता को बढ़ावा देने हेतु सार्वजनिक एवं शासकीय भवनों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का संकल्प लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सामुदायिक संसाधनों के संरक्षण से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी तथा ग्राम पंचायत को आदर्श ग्राम पंचायत बनाने का संकल्प लिया जाएगा। “मोर गांव मोर पानी” अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण के प्रयासों पर भी विस्तृत चर्चा होगी। ग्राम सभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग कर “ग्राम सभा निर्णय” (जीएस निर्णय) मोबाइल एप में अपलोड किया जाएगा। साथ ही ग्राम सभा की सभी गतिविधियों को ग्राम सभा पोर्टल एवं जीडीजीपी पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की त्रुटि सुधार हेतु अंतिम तिथि 21 अप्रैल तक
शक्ति -मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रदेश में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु सूचना जारी कर दी गई है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लेट तथा एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए राज्य में प्रयास आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं। वर्ष 2026-27 में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 अप्रैल 2026 तक पूरी कर ली गई है, आवेदन के दौरान जिन छात्र छात्राओ से किसी भी प्रकार की त्रुटि हो गई है, तो उन्हे सुधार करने का अंतिम तिथि 21 अप्रैल 2026 तक सुधार किया जा सकता है। इच्छुक छात्र-छात्राएं कार्यालय आदिवासी विकास विभाग सक्ती मे कार्यालयीन समय पर उपस्थित होकर अपने आवेदन में त्रुटि सुधार करा सकते है। निर्धारित तिथि के बाद किसी भी प्रकार के सुधार का अवसर नहीं दिया जायेगा, और आवेदन पत्र निरस्त होने की स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी की होगी।



